कर्नाटक के कॉलेज में कांग्रेस नेता की बेटी की हत्या: पूर्व क्लासमेट ने चाकू से शरीर पर 7 वार किए; प्रपोजल ठुकराने से नाराज था

बेंगलुरु11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
तस्वीर कॉलेज कैंपस में लगे CCTV की है। इसमें आरोपी फैयाज नेहा पर चाकू से हमला करते दिख रहा है। - Dainik Bhaskar

तस्वीर कॉलेज कैंपस में लगे CCTV की है। इसमें आरोपी फैयाज नेहा पर चाकू से हमला करते दिख रहा है।

कर्नाटक के हुबली स्थित बीवीबी कॉलेज कैंपस में गुरुवार (18 अप्रैल) को कांग्रेस नेता की बेटी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें आरोपी युवती पर हमला करता हुआ दिखा।

युवक ने युवती के गले, पेट सहित शरीर पर चाकू से 7 वार किए। इस दौरान युवक को भी चोटें आईं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां युवती को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

युवती की पहचान 23 साल की नेहा हिरेमथ के रूप में की गई है। वह कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी थी। युवती बीवीबी कॉलेज में एमसीए फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी। आरोपी युवक उसी कॉलेज का ड्रॉपआउट स्टूडेंट है।

उसकी पहचान 23 साल के फैयाज खोंडुनाईक के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि युवक और युवती एक दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों बीसीए के दौरान क्लासमेट थे। युवती ने उसका प्रपोजल ठुकरा दिया था, जिसके कारण उसने घटना को अंजाम दिया।

मृतक नेहा और आरोपी फैयाज की तस्वीर।

मृतक नेहा और आरोपी फैयाज की तस्वीर।

आरोपी ने पहले बात की, फिर चाकू से हमला किया
पुलिस के मुताबिक, घटना शाम 5 बजे की है। CCTV फुटेज में दिखा कि नेहा कॉलेज कैंपस से बाहर जा रही थी। इसी दौरान फैयाज उसके सामने आ गया। दोनों के बीच पहले कुछ बातचीत हुई, इसके बाद फैयाज ने नेहा पर चाकू से हमला कर दिया।

पहली बार चाकू लगते ही नेहा जमीन पर गिर गई। फिर फैयाज ने उस पर एक के बाद एक छह बार चाकू से वार किए। हमले के बाद फैयाज ने भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ छात्रों ने उसका पीछा किया और पकड़ लिया।

कॉलेज के स्टाफ और दूसरे स्टूडेंट्स नेहा को अस्पताल ले गए। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। फैयाज ने पूछताछ के दौरान बताया कि नेहा उसके साथ रिलेशनशिप में थे। कुछ दिनों से अचानक वह उससे दूर रहने लगी थी। इसलिए उसने घटना को अंजाम दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कॉलेज प्रबंधन और नेहा के माता-पिता को उनकी दोस्ती पर आपत्ति थी। नेहा के माता-पिता ने उसके कॉलेज जाने पर भी रोक लगा दी थी। इसके कारण नेहा फैयाज से दूर रहने लगी थी।

खबरें और भी हैं…