एक डॉलर की कीमत 80 रुपए के करीब: कमजोर होते रुपए पर संसद में सवाल, केंद्र ने कहा- 2014 से रुपए की कीमत 25% गिरी

नई दिल्ली6 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होकर 80 के करीब पहुंच गया है। सोमवार को ये 15 पैसे कमजोर होकर रिकॉर्ड 79.97 पर बंद हुआ। इस बीच आज से शुरू हुए संसद के मानसून सत्र में भी रुपए के टूटने का मुद्दा उठा।

लोकसभा में इससे जुड़े एक प्रश्न के लिखित जबाव में केंद्र सरकार ने माना कि बीते 8 साल में (दिसंबर 2014 के बाद) डॉलर के मुकाबले रुपए की कीमतों में 16.08 रुपए (25.39%) की गिरावट आई है। जनवरी 2022 से अमेरिकी डॉलर के मुकाबले डोमेस्टिक करेंसी में लगभग 7.5% की गिरावट आई है। जनवरी में रुपया 73.50 के करीब था।

कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर भी एक कारण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रुपए के टूटने के कारण बताए। उन्होंने कहा, ‘रूस-यूक्रेन जंग जैसे ग्लोबल फैक्टर, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और ग्लोबल फाइनेंशियल कंडीशन्स का कड़ा होना, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए के कमजोर होने के प्रमुख कारण हैं।’ उन्होंने कहा, ‘ब्रिटिश पाउंड, जापानी येन और यूरो जैसी करेंसी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए की तुलना में ज्यादा कमजोर हुई हैं और इसलिए, भारतीय रुपया 2022 में इन करेंसीज के मुकाबले मजबूत हुआ है।’

सीतारमण ने यह भी कहा कि कमजोर करेंसी एक्सपोर्ट को कॉम्पिटिटिव बनाता है लेकिन इससे इंपोर्ट भी महंगा बन जाता है। उन्होंने कहा, भारतीय रिजर्व बैंक नियमित रूप से विदेशी मुद्रा बाजार की निगरानी करता है और एक्सेस वोलेटिलिटी (अतिरिक्त अस्थिरता) में हस्तक्षेप करता है। विदेशी निवेशकों ने वित्त वर्ष 2022-23 में अब तक करीब 14 अरब डॉलर निकाले हैं। सिर्फ जुलाई में ही FPI ने 7400 करोड़ रुपए की निकासी भारतीय बाजारों से की है।

कैसे तय होती है करेंसी की कीमत?
करेंसी के उतार-चढ़ाव के कई कारण होते हैं। डॉलर की तुलना में किसी भी अन्य करेंसी की वैल्यू घटे तो इसे उस करेंसी का गिरना, टूटना, कमजोर होना कहते हैं। अंग्रेजी में – करेंसी डेप्रिशिएशन। हर देश के पास विदेशी मुद्रा का भंडार होता है, जिससे वह अंतरराष्ट्रीय लेन-देन करता है।

विदेशी मुद्रा भंडार के घटने और बढ़ने से उस देश की मुद्रा की चाल तय होती है। अगर भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में डॉलर, अमेरिका के रुपयों के भंडार के बराबर है तो रुपए की कीमत स्थिर रहेगी। हमारे पास डॉलर घटे तो रुपया कमजोर होगा, बढ़े तो रुपया मजबूत होगा।

कहां नुकसान या फायदा?
नुकसान: कच्चे तेल का आयात महंगा होगा, जिससे महंगाई बढ़ेगी। देश में सब्जियां और खाद्य पदार्थ महंगे होंगे। वहीं भारतीयों को डॉलर में पेमेंट करना भारी पड़ेगा। यानी विदेश घूमना महंगा होगा, विदेशों में पढ़ाई महंगी होगी।

फायदा: निर्यात करने वालों को फायदा होगा, क्योंकि पेमेंट डॉलर में मिलेगा, जिसे वह रुपए में बदलकर ज्यादा कमाई कर सकेंगे। इससे विदेश में माल बेचने वाली IT और फार्मा कंपनी को फायदा होगा।

करेंसी डॉलर-बेस्ड ही क्यों और कब से?
फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में अधिकांश मुद्राओं की तुलना डॉलर से होती है। इसके पीछे द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान हुआ ‘ब्रेटन वुड्स एग्रीमेंट’ है। इसमें एक न्यूट्रल ग्लोबल करेंसी बनाने का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि, तब अमेरिका अकेला ऐसा देश था जो आर्थिक तौर पर मजबूत होकर उभरा था। ऐसे में अमेरिकी डॉलर को दुनिया की रिजर्व करेंसी के तौर पर चुन लिया गया।

कैसे संभलती है स्थिति?
मुद्रा की कमजोर होती स्थिति को संभालने में किसी भी देश के केंद्रीय बैंक का अहम रोल होता है। भारत में यह भूमिका रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की है। वह अपने विदेशी मुद्रा भंडार से और विदेश से डॉलर खरीदकर बाजार में उसकी मांग पूरी करने का प्रयास करता है। इससे डॉलर की कीमतें रुपए के मुकाबले स्थिर करने में कुछ हद तक मदद मिलती है।

खबरें और भी हैं…