इवनिंग न्यूजब्रीफ: पसीना पोंछने को लड़कियां रखते थे पार्थ चटर्जी, राजस्थान में साधु बोला-108 दिन में 21 बार संबंध बनाओ-दोष कटेगा, सलमान को मिला गन-लाइसेंस

  • Hindi News
  • Women
  • Partha Chatterjee Used To Keep Girls To Wipe The Sweat, In Rajasthan The Sadhu Said 108 Make A Relationship 21 Times In A Day The Blame Will Be Cut, Salman Got The Gun license

नई दिल्ली5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

अगर आप दिनभर की भागदौड़ में किसी खबर से चूक गई हैं तो हम आपके लिए लाए हैं इवनिंग न्यूज ब्रीफ। इसमें आपको मिलेंगी देश, विदेश, बिजनेस, खेल और मनोरंजन जगत की सभी अहम खबरें, जिसे मात्र 2 मिनट में पढ़कर आप अपने आपको रख सकेंगी अपडेट।

1. पति हुए शहीद तो बोली वीरांगना- दोनों बेटों को भी फौज में भेजूंगी

संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में अफ्रीका के कांगो में तैनात राजस्थान के BSF जवान सांवलाराम विश्नोई 26 जुलाई को हिंसक प्रदर्शन के दौरान शहीद हो गए। दैनिक भास्कर से बातचीत में शहीद की पत्नी रुखमणी ने बताया कि अब दोनों बेटों को भी देश की रक्षा के लिए फौज में भेजूंगी। शहीद के पिता ने बताया कि सांवलाराम जब भी छुट्टी पर घर आते तब देश की सेवा की बातें करते थे। पत्नी से कहते थे- ‘मैं रहूं या न रहूं, सैनिक की पत्नी हो हमेशा गर्व से रहना।’

2. पसीना पोंछने के लिए भी लड़कियां रखते थे पार्थ चटर्जी, TMC की पूर्व महिला नेता का आरोप

टीचर भर्ती घोटाले में गिरफ्तार पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी अय्याशी के साथ जीते थे। दैनिक भास्कर के साथ बातचीत में TMC की पूर्व नेता बैसाखी बनर्जी ने उनके कई राज खोले हैं। उन्होंने बताया कि पार्थ हमेशा तीन-चार लड़कियों से घिरे रहते थे। ये लड़कियां उनके पसीने तक पोंछती थी। साथ ही उन्होंने बताया कि एक्ट्रेस अर्पिता मुखर्जी और पार्थ का अफेयर चल रहा था। पार्थ को अर्पिता पर इतना भरोसा था कि उन्होंने उसके घर पर 50 करोड़ नकद रखवाए थे।

3. अब बंदूक लेकर चलेंगे सलमान खान, धमकी के बाद मिला लाइसेंस

बॉलीवुड स्टार सलमान खान अब बंदूक साथ रखेंगे। उनको मुंबई पुलिस ने गन रखने का लाइसेंस दे दिया है। दरअसल, कुछ दिन पहले सुपर स्टार मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फनसालकर से मिले थे और आत्मसुरक्षा का हवाला देते हुए हथियार रखने की एप्लिकेशन दी थी। सलमान को 5 जून को जान से मारने की धमकी मिली थी। लेटर में लिखा था कि सलमान जल्द ही तुम्हारा हाल मूसेवाला जैसा होगा। खबर है कि सलमान खान अपनी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं। उन्होंने अपनी गाड़ी को भी बुलेट-प्रूफ करवाया है।

4. जबलपुर के अस्पताल में भीषण आग, 10 मरे, दर्जन भर से अधिक बुरी तरह झुलसे

मध्यप्रेदश के जबलपुर में एक प्राइवेट अस्पताल में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। देखते ही देखते आग ने अस्पताल के तीनों फ्लोर को चपेट में ले ली। आग से पूरा अस्पताल ख़ाक हो गया। हादसे में अब तक 10 लोगों के मारे जाने की खबर है। एक दर्जन से अधिक लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। मरने वालों में 4 अस्पताल के स्टाफ हैं। मौत का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।

5. दोष दूर करने के लिए साधु का उपाय- 108 दिन में 21 बार संबंध बनाओ, इनकार करने पर जबरदस्ती

राजस्थान के जालोर स्थित भगवान दत्तात्रेय आश्रम में कालदोष दूर करने के नाम रेप का मामला सामने आया है। आरोपी पुजारी पीड़िता पर कालदोष दूर करने के नाम पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि पुजारी ने कहा कि 108 दिन में 21 बार मेरे साथ संबंध बनाने पड़ेंगे। इससे तेरा कालदोष मेरे ऊपर आ जाएगा। पीड़िता के इनकार करने पर आरोपी साधु ने उसके साथ जबरदस्ती की और उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। इस काम में आरोपी साधु का साथ आश्रम की महिला संचालिका दे रही थी।

6. पेंसिल खोने पर मां ने डांटा तो बच्ची ने PM को लिखी चिट्ठी, बोली- आपने महंगी कर दी पेंसिल

पेंसिल खोने पर मां से मिली डांट के बाद यूपी के कन्नौज की 5 साल की बच्ची ने पीएम मोदी को एक शिकायती चिट्ठी लिखी। चिट्ठी में मासूम ने लिखा कि “मेरा नाम कृति दुबे है। मैं कक्षा 1 में पढ़ती हूं। मोदीजी, आपने बहुत अधिक महंगाई कर दी है, यहां तक कि मेरी पेंसिल और रबर (इरेजर) भी महंगी कर दी और मैगी के दाम भी बढ़ा दिए हैं। अब मेरी मां पेंसिल मांगने पर मारती है, मैं क्या करूं? बच्चे मेरी पेंसिल चोरी कर लेते हैं।”

7. 16 साल की बुआ ने तलवार से मासूम भतीजी को काटा, घरवाले बोले- माता आई थी

तंत्र-मंत्र के चक्कर में पड़ राजस्थान के डूंगरपुर में नाबालिग बुआ ने अपनी मासूम भतीजी की गला काटकर हत्या कर दी। रविवार रात मृतक के परिवार में माता की मूर्ति स्थापित कर पूजा की गई थी। पूजा में नाबालिग लड़की का पूरा परिवार शामिल हुआ था। देर रात नाबालिग में माता का असर आने का दावा किया गया। वह बाल खोलकर सिर घुमाने लगी। लड़की कह रही थी- मैं सबको मार डालूंगी। जिसके बाद उसने घर में सो रही 7 साल की भतीजी की तलवार से गर्दन काट कर हत्या कर दी।

8. कन्यादान से इनकार करने वाली IAS की बहन निर्विरोध बनीं जनपद अध्यक्ष

पिछले साल कन्यादान को गलत प्रथा बताकर अपनी शादी में इसके इनकार करने वाली IAS तपस्या परिहार की छोटी बहन एमपी के नरसिंहपुर की करेली जनपद पंचायत की निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई हैं। 25 साल की प्रतिज्ञा परिहार भी अपनी बड़ी बहन की तरह IAS बनना चाहती थीं। लेकिन सफलता नहीं मिलने के बाद उन्होंने राजनीति में आकर लोगों की सेवा करने का मन बनाया। प्रतिज्ञा को चुनाव लड़ने के लिए उनके विधायक चाचा जालम सिंह ने प्रेरित किया था।

9. मार्गरेट अल्वा ने की प्रेसिडेंट मुर्मू की तारीफ, कहा- वोटर होती तो उन्हें ही वोट देती

दैनिक भास्कर के साथ विशेष बातचीत में उप राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष की ओर से चुनाव मैदान में उतरीं मार्गरेट अल्वा ने प्रेसिडेंट द्रौपदी मुर्मू की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू इतनी अच्छी प्रत्याशी थीं कि अगर इस चुनाव में मतदान का उनको हक होता तो वह मुर्मू को ही वोट देतीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी को चुनकर देश ने आदिवासी समाज को आवाज दी है। उनको हमेशा हकों के लिए लड़ना पड़ा है।

10. मीराबाई चानू के ओलिंपिक गोल्ड जीतने के बाद घरवाले ढूंढेंगे उनका दूल्हा

कॉमनवेल्थ गेम में गोल्ड मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली वेटलिफ्टर मीराबाई चानू 2024 के ओलिंपिक में गोल्ड जीतने के बाद शादी करेंगी। वुमन भास्कर से खास बातचीत में मीराबाई के कजन बिनॉय ने बताया कि अब तो पेरिस ओलिंपिक का इंतजार है। 2024 ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतना मीराबाई का सपना है। इसके बाद वो शादी करेंगी। मीराबाई ने पिछले टोक्यो ओलिंपिक में सिल्वर जीतने के बाद मीराबाई पूरे देश में मशहूर हुई थीं।

आप इस न्यूज ब्रीफ को शेयर भी कर सकती हैं…

खबरें और भी हैं…