अमेठी से चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी: मूसेवाला मर्डर की प्रैक्टिस अयोध्या में हुई थी; कोहली के इंटरनेशनल क्रिकेट में 15 साल पूरे

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Rahul Gandhi Vs Smriti Irani | Chandrayaan 3 Moon Landing

5 मिनट पहलेलेखक: शुभांक शुक्ला, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर राजनीति से जुड़ी रही। राहुल गांधी यूपी के अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। इधर, खुलासा हुआ है कि सिंगर मूसेवाला के मर्डर की प्रैक्टिस अयोध्या में हुई थी। शूटर एक नेता के फॉर्म हाउस में रुके थे। हम आपको आगे मणिपुर के जंगल में मिले कटे-फटे शव के बारे में बताएंगे…

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर…

  1. दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर रायपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगे। वे राज्य के लोगों के लिए गारंटी पत्र जारी करेंगे, जो चुनावी घोषणा पत्र का हिस्सा है। केजरीवाल के साथ पंजाब सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे।
  2. राजस्थान चुनाव को लेकर जयपुर में आज कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक होगी। इसमें सीएम अशोक गहलोत और डिप्टी सीएम सचिन पायलट चुनावी रणनीति तैयार करेंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. अमेठी से चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी, UP के कांग्रेस अध्यक्ष बनते ही अजय राय का दावा

अजय राय को गुरुवार को ही यूपी पार्टी अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने अमेठी से राहुल के चुनाव लड़ने की बात वाराणसी में कही।

अजय राय को गुरुवार को ही यूपी पार्टी अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने अमेठी से राहुल के चुनाव लड़ने की बात वाराणसी में कही।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी। इसके साथ ही उन्होंने प्रियंका गांधी से वाराणसी से चुनाव लड़ने की गुजारिश की है। राय ने आगे कहा कि स्मृति ईरानी ने वादा किया था कि कमल का बटन दबाइए 13 रुपए किलो चीनी मिलेगी, क्या वो दिलवा पाईं?

ये खबर अहम क्यों है: राहुल गांधी 2004 से लगातार तीन बार अमेठी से सांसद रह चुके हैं। इसके बाद 2019 में उन्हें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने 55 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया। माना जाता है कि राहुल को पहले से ही इस हार की आशंका थी इसलिए उन्होंने केरल की वायनाड सीट से भी नामांकन दाखिल किया था। वहां से राहुल बड़े मतों से जीतकर लोकसभा पहुंचे थे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. कोहली के इंटरनेशनल क्रिकेट में 15 साल पूरे, 22 गज की पिच पर 500 KM से ज्यादा दौड़े

विराट कोहली के इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने के 15 साल पूरे हो गए हैं। कोहली ने 18 अगस्त, 2008 को श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था। इंटरनेशनल करियर में विराट ने अब तक 501 मैच में 76 शतक की मदद से 25,582 रन बनाए हैं। उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में शतक और टी-20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में अर्धशतक लगाया था।

ये खबर अहम क्यों है: कोहली ने अपने 15 साल के करियर में क्रिकेट की पिच पर 510 किलोमीटर रनिंग की है। उन्होंने अपने रन के लिए 277 किमी दौड़ लगाई, जबकि अपने पार्टनर के लिए दौड़ते हुए 233 किमी की दूरी तय की। इनमें वही रन शामिल हैं जो उन्होंने दौड़कर बनाए, यानी इनमें बाउंड्री की दौड़ शामिल नहीं है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. मूसेवाला मर्डर की अयोध्या में प्रैक्टिस हुई, एक नेता के फार्म हाउस में रुके थे शूटर

गैंगस्टर लॉरेंस के भांजे सचिन थापन ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अयोध्या में मूसेवाला के मर्डर की प्रैक्टिस की थी।

गैंगस्टर लॉरेंस के भांजे सचिन थापन ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अयोध्या में मूसेवाला के मर्डर की प्रैक्टिस की थी।

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों ने अयोध्या में हथियार चलाने की प्रैक्टिस की थी। सभी हत्यारे एक नेता के फार्म हाउस में रुके थे। दिल्ली पुलिस की पूछताछ में गैंगस्टर लॉरेंस के भांजे सचिन थापन ने ये खुलासा किया है। जांच में पुलिस को कुछ फोटो भी मिले हैं। जिनमें सचिन थापन के साथ लॉरेंस के दो प्रमुख शूटर सचिन भिवानी और कपिल पंडित भी नजर आ रहे हैं।

ये खबर अहम क्यों है: पंजाब में 29 मई 2022 को मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी। उनकी एसयूवी कार को सड़क पर ओवरटेक करके गोलियां दागी गई थीं। पंजाब सरकार के मुताबिक इस मामले में अब तक 29 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। दो आरोपी पुलिस एनकाउंटर में मारे गए, जबकि 5 दूसरे देशों में पनाह लिए हुए हैं। इन्हें भारत लाने की कोशिश चल रही है। इसके लिए पंजाब सरकार, केंद्र सरकार और दूसरी एजेंसियों के संपर्क में है। मूसेवाला हत्याकांड में मुख्य आरोपी लॉरेंस गैंग का गोल्डी बराड़ है, जो कनाडा में बैठा है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. अब चांद से केवल 113 Km दूर चंद्रयान-3 का लैंडर, चंद्रमा की तस्वीरें भेजीं

इसरो ने चंद्रयान-3 के लैंडर से कैद की गई चंद्रमा की तस्वीरें शेयर की हैं। जिसमें चांद की सतह पर गड्डे दिखाई दे रहे हैं। इसरो ने इन गड्ढों को फैब्री, जियोर्डाना ब्रूनो और हरखेबी जे के रूप में चिन्हित किया है। अब चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर. चंद्रमा से सबसे कम दूरी 113 Km और सबसे ज्यादा दूरी 157 Km पर है। चंद्रयान-3 की 23 अगस्त को चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग की संभावना है। इसे 14 जुलाई को लॉन्च किया गया था।

ये खबर अहम क्यों है: इसरो ने 2008 और 2019 में चंद्रयान को चांद पर उतारना चाहा, लेकिन भारत को असफलता मिली। अगर चंद्रयान-3 का लैंडर चांद पर उतरने में सफल होता है तो भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा। इससे पहले अमेरिका, रूस और चीन चंद्रमा पर अपने स्पेसक्राफ्ट उतार चुके हैं। इसरो इस मिशन के तहत चांद में रासायनिक तत्वों, मिट्टी और पानी को लेकर जानकारी जुटाना चाहता है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. जम्मू-कश्मीर के उरी में लश्कर के 8 आतंकी गिरफ्तार, हथियारों की तस्करी करते थे

इस सर्च ऑपरेशन में सेना, BSF और कश्मीर पुलिस ने बड़ी तादाद में हथियार बरामद किए हैं।

इस सर्च ऑपरेशन में सेना, BSF और कश्मीर पुलिस ने बड़ी तादाद में हथियार बरामद किए हैं।

जम्मू-कश्मीर के उरी में सुरक्षाबलों ने 8 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये लोग आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े थे। ये सभी आतंकी पाकिस्तान से हथियारों की तस्करी करते थे। इनके पास से भारी संख्या में हथियार, गोला-बारूद मिला है। इन पर UAPA और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

ये खबर अहम क्यों है: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस समय घाटी में एक्टिव आतंकियों की संख्या 50 के आसपास है। इसके अलावा 20-24 विदेशी आतंकी भी हैं। वहीं, न्यूज एजेंसी ANI ने बताया कि इस साल 1 जनवरी से 5 जुलाई तक 24 से ज्यादा ऑपरेशनों में 27 आतंकी मारे गए। इनमें से 8 स्थानीय और 19 विदेशी आतंकी थे। वहीं, 2022 में 125 आतंकी मारे गए, जिनमें से 91 स्थानीय और 34 विदेशी थे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. ओलिंपियन दुतीचंद पर 4 साल का बैन; WADA ने डोप टेस्ट किया, दोनों सैंपल पॉजिटिव

2016 रियो और 2020 टोक्यो ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी एथलीट दुतीचंद पर चार साल का बैन लगा दिया गया है। वर्ल्ड एंटी डोपिंग एजेंसी (WADA) ने उनके दो डोप टेस्ट किए थे, दोनों ही सैंपल पॉजिटिव मिले थे। उन पर प्रतिबंध 3 जनवरी 2023 से लागू माना जाएगा।

ये खबर अहम क्यों है: दुती 2018 एशियन गेम्स में देश को दो सिल्वर मेडल दिला चुकी हैं। उन्होंने 100 मीटर और 200 मीटर में सिल्वर मेडल जीते थे। इससे पहले उन्होंने एशियन चैंपियनशिप 2013 में पुणे में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वे 2017 में भुवनेश्वर में भी ब्रॉन्ज जीत चुकी हैं। दुती ने साउथ एशियन गेम्स 2016 में 100 मीटर में सिल्वर और 200 मीटर रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. मणिपुर पुलिस को जंगल में मिले कटे-फटे शव, बॉडी पर चाकू के निशान पाए गए

16 अगस्त को इंफाल पूर्व में यिंगांगपोकपी में लामलाई केंद्र गांव में वॉलेंटियर्स और ग्वालताबी के विस्थापितों ने केंद्रीय सुरक्षा बलों की वापसी और अपने घर पहुंचने के अधिकार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, जो जातीय हिंसा के दौरान जला दिए गए थे।

16 अगस्त को इंफाल पूर्व में यिंगांगपोकपी में लामलाई केंद्र गांव में वॉलेंटियर्स और ग्वालताबी के विस्थापितों ने केंद्रीय सुरक्षा बलों की वापसी और अपने घर पहुंचने के अधिकार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, जो जातीय हिंसा के दौरान जला दिए गए थे।

मणिपुर में एक बार फिर हिंसा की खबरें सामने आईं। थोवई कुकी गांव में गोलीबारी हुई। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी ली। टीम को जंगल से तीन लोगों के शव मिले। तीनों के शरीर पर तेज चाकू से चोट के निशान हैं और उनके अंग भी कटे हुए हैं।

ये खबर अहम क्यों है: मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच 3 मई से जारी हिंसा में 160 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि मणिपुर में 6523 FIR दर्ज की गई हैं। इनमें से 11 केस महिलाओं और बच्चों की हिंसा से जुड़े हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. हिमाचल में लैंडस्लाइड से 330 मौतें, स्टेट में 10 हजार करोड़ का नुकसान

हिमाचल प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से भारी बारिश जारी है। इस मानसून सीजन 55 दिनों में 113 बार लैंडस्लाइड हुई। बारिश और लैंडस्लाइड से जुड़ी घटनाओं में 330 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच राज्य सरकार ने स्टेट डिजास्टर घोषित करने का निर्णय लिया।

ये खबर अहम क्यों है: राज्य आपदा अधिकारियों के मुताबिक, हिमाचल में इस सीजन बारिश के चलते 10 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। छत्तीसगढ़ सरकार ने हिमाचल के लिए 11 करोड़ रुपए सहायता राशि देने का ऐलान किया है। बता दें कि हिमाचल में लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्र बढ़कर 17,120 हो गए हैं। इनमें भी 675 के किनारे इंसानी बस्तियां हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. जातीय गणना पर SC में 21 अगस्त को अगली सुनवाई: बिहार सरकार बोली- सर्वे का काम पूरा, याचिकाकर्ता के वकील की मांग- ब्योरा रिलीज करें (पढ़ें पूरी खबर)
  2. UP में गिरफ्तार ISI एजेंट के मैसेज समझ रहीं एजेंसियां: खुफिया जानकारियां पाकिस्तान भेजीं, मां-बाप के साथ 6 दिन पहले वहां की जेल से छूटा (पढ़ें पूरी खबर)
  3. बेंगलुरु में बना देश का पहला 3D-प्रिंटेड पोस्ट ऑफिस: 45 दिन में 1000 स्क्वायर फीट में बनाया गया, मोदी बोले- इसे देखकर हर भारतीय को गर्व होगा (पढ़ें पूरी खबर)
  4. फ्लाइट में महिला और क्रू मेंबर की आपत्तिजनक फोटो खींचीं: DCW ने FIR की कॉपी मांगी, कहा- आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ तो कारण बताएं (पढ़ें पूरी खबर)
  5. लालू यादव की जमानत रद्द कराने सुप्रीम कोर्ट पहुंची CBI: 25 अगस्त को सुनवाई होगी; तेजस्वी बोले-चुनाव तक ये लोग लगातार तंग करेंगे (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

पिता की याद में बेटे ने 280 लोगों को गदर-2 दिखाई

एक व्यक्ति ने पिता की याद में 280 लोगों को गदर-2 मूवी दिखाई। सभी लोग 20 ट्रैक्टर, 40 बाइक से थिएटर पहुंचे।

एक व्यक्ति ने पिता की याद में 280 लोगों को गदर-2 मूवी दिखाई। सभी लोग 20 ट्रैक्टर, 40 बाइक से थिएटर पहुंचे।

उज्जैन के रहने वाले धर्मेंद्र जाट ने अपने पिता की याद में पूरे गांव को गदर-2 फिल्म दिखाई। दरअसल, उनके पिता लक्ष्मीनारायण सनी देओल के फैन थे। उन्होंने खुद का नाम बदलकर गदर सेठ तक रख लिया था और 21 साल से सनी देओल के ही गेटअप में रह रहे थे। एक साल पहले ही उनकी मौत हुई है। ऐसे में उनके बेटे ने 60 हजार रुपए में हॉल बुक किया और 280 लोगों को फिल्म दिखाई। पूरी खबर पढ़ें …

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…