​​​​​G20 डिनर में राजस्थान-छत्तीसगढ़ के CM नहीं आएंगे: गहलोत-बघेल ने एयर रिस्ट्रिक्शन का हवाला दिया; गृह मंत्रालय बोला- स्टेट एयरक्राफ्ट्स पर रोक नहीं

  • Hindi News
  • National
  • President G20 Dinner Guest List; Ashok Gehlot | Chhattisgarh CM Bhupesh Baghel Absence

नई दिल्ली/ राजस्थान/छत्तीसगढ़6 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

जी20 के डिनर पार्टी में राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल नहीं होंगे। ये डिनर पार्टी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज यानी 9 सितंबर की शाम में होस्ट कर रही हैं। कांग्रेस के दोनों मुख्यमंत्रियों ने डिनर पार्टी में शामिल नहीं होने की वजह भी बताई है।

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने बताया कि जी20 समिट को लेकर दिल्ली और उसके आसपास हवाई यात्रा पर बंदिशों को लेकर वे नहीं आ पाएंगे। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि गृह मंत्रालय ने उनके हेलीकॉप्टर के लिए अप्रूवल देने से इनकार कर दिया है।

कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की नाराजगी के बीच आया फैसला कांग्रेस के दोनों मुख्यमंत्रियों का जी20 डिनर में न जाने का फैसला ऐसे वक्त में सामने आया है, जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को डिनर पार्टी में नहीं बुलाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व नाराज हैं। राहुल गांधी ने 8 सितंबर को ब्रुसेल्स में केंद्र के इस फैसले की आलोचना की थी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने मल्लिकार्जुन खड़गे को डिनर में आमंत्रित नहीं करने पर कहा- यह केवल वहीं हो सकता है जहां कोई लोकतंत्र नहीं है। अभी ऐसी स्थिति नहीं है, जहां लोकतंत्र और विपक्ष का अस्तित्व खत्म हो जाए। पूरी खबर यहां पढ़ें…

पी चिदंबरम ने शनिवार को कहा- मुझे मीडिया के जरिए यह जानकारी मिली है कि G20 में राष्ट्रपति के द्वारा आयोजित डिनर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को नहीं बुलाया गया है।

पी चिदंबरम ने शनिवार को कहा- मुझे मीडिया के जरिए यह जानकारी मिली है कि G20 में राष्ट्रपति के द्वारा आयोजित डिनर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को नहीं बुलाया गया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को डिनर में ना बुलाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विपक्ष की असहमति का सम्मान किया जाना चाहिए।

कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों के आरोपों पर गृह मंत्रालय ने सफाई दी
हालांकि, गृह मंत्रालय ने इन आरोपों का खंडन किया है। गृह मंत्रालय ने भूपेश बघेल के आरोपों पर कहा- दिल्ली में जी20 को लेकर 8-11 सिंतबर तक कड़ी हवाई सुरक्षा है। हालांकि, राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों को अपने राज्य के विमानों से यात्रा की अनुमति है।

अशोक गहलोत के आरोपों पर सफाई देते हुए गृह मंत्रालय ने बताया कि राजस्थान के सीएम की तरफ से फ्लाइट परमिशन के लिए हमें चार रिक्वेस्ट मिले थे। हमनें सभी अप्रूव किए थे।

डिनर में 170 मेहमानों को न्योता
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के डिनर पार्टी में दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों, डेलीगेट्स, भारत के सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय और राज्य मंत्री सहित 170 लोगों को आमंत्रित किया गया है। यह डिनर पार्टी भारत मंडपम के एक हॉल में होगा।

इस डिनर पार्टी में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह और एचडी देवेगौड़ा भी शामिल होंगे।

मोदी कैबिनेट के मंत्रियों में राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, नरेंद्र सिंह तोमर, एस जयशंकर, अर्जुन मुंडा, स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान और प्रल्हाद जोशी को भी आमंत्रित किया गया है।

गेस्ट लिस्ट में सभी राज्यों के मुख्यमंत्री का नाम
राष्ट्रपति के डिनर पार्टी के लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। गेस्ट लिस्ट में अरविंद केजरीवाल, नीतीश कुमार, भूपेश बघेल, वाईएस जगन मोहन रेड्डी, पेमा खांडू, हिमंत बिस्वा सरमा, प्रमोद सावंत, एकनाथ शिंदे, एन बीरेन सिंह, भूपेन्द्र पटेल, मनोहर लाल खटटर का नाम शामिल है।

इनके अलावा सुखविंदर सिंह सुक्खू, हेमन्त सोरेन, सिद्धारमैया, पिनाराई विजयन, शिवराज सिंह चौहान, कॉनराड संगमा, जोरमथांगा, नेफ्यू रियो, नवीन पटनायक, रंगास्वामी, भगवंत सिंह मान, अशोक गहलोत, पीएस गोलाई, एमके स्टालिन, के.चंद्रशेखर राव, माणिक शाह, योगी आदित्यनाथ, पुष्कर सिंह धामी और ममता बनर्जी भी आमंत्रित किए गए हैं।

भारत ने पिछले साल 1 दिसंबर को जी20 की अध्यक्षता संभाली थी। जी20 से संबंधित लगभग 200 बैठकें देश भर के 60 शहरों में आयोजित की गईं थीं। नई दिल्ली में 18वां जी20 शिखर सम्मेलन पूरे साल आयोजित सभी जी20 प्रक्रियाओं और बैठकों का समापन है।

खबरें और भी हैं…