प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर शनिवार को बड़ा हमला बोला। जम्मू कश्मीर के डोडा में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आपको कांग्रेस के झूठे वादों से सावधान रहना है।
.
PM मोदी ने कहा, कांग्रेस क्या करती है? कैसे सरकार चलाती है? इसका उदाहरण आप पड़ोस में देख रहे हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने हिमाचल में वोट पाने के लिए जनता से ऐसे ऐसे वादे किए, जिससे सरकार तो बना दी, लेकिन पूरे राज्य को बर्बाद कर दिया।
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू
प्रधानमंत्री ने कहा, हिमाचल छोटा सा राज्य है और यहां हर कोई सड़क पर है। बिजली, सड़क और पानी के सब काम ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कर्मचारियों को सैलरी नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि हिमाचल में महंगाई चरम पर है। नौजवानों की भर्तियां बंद पड़ी है।
कांग्रेस को सबसे धोखेबाज पार्टी बताया
नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को भारत की सबसे बेईमान और धोखेबाज पार्टी बताया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखे हमले किए और कहा कि कांग्रेस सरकारी तिजोरी के दम जनता से झूठे वादे करती है।
चुनावी जनसभा संबोधित करने जम्मू गए PM
बता दें कि जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव का प्रचार चला हुआ है। लिहाजा मोदी जम्मू कश्मीर में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने हिमाचल का उदाहरण देकर कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला।
सैलरी-पेंशन देरी से देने की वजह से बड़े हमले
दरअसल, हिमाचल सरकार ने कर्ज के ब्याज से बचने के लिए सितंबर महीने की सैलरी 5 तारीख और पेंशन 10 सितंबर को दी है। इससे सुक्खू सरकार पर विपक्ष ने तीखे हमले किए है। नई नौकरियों को लेकर भी सुक्खू सरकार पर फेल होने के आरोप लगते रहे हैं। राज्य में स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के भंग होने की वजह से नाम मात्र नई भर्तियां हो पाई है।