केंद्रीय मंत्री बिट्‌टू राजस्थान से राज्यसभा जाएंगे: भाजपा ने प्रत्याशी बनाया, 5 महीने पहले कांग्रेस छोड़कर आए थे, लोकसभा चुनाव हार चुके – Jaipur News

बीजेपी ने राज्यसभा चुनावों के लिए राजस्थान से प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने रवनीत सिंह बिट्‌टू को प्रत्याशी बनाया है। बिट्‌टू पंजाब के पूर्व सीएम बेअंत सिंह के पोते हैं। बिट्‌टू मोदी सरकार में रेल राज्य मंत्री हैं। कांग्रेस ने कोई प्रत्याशी

.

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है, इसलिए बिट्‌टू कल ही नामांकन भरेंगे। इससे पहले उनके हरियाणा से चुनाव लड़ने की भी अटकलें चल रही थीं, लेकिन वहां से भाजपा ने वहां से कांग्रेस छोड़कर आईं नेता किरण चौधरी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।

लोकसभा में हार का सामना किया
लुधियाना से 2 बार सांसद रह चुके रवनीत बिट्टू लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत बेअंत सिंह के पोते और पूर्व मंत्री तेज प्रकाश सिंह के बेटे हैं।

भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने उन्हें लुधियाना से टिकट दिया, लेकिन उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से 20 हजार 942 वोटों से हार का सामना करना पड़ा।

लोकसभा चुनाव में हार के बाद भी भाजपा ने पंजाब से किसी और को न चुनकर मोदी 3.0 सरकार में बिट्टू को केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया है। इसके बाद उनका राज्यसभा में जाकर सांसद के तौर पर शपथ लेना बेहद जरूरी है।

हरियाणा में विरोध के बाद राजस्थान का रुख
राजस्थान के साथ हरियाणा के रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा के लोकसभा सांसद चुने जाने के बाद वहां भी सीट खाली हो गई थी। इस सीट के लिए पहले रवनीत बिट्टू का नाम सामने आया था, लेकिन विरोध बढ़ता देख भाजपा अब रवनीत बिट्टू को राजस्थान से राज्यसभा भेज रही है।

जीत के लिए 99 विधायकों के वोट चाहिए, कांग्रेस के पास मात्र 66 विधायक
राज्यसभा के सदस्यों को विधायक चुनते हैं। राज्यसभा के चुनाव में अपनाए जाने वाले फॉर्मूले के हिसाब से जितनी सीटें खाली होती हैं, उसमें एक जोड़कर जितनी विधानसभा सीटें होती हैं, उसमें भाग दिया जाता है। भाग के परिणाम में एक जोड़ा जाता है। इससे जो रिजल्ट आता है, उतने वोट एक सीट पर जरूरी होते हैं। राजस्थान में 1 सीट पर चुनाव होगा। इसमें 1 जोड़ेंगे तो 2 होंगे।

राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीटें हैं, लेकिन 6 सीटें खाली हैं। ऐसे में 194 में 2 का भाग देकर रिजल्ट में 1 जोड़ेंगे तो संख्या 98 आएगी। इस तरह राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए 98 वोट चाहिए। बीजेपी के पास 114 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास मात्र 66 विधायक हैं। संख्या बल के हिसाब से बीजेपी की जीत तय है।

राजस्थान में राज्यसभा की 10 सीटें
राजस्थान में राज्यसभा की कुल 10 सीटें हैं। इनमें से 5 कांग्रेस के पास और 4 भाजपा के पास है। एक सीट खाली है। इसी पर चुनाव होना है। यदि यह सीट भी भाजपा के खाते में जाती है तो दोनों पार्टियों के पास 5-5 सीट हो जाएंगी। इस चुनाव के बाद सीधे जून 2026 में दो सीटें खाली होंगी। इसमें एक सीट कांग्रेस की है और एक भाजपा की है।