7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव: बंगाल में सबसे ज्यादा 4 सीटों पर वोटिंग; इनमें पिछली बार भाजपा ने 3 जीती थी

01:12 AM10 जुलाई 2024

  • कॉपी लिंक

आइए, राज्यवार सभी 13 विधानसभा सीटों के चुनावी समीकरण को समझते हैं

1. मध्य प्रदेश- अमरवाड़ा सीट
छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर लगातार तीन बार से विधायक कमलेश शाह ने 2023 में कांग्रेस के टिकट से चुनाव में जीत दर्ज की। इसके 6 महीने बाद ही कमलेश कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए। कमलेश 2013 से इस सीट पर काबिज हैं और अब भाजपा के टिकट पर उपचुनाव में उतरे हैं।

2. बिहार- रुपौली सीट
पूर्णिया जिले के रुपौली विधानसभा क्षेत्र से लगातार 4 बार विधायक बीमा भारती एक बार फिर चुनाव में उतरी हैं। बीमा भारती 2005 में राजद के टिकट से पहली बार विधायक बनीं, फिर 2010, 2015 और 2020 में जदयू के टिकट से चुनाव में जीत दर्ज की। 2020 चुनाव में बीमा के खिलाफ शंकर सिंह (लोजपा) मैदान में थे। शंकर सिंह इस बार निर्दलीय चुनाव में उतरे हैं।

3. पश्चिम बंगाल- 4 सीट
पश्चिम बंगाल की जिन चार सीटों पर उपचुनाव हो रहा है, उनमें से तीन (मानिकतला, राणाघाट दक्षिण और बगदाह) दक्षिण बंगाल में हैं। 2021 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने राणाघाट दक्षिण और बगदाह सीटें जीतीं थी। चौथी सीट रायगंज है, जो उत्तर बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ही यहां से जीत हासिल की थी। मानिकतला सीट 2021 में टीएमसी ने सुरक्षित कर ली थी, लेकिन फरवरी 2022 में पूर्व राज्य मंत्री साधन पांडे के निधन के बाद यह खाली हो गई।

4. पंजाब- जालंधर सीट
पंजाब के जालंधर पश्चिम से आम आदमी पार्टी (AAP) के टिकट से चुनाव जीतने वाले शीतल अंगुरल मार्च 2024 लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए। 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट से लड़े मोहिंदर पाल भगत इस बार AAP के टिकट से उपचुनाव में उतरे हैं। कांग्रेस ने सुरिंदर कौर को मैदान में उतारा है।

5. हिमाचल प्रदेश- 3 सीट
हिमाचल प्रदेश की देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ में उपचुनाव हैं। 2022 में हिमाचल प्रदेश के देहरा से निर्दलीय विधायक होशियार सिंह, हमीरपुर से आशीष शर्मा और नालागढ़ से केएल ठाकुर ने विकास कार्यों में कमी का हवाला देते हुए विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। इस उपचुनाव में देहरा विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर चुनाव लड़ रही हैं। यहां उनका मुकाबला भाजपा के होशियार सिंह के साथ है।

6. उत्तराखंड- 2 सीट
उत्तराखंड की दो सीटों मंगलौर और बद्रीनाथ पर उपचुनाव हैं। अक्टूबर में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के विधायक सरवत करीम अंसारी के निधन के बाद मंगलौर विधानसभा सीट खाली हो गई थी। मंगलौर का ऐतिहासिक महत्व है, 10वीं शताब्दी में चौहान वंश के राजा मंगल सिंह ने यहां एक किला बनवाया था।

मंगलौर सीट पर कांग्रेस के पूर्व विधायक काजी निजामुद्दीन और बसपा ने सहानुभूति बटोरने के लिए दिवंगत सरवत करीम अंसारी के बेटे उबेदुर रहमान को मैदान में उतारा है।

बद्रीनाथ सीट में मुख्य मुकाबला कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए राजेंद्र भंडारी और कांग्रेस के लखपत सिंह भुटोला के बीच है। फिलहाल भुटोला चमोली जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष हैं।

7. तमिलनाडु- विक्रवंडी सीट
तमिलनाडु में विक्रवंडी सीट से विधायक रहे एन पुगाझेंथी का इसी साल अप्रैल में निधन हो गया था। उपचुनाव में AIADMK के मैदान में न होने के कारण एनडीए की सहयोगी पट्टाली मक्कल काची (PMK) ने से.सी. अंबुमणि को मैदान में उतारा है। DMK ने अन्नियुर शिवा और NTK ने अभिनय पोन्नीवलवन को टिकट दिया है, जिन्होंने लोकसभा चुनावों में PMK उम्मीदवार सौम्या अंबुमणि के ख़िलाफ़ धर्मपुरी सीट से चुनाव लड़ा था।