हिमाचल में 4 लोकसभा सीटों पर वोटिंग: केंद्रीय मंत्री के क्षेत्र में EVM मशीन खराब; BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने वोट डाला – Shimla News

शिमला और मंडी में मतदान केंद्रों के बाहर लंबी लाइनें लगी हैं।

हिमाचल की 4 लोकसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। लोग शाम 6 बजे तक वोट डाल सकेंगे। यहां कुल 37 कैंडिडेट मैदान में हैं। प्रदेश में 7992 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चुनाव में 57,11,969 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

.

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने सुबह 7 बजे बिलासपुर में परिवार के साथ वोट डाला। हमीरपुर के पनियाला पोलिंग बूथ पर EVM मशीन खराब होने की वजह से लोग बिना मतदान किए लौट गए। इसके अलावा, कांगड़ा के पोलिंग बूथ-29 पर EVM मशीन हैंग हो गई। जिसकी वजह से मतदान रुक गया।

शिमला लोकसभा सीट पर भाजपा के सुरेश कश्यप और कांग्रेस के विनोद सुल्तानपुरी आमने-सामने हैं। कांगड़ा लोकसभा सीट पर भाजपा के राजीव शर्मा और कांग्रेस के आनंद शर्मा के बीच मुख्य मुकाबला है। हमीरपुर लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के सामने कांग्रेस के सतपाल रायजादा हैं। मंडी लोकसभा सीट पर भाजपा की कंगना रनोट के सामने कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह हैं।

इसके अलावा, हिमाचल की 6 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी वोटिंग चल रही है। इनमें सुजानपुर, धर्मशाला, लाहौल स्पीति, बड़सर, गगरेट और कुटलैहड़ शामिल हैं।