हरियाणा CM बोले- नूंह हिंसा साजिश: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- मणिपुर में कानून-व्यवस्था बची ही नहीं; नाबालिग नहीं देख सकेंगे OMG-2

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Haryana Violence Gurugram Nuh | Delhi Services Ordinance Bill

2 घंटे पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा से जुड़ी रही। इसका असर राज्य के बाकी जिलों में भी दिखा। एक खबर मणिपुर हिंसा की रही, जहां की कानून-व्यवस्था पर सुप्रीम कोर्ट ने फिर सवाल उठाए हैं। हम आपको नूंह हिंसा और मणिपुर पर सुप्रीम कोर्ट का बयान भी बताएंगे…।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने के फैसले को चुनौती देने वाली 20 से ज्यादा याचिकाओं पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ समेत 5 जजों की संवैधानिक बेंच मामले की रेगुलर सुनवाई करेगी।
  2. विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के 21 सांसद आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इन सांसदों ने 29 और 30 जुलाई को मणिपुर के हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया था।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. नूंह के बाद पलवल-गुरुग्राम में भी हिंसा; 9 जिलों में धारा 144; UP-राजस्थान में भी अलर्ट

दंगाइयों ने नूंह में लोगों को गाड़ियों से उतारकर उनमें आग लगा दी।

दंगाइयों ने नूंह में लोगों को गाड़ियों से उतारकर उनमें आग लगा दी।

हरियाणा के नूंह में धार्मिक यात्रा के दौरान हुई हिंसा में 5 लोगों की मौत हुई है। यहां आज भी कर्फ्यू जारी रहेगा। 9 जिलों में धारा 144 लगाई गई है। हिंसा का असर राजस्थान, यूपी समेत हरियाणा के कई इलाकों में दिखा। पलवल और गुरुग्राम में उपद्रवियों ने घर, दुकान और गाड़ियों में आग लगा दी। CM मनोहर लाल खट्टर ने कहा- ये यात्रा हर साल निकलती थी। कुछ लोगों ने साजिश करके हमला किया है।

ये खबर अहम क्यों है: हरियाणा के हालात पर गृह मंत्री अमित शाह ने CM खट्टर से बात की है। विश्व हिंदू परिषद ने हिंसा की जांच ने NIA से कराने की मांग की है। राजस्थान के भरतपुर में अलर्ट के बाद 4 इलाकों में इंटरनेट बंद किया गया है। यूपी से हरियाणा को जोड़ने वाली मथुरा की सीमाएं सील की गई हैं। मेरठ, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर समेत हरियाणा से सटे यूपी के जिलों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. SC ने कहा- मणिपुर में कोई कानून-व्यवस्था बची ही नहीं; DGP कोर्ट में आकर जवाब दें
सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाए जाने के केस की सुनवाई की। CJI चंद्रचूड़ ने कहा कि पुलिस जांच करने में नाकाम है। कोई कानून-व्यवस्था बची ही नहीं है। अदालत ने पूछा कि 3 मई से जारी हिंसा में 6 हजार FIR दर्ज हुईं, लेकिन महज 7 गिरफ्तारियां ही हुईं। अदालत ने DGP को 7 अगस्त को हाजिर होकर इन सभी सवालों का जवाब देने को कहा है।

ये खबर अहम क्यों है: पिटीशन में पीड़ित महिलाओं की पहचान जाहिर नहीं की गई है। उन्हें X और Y नाम से संबोधित किया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया है कि पीड़ितों के नाम मीडिया में उजागर नहीं होने चाहिए। इससे पहले 20 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि अगर सरकार कोई कदम नहीं उठाती है, तो हम एक्शन लेंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. OMG 2 को मिला A सर्टिफिकेट; अक्षय को शिव की जगह शिव भक्त दिखाने को कहा

सेंसर बोर्ड ने अक्षय कुमार स्टारर फिल्म OMG 2 को A सर्टिफिकेट दिया है। यानी इसे 18 साल से कम उम्र के लोग नहीं देख पाएंगे। फिल्म में कोई कट नहीं लगाया है, लेकिन 25 बदलाव करने का सुझाव दिया है। जिसमें अक्षय को शिव नहीं, बल्कि शिव भक्त के किरदार में दिखाए जाने की बात शामिल है।

ये खबर अहम क्यों है: OMG-2’ पर महाकाल मंदिर के पुजारी भी आपत्ति जता चुके हैं। उनका कहना है कि इस फिल्म से महाकाल मंदिर में शूट किए गए दृश्य हटाए जाएं। इसे A सर्टिफिकेट मिला है और अश्लीलता परोसने के साथ महाकाल मंदिर के शॉट दिखे तो देशभर में प्रदर्शन होगा, FIR भी दर्ज कराई जाएगी। वहीं मेकर्स फिल्म में बोर्ड की ओर से सुझाए 25 में से 14 बदलाव करने के लिए सहमत हो गए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. दिल्ली में अधिकारों से जुड़ा बिल लोकसभा में पेश; इसे पटनायक की बीजेडी का समर्थन

दिल्ली में अफसरों की पोस्टिंग-ट्रांसफर पर नियंत्रण से जुड़ा विधेयक लोकसभा में पेश किया गया। इस पर सदन में विपक्षी नेताओं ने हंगामा किया और शेम-शेम के नारे लगाए। ओडिशा के CM नवीन पटनायक की BJD ने बिल पर सरकार का समर्थन करने की बात कही है।

ये खबर अहम क्यों है: सुप्रीम कोर्ट ने 11 मई को ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार दिल्ली सरकार को दिया था। लेकिन 19 मई को केंद्र ने अध्यादेश लाकर ये अधिकार राज्यपाल को दे दिए। लोकसभा में NDA के पास बहुमत है। यहां ये बिल आसानी से पास हो जाएगा। लेकिन राज्यसभा में NDA बहुमत से 9 सीट दूर है। पर BJD के 9 सांसदों का साथ मिलने के बाद बिल के पास होने की संभावना बढ़ गई है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. PM मोदी-शरद पवार एक मंच पर दिखे; पवार बोले- शिवाजी ने कभी किसी की जमीन नहीं छीनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुणे में तिलक स्मारक मंदिर ट्रस्ट की ओर से लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में NCP चीफ शरद पवार भी मौजूद थे। मंच पर PM मोदी के एक तरफ शरद पवार, तो दूसरी तरफ उनके भतीजे अजित पवार बैठे नजर आए। अपने संबोधन में शरद पवार ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवाजी महाराज ने कभी किसी की जमीन नहीं छीनी।

ये खबर अहम क्यों है: लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार उन लोगों को दिया जाता है जिन्होंने राष्ट्र की प्रगति और विकास के लिए काम किया है। वहीं शरद पवार का PM मोदी के साथ मंच साझा करना विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A को रास नहीं आया। विपक्ष की तीसरी बैठक मुंबई में होनी है। ऐसे में शरद पवार और मोदी के एक साथ दिखने से विपक्षी एकता में खटास आ सकती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. बिहार में जातीय जनगणना जारी रहेगी; पटना HC ने रोक लगाने की मांग वाली याचिकाएं खारिज की
बिहार में जातीय जनगणना जारी रहेगी। पटना हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगाने की मांग से जुड़ी सभी याचिकाएं खारिज कर दी हैं। हाईकोर्ट ने 4 मई को जातीय जनगणना पर अंतरिम रोक लगाई थी। फैसला आने के तुरंत बाद बिहार सरकार ने जाति आधारित गणना कराने का आदेश जारी कर दिया।

ये खबर अहम क्यों है: बिहार में 7 जनवरी से शुरू हुई जातिगत जनगणना के दूसरे फेज का काम तकरीबन 80% पूरा हो चुका था। तभी मामला कोर्ट पहुंचा और इस पर रोक लग गई। देश में सबसे पहले जातीय जनगणना 1931 में हुई थी। 1941 में भी इसका डेटा इकट्ठा हुआ, लेकिन इसे सार्वजनिक नहीं किया गया। 2011 में जातीय और सामाजिक-आर्थिक गणना हुई, लेकिन ये आंकड़े भी जारी नहीं किए गए।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. 4001 विधायकों की संपत्ति ₹54,000 करोड़; ये नगालैंड, मिजोरम और सिक्किम के कुल बजट से ज्यादा

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और नेशनल इलेक्शन वॉच (NEW) की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के 4,001 मौजूदा विधायकों की कुल संपत्ति ₹54,545 करोड़ है। यह नॉर्थ ईस्ट के तीन राज्यों- नगालैंड, मिजोरम और सिक्किम के 2023-24 के कुल सालाना बजट ₹49,103 करोड़ से ज्यादा है।

ये खबर अहम क्यों है: ADR और नेशनल इलेक्शन वॉच (NEW) ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 4001 विधायकों के चुनावी हलफनामे में दी गई जानकारी के आधार पर ये रिपोर्ट पेश की है। इसके मुताबिक, विधायकों की औसत संपत्ति ₹13.63 करोड़ है। भाजपा के 1,356 विधायकों की औसत संपत्ति ₹11.97 करोड़, जबकि कांग्रेस के 719 विधायकों की औसत संपत्ति ₹21.97 करोड़ है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. ITR फाइल करने के लिए देनी होगी लेट फीस, कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 100 रुपए घटे
1 अगस्त से देशभर में 4 बदलाव हुए हैं। अब ITR फाइल करने के लिए लेट फीस चुकानी होगी। वहीं कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 99.75 रुपए घट गए हैं। इसके अलावा तेल कंपनियों ने एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में 7,728 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी की है।

ये खबर अहम क्यों है: ITR भरने की डेडलाइन 31 जुलाई को खत्म हो चुकी है। किसी की सालाना आय 5 लाख रुपए से ज्यादा है, तब उसे 5,000 रुपए की लेट फीस देनी होगी। अगर ये 5 लाख रुपए से कम है, तब उसे 1,000 रुपए लेट फीस भरनी होगी। वहीं ATF की कीमतें बढ़ने से इससे हवाई सफर महंगा हो सकता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

9. गहलोत बोले- गांधी की वजह से PM मोदी का विदेशों में सम्मान; BJP कार्यकर्ताओं का सचिवालय कूच, वाटर कैनन से खदेड़ा

सचिवालय की ओर कूच कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन चलाती पुलिस।

सचिवालय की ओर कूच कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन चलाती पुलिस।

राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने कहा- मैंने PM नरेंद्र मोदी को एक मीटिंग में कहा था कि मोदी जी, आप दुनिया भर में जाते हो, आपका सम्मान क्यों होता है? ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि लोग कहते हैं कि आप गांधी के देश से आए हो। उधर, भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ जयपुर में प्रदर्शन किया। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सचिवालय घेराव के लिए कूच किया। लेकिन स्टेच्यू सर्किल पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर भाजपा कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया।

ये खबर अहम क्यों है: राजस्थान में 2023 के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा गहलोत सरकार के खिलाफ ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान चला रही थी। इसी अभियान के तहत भाजपा ने जयपुर में प्रदर्शन किया। पार्टी का दावा है कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेशभर से लाखों लोग जयपुर आए थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. हीरो मोटोकॉर्प के चेयरमैन पवन मुंजाल के ठिकानों पर छापा: मनी लॉन्ड्रिंग के केस में ED ने की कार्रवाई, 3% गिरे कंपनी के शेयर (पढ़ें पूरी खबर)
  2. मूसेवाला मर्डर का मास्टरमाइंड भारत पहुंचा: अजरबैजान से पकड़ा गैंगस्टर लॉरेंस का भांजा सचिन, हत्या से पहले भागा था विदेश (पढ़ें पूरी खबर)
  3. पॉक्सो केस में बृजभूषण शरण को राहत: नाबालिग पहलवान ने कोर्ट में कहा- दिल्ली पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट से उन्हें कोई दिक्कत नहीं (पढ़ें पूरी खबर)
  4. PAK में पेट्रोल-डीजल महंगे हुए : लोकल करंसी में पेट्रोल 272.95 और डीजल 273.40 रुपए प्रति लीटर मिलेगा; IMF के दबाव में फैसला (पढ़ें पूरी खबर)
  5. NASA की गलती से वॉयजर-2 स्पेसक्राफ्ट से संपर्क टूटा: यह हमसे करीब 20 अरब km दूर, अब अंतरिक्ष से आती आवाजों से तलाश जारी (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…
महिला ने अपने ही घर में दोस्तों से करवाई चोरी

एक महिला ने दोस्तों की मदद से अपने ही घर में 13 लाख 60 हजार रुपए की चोरी करवाई। इसमें कैश और ज्वेलरी शामिल हैं। घटना नागपुर की है। पुलिस जांच में पता चला कि महिला ने दोस्तों के साथ मिलकर चोरी का प्लान बनाया। वह पति को डिनर के लिए रिश्तेदार के घर ले गई। और इसी दौरान दोस्तों ने चोरी की। ये घटना CCTV में कैद हो गई। आरोपी महिला को जेल भेजा गया है उसके दोस्तों की तलाश जारी है।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

  1. किडनैप कर रातभर पीटा, फिर 3 ने किया गैंगरेप: मैतेई महिलाओं ने रेप करवाया, ऑटोवाले ने सब्जियों में छिपाकर बचाया
  2. राजस्थान में बालविवाह तोड़ने की सजा, 4 बहनों को स्टांप पर बेचा: जवान करने के कैप्सूल खिलाते; रेप का विरोध करने पर पीटते, 2 भाग निकली, 2 आज भी कैद
  3. नानी से बोली गैंगरेप पीड़िता- मैं ठीक हूं: MP के डॉक्टरों ने कहा- उसे मौत के मुंह से छीन लाए, सुरक्षा इतनी कि वार्ड में किसी की एंट्री नहीं
  4. रोहिंग्या-बांग्लादेशियों को नागरिकता तो सीमा हैदर को क्यों नहीं: वकील बोले- जासूस निकली तो फांसी दे देना, मैं प्यार की लड़ाई लड़ रहा
  5. केंद्र ने केजरीवाल के साथ फिर खेल कर दिया: दिल्ली में अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग वाले बिल में बदलाव, नए नियम समझिए
  6. पति-पत्नी नहीं निभा पा रहे शादी के रिश्ते: आपसी सहमति से ले सकते हैं तलाक, बस 5 शर्तें होना जरूरी
  7. क्या पेट्रोल-डीजल का खेल खत्म होने वाला है: 2030 तक दिखेगा बड़ा बदलाव, तीसरे सबसे बड़े ऑयल कंज्यूमर भारत पर कितना असर?

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…