हरियाणा में केजरीवाल की पत्नी ने 5 गारंटी दी: फ्री बिजली, हर महिला को 1 हजार रुपए; पहली बार सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी – Panchkula News

सुनीता केजरीवाल ने शनिवार, 20 जुलाई को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में अरविंद केजरीवाल की गारंटियां लॉन्च कीं।

आम आदमी पार्टी (AAP) हरियाणा में पहली बार सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। इसकी शुरुआत पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार (20 जुलाई) को हरियाणा के लिए 5 गारंटियों का ऐलान कर की। इसमें फ्री बिजली, महिलाओं

.

हालांकि AAP ने पंजाब में भी महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए देने का ऐलान किया था, लेकिन अभी तक ये वादा पूरा नहीं हो पाया है।

सुनीता केजरीवाल ने पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में ये गारंटियां लॉन्च की। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्य सभा सांसद संजय सिंह और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप पाठक भी मौजूद रहे।

बकाया बिजली बिल माफ करेंगे: 24 घंटे घरेलू बिजली फ्री मिलेगी। दिल्ली और पंजाब की तरह हरियाणा में पुराने घरेलू सारे बकाया बिजली बिल माफ किए जाएंगे। पावर कट बंद होंगे। दिल्ली और पंजाब की तरह 24 घंटे बिजली का इंतजाम किया जाएगा।

मोहल्ले में मोहल्ला क्लिनिक बनाएंगे: दूसरी गारंटी- सबको अच्छा और फ्री इलाज है। दिल्ली और पंजाब की तरह हर गांव और शहरों के हर मोहल्ले में मोहल्ला क्लिनिक बनाएंगे। सभी सरकारी अस्पतालों का कायाकल्प किया जाएगा और नए सरकारी अस्पताल बनाए जाएंगे। हर हरियाणवी का पूरा इलाज मुफ्त होगा, चाहे बीमारी छोटी हो या बड़ी। सभी टेस्ट, दवाइयां, ऑपरेशन और इलाज सब फ्री होगा।

शिक्षा माफिया को खत्म करेंगे: AAP प्रदेश में अच्छी, बेहतरीन और फ्री शिक्षा देगी। दिल्ली और पंजाब की तरह शिक्षा माफिया का खात्मा करेंगे। सरकारी स्कूलों को इतना अच्छा बनाएंगे कि आप अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल से निकालकर सरकारी स्कूलों में भर्ती करवाओगे। प्राइवेट स्कूलों की गुंडागर्दी भी बंद करेंगे। प्राइवेट स्कूलों को नाजायज फीस बढ़ाने से रोका जाएगा।

माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रुपए: इसके साथ चौथी गारंटी यह है कि हरियाणा में सभी माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रुपए दिए जाएंगे।

हर युवा को रोजगार देंगे: पांचवी गारंटी है कि हर युवा को रोजगार देंगे। पंजाब में मात्र 2 साल में 45 हजार सरकारी नौकरियां और 3 लाख से ज्यादा लोगों को प्राइवेट रोजगार, दिल्ली में 2.5 लाख सरकारी नौकरियां और 12 लाख से ज्यादा लोगों के प्राइवेट रोजगार का इंतजाम किया।

सुनीता ने कहा- अरविंद केजरीवाल हरियाणा का बेटा

पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में उपस्थित आप नेता व कार्यकर्ता।

पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में उपस्थित आप नेता व कार्यकर्ता।

सुनीता ने कहा कि आपके बेटे (अरविंद केजरीवाल) ने दिल्ली बदल दी, पंजाब बदल दिया और अब हरियाणा बदलना है। विधानसभा चुनाव में बीजेपी को एक भी सीट नहीं जानी चाहिए। राज्य में अक्टूबर में चुनाव हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पूरी दुनिया में हरियाणा का नाम रोशन किया है। अब हरियाणा वाले अपने बेटे का साथ देंगे। तीन महीने बाद हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान यहां के लोग केजरीवाल का साथ देंगे और BJP को एक भी सीट नहीं देंगे।

भगवंत मान बोले- हम सब एक ही पटल का पानी पीते हैं

मंच पर बैठी सुनीता केजरीवाल, पंजाब सीएम भगवंत मान व अन्य नेता।

मंच पर बैठी सुनीता केजरीवाल, पंजाब सीएम भगवंत मान व अन्य नेता।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान ने कहा कि अब सफाई करने की बारी हरियाणा की है। आधा हरियाणा दिल्ली को टच करता है और आधा पंजाब को। हम सब एक ही पटल का पानी पीते हैं। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक कार्यक्रम में आने के लिए आपका शुक्रिया। घर से चला हुआ आपका एक कदम हमारे सिर माथे पर। बहुत हौसला बढ़ा है। हरियाणा के लोगों ने हर पार्टी काे टाइम देकर देखा, लेकिन कोई अच्छा नहीं निकला।

पंजाब में विधायकों की पेंशन काटने का काम हमारी सरकार ने किया है। पंजाब में विधायक को एक पेंशन दी जा रही है। पंजाब में टोल टैक्स बंद कर दिए हैं। कई टोल टैक्स पर केस करने जा रहा हूं।

पिछले विधानसभा चुनाव में 46 सीटों पर चुनाव लड़ी थी पार्टी
2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी 46 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। हालांकि पार्टी को कोई सीट नहीं मिली। सभी जगह उसके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई थी। पार्टी को पूरे राज्य में सिर्फ 59,839 वोट मिल सके थे। इस बार पार्टी ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

पंजाब में महिलाओं को 1 हजार रुपए देने की गारंटी अधूरी
AAP ने 2022 में पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले 18 वर्ष से अधिक सभी विवाहित/अविवाहित महिला-युवतियों को हर महीने 1-1 हजार रुपए देने का ऐलान किया था। AAP की सरकार बनी, लेकिन अभी तक ये वादा पूरा नहीं हो पाया। कुछ महीने पहले ये खबर सामने आई थी कि इस योजना को 4 चरणों में पूरा किया जा सकता है, लेकिन अभी तक कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। विपक्ष इसको लेकर सरकार को घेरता रहता है।

ये खबर भी पढ़ें…
हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका: AAP ने I.N.D.I.A. ब्लॉक से नाता तोड़ा

हरियाणा में I.N.D.I.A.गठबंधन टूट गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने हरियाणा में अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि पार्टी पूरी ताकत से हरियाणा में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। दिल्ली और पंजाब में हमारी सरकार है। आधा हरियाणा पंजाब और आधा दिल्ली से टच करता है। पढ़ें पूरी खबर…