हरियाणा के 6 जिलों में आज यलो अलर्ट: 3 में भारी बारिश की चेतावनी; कल से कमजोर होगा मानसून, 10 से फिर होगा एक्टिव

चंडीगढ़17 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। - Dainik Bhaskar

हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

हरियाणा में मौसम विभाग ने 6 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर हरियाणा के तीन जिले अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। यहां 100 MM से ज्यादा बारिश होने के आसार हैं। अन्य 16 जिलों में कुछ एक स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना बनी हुई है।

कल से 9 अगस्त तक मानसून कमजोर स्थिति में रहेगा। 10 अगस्त से एक बार फिर सूबे में बारिश के आसार बन रहे हैं।

सीजन में 44% ज्यादा बारिश
हरियाणा में मानसून सीजन में 44% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। 1 जून से 5 अगस्त तक सूबे में 335.9 MM बारिश हुई है। हालांकि अगस्त में 18.1 MM बारिश हुई है, जो सामान्य 29.2 प्रतिशत बारिश के मुकाबले 38% कम है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगस्त में बारिश को लेकर ऐसे ही हालात रहेंगे। बारिश कम होने के कारण उमस लोगों को परेशान करेगी।

उमस के साथ बढ़ेगा पारा
हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में अगले चार-पांच दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। नमी वाली हवाओं के प्रभाव से राज्य के उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र , कैथल, करनाल में कहीं-कहीं हल्की बारिश तथा दक्षिण पश्चिमी जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल , फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखीदादरी में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है।

इस दौरान राज्य में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की भी संभावना है।

24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश
राज्य में 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश फरीदाबाद में 52.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। कुरुक्षेत्र में 15.8, पानीपत में 13.5, पलवल में 11.5, करनाल में 8.8, अंबाला में 7.9, सोनीपत में 3.8 और यमुनानगर में 3.0 एमएम बारिश हुई। अन्य जिलों में हल्की बूंदाबांदी ही हुई।

खबरें और भी हैं…