शरद गुट के नेता बोले-NDA को अजित की जरूरत नहीं: भाजपा गठबंधन से बाहर करेगी; शिंदे के मंत्री ने कहा था- NCP नेताओं को देखकर उल्टी आती है

  • Hindi News
  • National
  • Shiv Sena Minister Tanaji Sawant Controversy; Eknath Shinde Ajit Pawar NCP

मुंबई16 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता तानाजी सावंत ने कहा कि उनको नेशनल कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेताओं के पास बैठने पर उल्टी करने का मन होता है। सावंत के इस बयान पर NCP (शरद पवार) ने प्रतिक्रिया दी है।

एनसीपी (SP) के प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने कहा- ‘सावंत की टिप्पणी से पता चलता है कि महायुति को अब NCP की जरूरत नहीं है। RSS के मुखपत्र ने भाजपा से पूछा था कि उन्होंने अजित पवार के साथ गठबंधन क्यों किया। भाजपा कैडर भी यही सवाल पूछ रहा है।’

उन्होंने कहा कि BJP के लिए NCP को महायुति से बाहर करने का समय आ गया है। अजित पवार के लिए अब जागने और हालात को समझने का समय आ गया है। BJP धीरे-धीरे अजित पवार को महायुति से बाहर निकाल देगी। सब कुछ ठीक नहीं है और दरारें दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं।

अजित पवार ने अपना आत्म-सम्मान खो दिया
NCP (SP) के दूसरे प्रवक्ता महेश तपासे ने कहा कि अजित पवार ने अपना आत्म-सम्मान खो दिया है। NCP (अजित) के साथ गठबंधन से शिवसेना (शिंदे) में असंतोष बढ़ रहा है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि अजित दादा जो कभी NCP में अपार सम्मान रखते थे, सत्ता के लिए अपने आत्म-सम्मान से समझौता करेंगे।

तपासे ने कहा कि अजित पवार को सरकार में शामिल किए जाने को लेकर शिंदे सेना के सदस्यों में बढ़ती बेचैनी अब सावंत की टिप्पणियों से स्पष्ट रूप से सामने आ गई है। तपासे ने कहा कि मंत्री तानाजी सावंत के बयान ने अजित दादा की राजनीतिक स्थिति को प्रभावी रूप से मिटा दिया है और फिर भी उनकी अपनी पार्टी के सदस्य चुप हैं।

तपासे ने आगे दावा किया कि मौजूदा हालात को देखते हुए एनसीपी को महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनावों में 25 सीटें भी नहीं मिल सकती हैं। इसी हताशा के कारण ऐसा अपमानजनक व्यवहार किया गया है।

महायुति के मंत्रिमंडल में या तो तानाजी बने रहें या NCP
तानाजी के बयान पर एनसीपी (अजित) के प्रवक्ता उमेश पाटिल ने तानाजी सावंत के बर्खास्त किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा- महायुति के मंत्रिमंडल में या तो तानाजी बने रहें या NCP। अगर, तानाजी को बर्खास्त नहीं किया जाता है, तो हमें महायुति मंत्रिमंडल से हट जाना चाहिए। मैं अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित पवार और हमारे सभी वरिष्ठ नेताओं से अनुरोध करता हूं कि वे मंत्रिमंडल से हट जाएं।

पाटिल ने कहा कि सावंत को बर्खास्त किए जाने तक पवार को किसी भी कैबिनेट बैठक में शामिल नहीं होना चाहिए।हमारे मंत्रियों को भी सावंत को बर्खास्त किए जाने तक कैबिनेट बैठकों का बहिष्कार करना चाहिए। हम सावंत की माफी या उनके बयान को स्वीकार नहीं करेंगे कि उनकी बात का गलत अर्थ निकाला गया। हम चाहते हैं कि वह तुरंत बाहर हो जाएं।

सावंत ने कहा था- मुझे उल्टी जैसा महसूस होता है
गुरुवार को एक कार्यक्रम में बोलते हुए महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत ने कहा था कि वह कट्टर शिवसैनिक हैं और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेताओं के साथ उनकी कभी नहीं पटी। अगर हम कैबिनेट में एक-दूसरे के बगल में बैठते भी हैं, तो बाहर आने के बाद मुझे उल्टी जैसा महसूस होता है।

यह खबर भी पढ़ें…
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 5 विधायकों का टिकट काटेगी, विधान परिषद चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी

महाराष्ट्र में विधान परिषद (MLC) के चुनाव में क्रांस वोटिंग करने वाले कांग्रेस के 5 विधायकों का विधानसभा चुनाव में टिकट काटेगा। इनके बदले पार्टी नए चेहरों को मौका देगी। टिकट कटने वाले विधायकों में सुलभा खोडके, जीशान सिद्दीकी, हीरामन खोसकर, जितेश अंतापूरकर, मोहन हंबर्डे शामिल हैं। महाराष्ट्र में विधान परिषद (MLC) के चुनाव में कांग्रेस के 7 से 8 विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने की खबर सामने आई थी। पूरी खबर पढ़ें…

शरद पवार बोले- MVA साथ मिलकर लड़ेगा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव:गठबंधन की छोटी पार्टियों संग आगे बढ़ेंगे

​​​​​​​महाराष्ट्र में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव हैं। I.N.D.I.A. ब्लॉक में शामिल कांग्रेस, एनसीपी (SCP) और शिवसेना (UT) महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी में भी शामिल हैं। रविवार (30 जून) को एनसीपी (SCP) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि कांग्रेस, शिवसेना (UT) और उनकी पार्टी मिलकर इस साल अक्टूबर में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…