रायपुर में 51वां महापौर परिषद सम्मेलन: आगरा में कचरे से बनेगी बिजली, वड़ोदरा में 24 घंटे सड़कों की सफाई; ढेबर बोले-सीख लेकर करेंगे बदलाव

रायपुर2 घंटे पहले

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने वडोदरा के मेयर को सम्मानित किया, साथ थे आगरा और रायपुर के मेयर

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अखिल भारतीय महापौर परिषद के 51वें वार्षिक सम्मेलन का आयोजन हुआ। यहां देश भर के 50 से ज्यादा महापौर तीन दिनों तक अपने क्षेत्रों में विकास के आइडिया पर बातचीत करते रहे। अब आगरा और वडोदरा के महापौरों ने अपने शहर के लोगों के लिए कुछ नया करने की ठानी है।

अखिल भारतीय महापौर परिषद के 51वें वार्षिक सम्मेलन का आयोजन परिषद के अध्यक्ष और आगरा के महापौर नवीन जैन की अगुवाई में हुआ। उन्होंने बताया कि अब वो आगरा के लोगों के लिए जल्द ही एक नई सुविधा शुरू करने जा रहे हैं। अब आगरा के कचरे से बिजली बनेगी। आगरा का ताजमहल और पेठा देश में मशहूर है, अब कचरे से बनी बिजली से आगरा रोशन होगा।

आगरा के महापौर नवीन जैन।

आगरा के महापौर नवीन जैन।

कचरे से बिजली
नवीन जैन ने रायपुर में दैनिक भास्कर को बताया कि एक समय में आगरा को सबसे गंदा शहर घोषित किया गया था। पिछले कुछ सालाें में आगरा की तस्वीर बदल रही है। शहर से निकलने वाले 20 लाख टन कचरे से बड़ा मैदान भर गया था। कचरे का विशाल पहाड़ बन चुका था। हमने इस कचरे से खाद बनाई, मिट्‌टी तैयार की जो कंस्ट्रक्शन वगैरह में काम में लाई जा सके।

जैन ने बताया कि इससे करोड़ों की आमदनी हुई जनता को सुविधा देने में ये पैसा काम आया। अब हम आगरा में हर दिन निकलने वाले कचरे से बिजली बनाने जा रहे हैं। जल्द ही इसके लिए आगरा में प्लांट लगेगा। बिजली पैदा करने के लिए 2 हजार टन कचरे की जरूरत होती है। आगरा में हर रोज 50 हजार पर्यटक आते हैं, शहर से 1 हजार टन कचरा निकलता है। हम आस-पास की पंचायतों से पालिकाओं से और 1 हजार टन कचरा लेंगे। इससे बिजली बनेगी, आगरा की गलियां वहां के टूरिस्ट स्पॉट इस बिजली से रोशन होंगे।

वडोदरा के मेयर केयूर।

वडोदरा के मेयर केयूर।

एयरपोर्ट की तरह चमकेंगी सड़कें
गुजरात की सांस्कृतिक राजधानी वडोदरा के महापौर केयूर रोकडिया ने भी दैनिक भास्कर से बात-चीत की। उन्होंने बताया कि सफाई को लेकर हम बड़ा प्रयोग शहर में करने जा रहे हैं। हम कुछ मॉडल रोड लेकर उन्हें प्राइवेट संस्थाओं को देंगे। जैसे एयरपोर्ट, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे सफाई होती है । ठीक उसी तरह उस सड़क पर 24 घंटे सफाई का काम होगा। रोड के ब्लॉक पर कर्मचारी तैनात होंगे तो उसे हमेशा साफ रखेंगे। हम शुरूआत में तकरीबन 32 किलोमीटर की सड़क पर ये अभियान शुरू करने जा रहे हैं। इसमें एयरपोर्ट से सर्किट हाउस और सिटी के मेन एरिया से अल्कापुरी जैसा इलाका शामिल होगा।

केयूर रोकडिया ने बताया कि वडोदरा में बीते 27 सालों से पानी की समस्या बड़ी थी। कोई इसे सुलझा नहीं पा रहा था। हम वडोदरा में नया जल स्त्रोत लोगांे तक पहुंचाने में कामयाब रहे हैं। तकरीबन 165 करोड़ के खर्च से हमने नई पाइपलाइन डेवलप की है। इससे पानी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। वडोदरा के करीब से एक नदी गुजरती है, मयसागर नदी। इस नदी पानी लेकर नई पाइप लाइन बनाई है और 27 सालों से जारी पानी की समस्या का हम ने निराकरण किया।

कार्यक्रम में शामिल अतिथी।

कार्यक्रम में शामिल अतिथी।

सम्मेलन में 52 शहरों के मेयर हुए शामिल
रायपुर के होटल में हुए महापौर सम्मेलन में देश के 52 महापौर शामिल हुए। रायपुर के महापौर एजाज ढेबर ने कहा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को लाभान्वित करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि वह भी आगरा और वड़ोदरा जैसे शहरों से सीख लेंगे। कार्यक्रम में परिषद के अध्यक्ष ने नगरों का जन्मदिन मनाने का सुझाव दिया। अब हर शहर का जन्मदिन वहां के नगर निगम के लोग मनाएंगे। शहर की स्थापना या ऐतिहासिक महत्व के हिसाब से दिन तय होगा। हर शहर में पौधरोपण अभियान चलाने का संकल्प सभी महापौरों ने लिया है। इस कार्यक्रम का समापन रविवार को छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसूइया उईके ने किया।

खबरें और भी हैं…