राबड़ी ने पूछा- ललन सिंह ने मां-पत्नी को कितना पढ़ाया: महिलाओं का अपमान करना इनकी आदत; माफी मांगे नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री – Patna News

बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के माफी की मांग की है। गुरुवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि वे महिलाओं का अपमान कर रहे हैं।

.

मैं ललन सिंह से पूछना चाहती हूं कि उनकी मां और पत्नी कितनी पढ़ी-लिखी हैं, कितना पढ़ाया है उनको जो वह दूसरी महिलाओं पर आरोप लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बार-बार महिलाओं का अपमान करने के लिए माफी मांगनी चाहिए।

बता दें कि बजट को झुनझुना बताने वाले राबड़ी देवी के बयान पर दिल्ली में जब ललन सिंह से सवाल किया गया था, तो उन्होंने पूर्व सीएम पर तंज कसते हुए कहा था- राबड़ी देवी कितना लंबा साइन करती हैं, इसे कभी देख लीजिए। बजट जैसा चीज उनको कहां समझ में आएगा।

वहीं बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा में मसौढ़ी विधायक रेखा देवी पर टिप्पणी करते हुए कहा था- अरे महिला हो, कुछ नहीं जानती हो…

राबड़ी ने ललन सिंह से मांगा सर्टिफिकेट

सदन में नीतीश कुमार ने दलित महिला का अपमान किया है। मसौढ़ी विधायक को कहा कि महिला हो, कुछ आता नहीं है। हम ही लाए हैं। वहीं ललन सिंह ने मुझे लेकर कहा कि कितना लंबा साइन करती है। बजट क्या समझ में आएगा।

मैं ललन सिंह से पूछना चाहती हूं, उन्होंने अपनी मां, अपनी पत्नी को कितना पढ़ाया-लिखाया है, जो दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं। सर्टिफिकेट दें कि उनकी मां-पत्नी कितना पढ़ी हैं। महिलाओं का अपमान करते हैं। सीएम और ललन सिंह को माफी मांगनी चाहिए।

राबड़ी देवी ने कहा कि महिलाओं का अपमान करने के लिए सीएम और ललन सिंह को माफी मांगनी चाहिए।

राबड़ी देवी ने कहा कि महिलाओं का अपमान करने के लिए सीएम और ललन सिंह को माफी मांगनी चाहिए।

तेजस्वी, रोहिणी ने जताई थी आपत्ति

वहीं सदन के बाहर राजद की महिला एमएलसी ने कहा कि महिलाओं को अपमानित करना जदयू के मेनिफेस्टो में शामिल हैं। संसद में पूर्व सीएम का अपमान हुआ। राबड़ी देवी के समय सरकार ने शिक्षा का इंतजाम क्यों नहीं किया। इधर सीएम के बयान को दलित महिला विरोधी बताया है।

इधर सीएम के सदन में महिला वाले बयान पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य, सहित आरजेडी, कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी आलोचना की है। बुधवार को तेजस्वी ने इसे नीतीश कुमार की ओछी मानसिकता बताते हुए कहा है कि इस तरह की टिप्पणी करना उनकी आदत हो चुकी है।

तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘ महिला हो कुछ जानती हो? महिलाओं पर ओछी, गैर वांछित, असभ्य, अशिष्ट एवं निम्नस्तरीय टिप्पणियां करना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आदत में शुमार हो चुका है। प्रदेश के लिए यह अत्यधिक गंभीर व चिंतनीय विषय है। CM ने कुछ दिन पूर्व आदिवासी वर्ग की BJP की महिला MLA पर भी सुंदरता संबंधित भद्दी टिप्पणी की थी।

आज अनुसूचित जाति की दो बार से महिला MLA रेखा पासवान जी पर टिप्पणी की। सृष्टि के सबसे बड़े ज्ञाता, ध्याता, व्याख्याता और रचयिता तो आदरणीय नीतीश जी बन चुके हैं, इनको छोड़ कर किसी को कुछ पता नहीं, किसी को कुछ आता-जाता नहीं।’

वहीं रोहिणी ने कहा है कि ऐसे बयानों से सदन की गरिमा तार-तार हुई है। जबकि कांग्रेस ने जेडीयू ने निंदा करते हुए मुख्यमंत्री और ललन सिंह को महिला विरोधी बताया।

तेजस्वी ने सोशल पोस्ट के जरिए सीएम के बयान पर आपत्ति जताई।

तेजस्वी ने सोशल पोस्ट के जरिए सीएम के बयान पर आपत्ति जताई।

क्या कहा था नीतीश कुमार और ललन सिंह ने

बुधवार को विधान सभा में मुख्यमंत्री जब बोलने के लिए खड़े हुए तो विपक्ष आरक्षण को लेकर विरोध कर रहा था। नीतीश कुमार ने बोलने के दौरान बार-बार विपक्ष के विधायकों से अपील की कि वे एक बार पूरी बात सुन लें, लेकिन आरजेडी विधायक रेखा देवी का विरोध जारी रहा।

अरे तुम महिला हो, कुछ जानती नहीं हो, कहां से आते हैं, इन लोगों ने कुछ किया है? 2005 के बाद महिला को हमने ही आगे बढ़ाया है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि चुपचाप बात सुनो, अभी हम बोल रहे हैं।

इससे पहले मंगलवार को जब देश का बजट आया था और राबड़ी देवी ने उसे बिहार के साथ नाइंसाफी कहा था। तब केन्द्रीय मंत्री और जेडीयू नेता ललन सिंह ने कहा था कि ‘ क्या कभी राबड़ी देवी का साइन देखे हैं? वह कितना लंबा दस्तखत करती हैं। अब ऐसे में उनको बजट क्या समझ आएगा।’

रोहिणी आचार्य ने भी नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।

रोहिणी आचार्य ने भी नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।

भाजपा के साथ जाने से मानसिकता वैसी ही हो गई है- ज्ञान रंजन, कांग्रेस प्रवक्ता

कांग्रेस प्रवक्ता ज्ञान रंजन ने कहा कि यह नीतीश कुमार और ललन सिंह की महिला विरोधी सोच है। महिला आज के समय में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। किसी भी चीज में महिलाएं, पुरुषों से कम नहीं हैं। भाजपा के साथ जाने की वजह से इनकी मानसिकता उसी तरह की हो गई है। मैं इसकी निंदा करता हूं कि इस तरह से महिलाओं पर टिप्पणी की है।

अपनी मर्यादा भूल गए हैं – आरजेडी

वहीं आरजेडी के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर जिस तरह की अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, उससे जेडीयू की सोच जाहिर होती है। इसके लिए ललन सिंह को क्षमा मांगनी चाहिए।

बुधवार को नीतीश कुमार ने भी दो बार विधायक रहीं रेखा देवी पासवान पर जिस भाषा का इस्तेमाल किया, वह पद व गरिमा के खिलाफ है। वह भी एक दलित महिला के लिए। जेडीयू के नेता ऐसी भाषा का इस्तेमाल लगातार कर रहे हैं। अपनी मर्यादा ये भूल गए हैं।