राजस्थान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भाई-बहन समेत 4 की मौत: ऋषिकेश से अंतिम संस्कार कर लौट रहा था परिवार; ट्रक में घुसी कार – Sawai Madhopur News

सवाई माधोपुर में ट्रक से टकराने के बाद कार चकनाचूर हो गई। शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं।

सवाई माधोपुर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह 7 बजे एक कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में भाई-बहन समेत 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई‌। 6 लोग घायल हो गए। हादसा सूरवाल थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुरा गांव के पास हुआ। ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया

.

सीओ सिटी हेमेंद्र शर्मा ने बताया- परिवार की एक महिला ऋषिकेश (उत्तराखंड) में भागवत कथा कार्यक्रम में गई थी, जहां उसकी मौत हो गई थी। मौत की सूचना के बाद परिजन ऋषिकेश पहुंचे। परिजन ने शव घर लाने के बजाय उसका अंतिम संस्कार ऋषिकेश में ही किया। अंतिम संस्कार करने के बाद सभी परिजन घर लौट रहे थे। इसी दौरान ड्राइवर को झपकी आ गई। वह कार का बैलेंस खो बैठा और कार पीछे से ट्रक में घुस गई।

हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई।

हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई।

मध्य प्रदेश का रहने वाला है परिवार
हादसे में मोनिका (24) पुत्री कचरूलाल प्रजापत, राजन (22) पुत्र कचरूलाल प्रजापत, रेखा (42) पत्नी ईश्वर लाल प्रजापत और धापू देवी (65) पत्नी हीरालाल प्रजापत की मौत हो गई। मोनिका और राजन भाई-बहन थे। धापू देवी और रेखा मां-बेटी थे। शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं।

पायल (26) पत्नी कमलेश प्रजापत, कृष्णा (40) पत्नी कचरूलाल प्रजापत, बुलबुल (22) पुत्री कचरूलाल प्रजापत, ज्योति (37) पत्नी अर्जुन प्रजापत, अनिता (1) पुत्री अर्जुन और शकील खान (24) पुत्री नबी खान घायल हुए हैं।

अर्टिगा कार में सवार सभी 10 लोग मध्य प्रदेश के विक्रमगढ़ के रहने वाले हैं।

हादसे में कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। क्रेन की मदद से सड़क से कार को हटाया गया।

हादसे में कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। क्रेन की मदद से सड़क से कार को हटाया गया।

हादसे में मां-बेटी की जान गई
धापू देवी की बेटी भोली बाई (46) पत्नी रमेश प्रजापत 26 जुलाई को भागवत कथा सुनने ऋषिकेश गई थी। वहां 2 अगस्त (शुक्रवार) को भोली बाई की मौत हो गई। इसकी सूचना के बाद परिवार ऋषिकेश पहुंचा। वहां 3 अगस्‍त को अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद परिवार आज घर लौट रहा था। धापू देवी की 3 बेटियां थीं। सबसे बड़ी भोली बाई, दूसरे नंबर की रेखा और सबसे छोटी कृष्णा है। हादसे में धापू देवी के अलावा बेटी रेखा की मौत हो गई जबकि सबसे छोटी बेटी कृष्णा घायल है। वहीं, कृष्णा के बेटे राजन और बेटी मोनिका की भी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें…

जयपुर में कांवड़िए को घसीटती ले गई कार, मौत; JLN मार्ग पर टक्कर के बाद पहले बोनट पर गिरा, फिर गाड़ी के नीचे आया
जयपुर में SUV कार की टक्कर से कांवड़िए की मौत हो गई। JLN मार्ग पर गाड़ी की टक्कर के बाद युवक पहले बोनट पर गिरा। इसके बाद कार के नीचे आ गया। कार उसे करीब 50 मीटर तक घसीटती ले गई। वह गलताजी से जल भरकर चाकसू (जयपुर) जा रहा था। हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। (पूरी खबर पढ़ें)