येदियुरप्पा यौन उत्पीड़न केस, कर्नाटक हाईकोर्ट में सुनवाई आज: अदालत के सामने पेश हो सकते हैं पूर्व CM; नाबालिग से यौन शोषण का आरोप

  • Hindi News
  • National
  • Karnataka High Court Hearing In Yeddyurappa Sexual Harassment Case Today

बेंगलुरु24 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
येदियुरप्पा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया था। - Dainik Bhaskar

येदियुरप्पा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया था।

कर्नाटक के पूर्व CM बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ यौन उत्पीड़न केस में आज गुरुवार (5 सितंबर) को कर्नाटक हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। येदियुरप्पा आज कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश हो सकते हैं।

पिछली सुनवाई में कोर्ट ने एम नागप्रसन्ना की सिंगल बेंच ने येदियुरप्पा को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश न होने के अंतरिम आदेश को आज 5 सितंबर तक बढ़ाया था।

CID ​​के स्पेशल काउंसिल ने कोर्ट में एडिशनल चार्जशीट दाखिल करते हुए येदियुरप्पा को कोर्ट में पेश करने के लिए समय मांगा था, जिस पर जस्टिस एम नागप्रसन्ना ने उन्हें अंतरिम आदेश में छूट दी थी।

दरअसल, फरवरी 2024 में एक रेप पीड़ित लड़की पूर्व सीएम से मदद मांगने गई थी। उसने आरोप लगाया कि, येदियुरप्पा ने उसका यौन शोषण किया।14 मार्च को येदियुरप्पा के खिलाफ केस दर्ज हुआ।

13 जून को गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट बेंगलुरु की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने जारी किया। हालांकि, कर्नाटक हाईकोर्ट ने 14 जून को गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। कोर्ट ने कहा था कि येदियुरप्पा को CID के सामने पेश होना होगा।

कर्नाटक हाईकोर्ट ने अरेस्ट वारंट जारी करने को लेकर भी आपत्ति जताई थी। कोर्ट ने कहा था कि येदियुरप्पा पूर्व CM हैं। वे केस में सहयोग कर रहे हैं। उनकी उम्र और उनके व्यवहार को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जानी थी।

CID ने 27 जून को 750 पन्नों की चार्जशीट दायर की थी
येदियुरप्पा के खिलाफ पॉक्सो मामले में कर्नाटक CID ने 27 जून को 750 पन्नों की चार्जशीट दायर की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चार्जशीट में CID ने दावा किया है कि येदियुरप्पा ने नाबालिग और उसकी मां को रुपए दिए थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला अपनी 17 साल की बेटी के साथ 2 फरवरी 2024 को येदियुरप्पा से मिलने पहुंची। उसकी बेटी जब साढ़े 6 साल की थी, तब उसका यौन शोषण हुआ था। इस मामले में ही वो येदियुरप्पा से मदद मांगने पहुंची थी।

येदियुरप्पा नाबालिग को हाथ पकड़कर अपने साथ मीटिंग रूम में ले गए। यहां उन्होंने नाबालिग से पूछा कि क्या उसे उस व्यक्ति का चेहरा याद है, जिसने उसके साथ गलत काम किया था। इस पर नाबालिग ने हां में जवाब दिया। आरोप है कि इसी दौरान येदियुरप्पा ने नाबालिग से छेड़छाड़ की।

CID के मुताबिक, नाबालिग ने उनसे अपना हाथ छुड़ाया और मीटिंग रूम का दरवाजा खोलने का कहा। इस पर येदियुरप्पा ने नाबालिग को कुछ पैसे दिए और दरवाजा खोला। इसके बाद नाबालिग की मां को कुछ रुपए दिए और कहा कि वे उनकी मदद नहीं कर सकते।

यौन शोषण केस के बारे में 7 पॉइंट में समझिए

  1. 2 फरवरी 2024 को एक महिला 17 साल की बेटी के साथ येदियुरप्पा के डॉलर्स कॉलोनी स्थित घर रेप केस में मदद मांगने गई थी। आरोप है कि वहां लड़की से छेड़छाड़ हुई।
  2. 14 मार्च को नाबालिग की मां की शिकायत के आधार पर बेंगलुरु के सदाशिवनगर पुलिस स्टेशन में येदियुरप्पा के खिलाफ POCSO और 354 (A) के तहत मामला दर्ज किया गया।
  3. महिला ने कहा था कि जब उसने येदियुरप्पा से छेड़छाड़ के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वे जांच कर रहे थे कि लड़की के साथ रेप हुआ है या नहीं।
  4. FIR के मुताबिक, महिला ने बताया कि येदियुरप्पा ने माफी मांगी और मामले के बारे में किसी और न बताने का कहा था।
  5. FIR दर्ज करवाने वाली महिला (पीड़ित की मां) की 26 मई को मौत हो गई थी। वह लंग कैंसर की मरीज थीं। अब बेटा केस लड़ रहा है। कर्नाटक DIG ने मामले को CID को सौंप दिया था।
  6. मामला को लेकर येदियुरप्पा के ऑफिस ने कुछ दस्तावेज जारी किए थे। इनमें बताया गया कि FIR करने वाली महिला अब तक अलग-अलग लोगों पर 53 केस कर चुकी है।
  7. मामले में 2 फरवरी का 16 मिनट का एक वीडियो सबसे अहम पहलू है, जिसे मौत से पहले महिला ने पुलिस को सौंपा था। इसमें महिला-येदियुरप्पा की बातचीत और पुलिस कमिश्नर से फोन पर हुई बातचीत सुनाई दे रही है।

येदि बोले- मैंने मदद के लिए कमिश्नर को कहा था, वह मेरे खिलाफ ही बोलने लगी
येदियुरप्पा ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को गलत बताते हुए कहा था- कुछ दिन पहले एक महिला मेरे घर आई थी वह रोते हुए कह रही थी कि कुछ समस्या है। मैंने उससे पूछा कि मामला क्या है और मैंने खुद पुलिस को फोन किया, कमिश्नर को मामले की जानकारी दी और उनसे उसकी मदद करने को कहा। बाद में महिला मेरे खिलाफ बोलने लगी।

येदि ने बताया- मैंने ही यह मामला पुलिस कमिश्नर तक पहुंचाया है। कल पुलिस ने मेरे खिलाफ शिकायत दर्ज की। देखते हैं आगे क्या होता है। मैं ये नहीं कह सकता इसके पीछे कोई राजनीतिक मकसद है। मैंने पीड़ित की पैसों से मदद की थी। FIR का समय संदिग्ध है, क्योंकि ये चुनाव से ठीक पहले हुई है।

चार बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं बीएस येदियुरप्पा
बीएस येदियुरप्पा ने 2007 में सात दिनों के लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। इसके बाद वे 2008 को फिर CM बने थे। मई 2018 में तीन दिनों के लिए फिर मुख्यमंत्री का पद संभाला था। इसके बाद जुलाई 2019 से जुलाई 2021 तक चौथी बार कर्नाटक के CM रहे थे। हफ्तों चले ड्रामे और अनिश्चितता के बाद उन्होंने 2021 में इस्तीफा दे दिया था।

यह खबर भी पढ़ें …

बंगाल गवर्नर पर सेक्शुअल हैरेसमेंट का दूसरा केस, क्लासिकल डांसर बोली- बोस ने दिल्ली के होटल में शोषण किया

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस के खिलाफ सेक्शुअल हैरेसमेंट का एक और केस सामने आया है। उन पर एक ओडिसी क्लासिकल डांसर ने दिल्ली के एक 5 स्टार होटल में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शिकायत अक्टूबर 2023 में दर्ज कराई गई थी। पूरी खबर पढ़ें …

खबरें और भी हैं…