मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: हरियाणा में अग्निवीरों को सरकारी नौकरी में 10% आरक्षण; कर्नाटक सरकार ने प्राइवेट नौकरियों में आरक्षण का फैसला रोका; यूपी BJP में खींचतान

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; IAS Pooja Khedkar Fraud | UP CM Yogi Adityanath

9 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर हरियाणा सरकार के उस फैसले की रही, जिसमें अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में 10% आरक्षण देने का ऐलान किया गया है। एक खबर कर्नाटक की रही, यहां प्राइवेट नौकरियों में स्थानीय लोगों को 100% रिजर्वेशन देने से जुड़ा बिल फिलहाल रोक दिया गया है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. PM आवास पर केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में होने वाली बैठक में केंद्रीय बजट 2024 पर चर्चा की जाएगी।
  2. NEET में गड़बड़ी से जुड़ी 38 याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। अदालत रीएग्‍जाम पर फैसला दे सकती है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. यूपी BJP की खींचतान दिल्ली पहुंची, प्रदेश अध्यक्ष ने मोदी- शाह को रिपोर्ट सौंपी

CM योगी ने लखनऊ राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की।

CM योगी ने लखनऊ राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की।

लोकसभा चुनाव में कम सीटें मिलने के बाद भाजपा और सहयोगी पार्टी के नेता यूपी सरकार के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं। इस बीच, यूपी BJP अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। उन्होंने यूपी में सरकार और संगठन के बीच मौजूदा खींचतान और लोकसभा चुनाव की रिपोर्ट सौंपी। डिप्टी CM केशव मौर्य योगी सरकार पर लगातार निशाना साध रहे हैं। इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात की। हालांकि इसे शिष्टाचार भेंट बताया।

क्यों नाराज हैं केशव मौर्य: 2017 में यूपी विधानसभा चुनाव के समय केशव मौर्य भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष थे। BJP को बहुमत मिला, लेकिन योगी आदित्‍यनाथ CM बने। 2022 के चुनाव में केशव अपनी सीट हार गए। इसके बाद पार्टी में केशव की स्थिति कमजोर मानी गई। अब लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद योगी की स्थिति कमजोर मानी जा रही है। इसके चलते फिर से योगी और केशव के बीच मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं। उधर, केशव ने 14 जुलाई को प्रदेश कार्य समिति की बैठक में यह कहकर सियासी हलचल बढ़ा दी कि सरकार से बड़ा संगठन है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. हरियाणा में अग्निवीरों को सरकारी नौकरी में 10% आरक्षण, बिना ब्याज 5 लाख तक लोन
हरियाणा के CM नायाब सिंह सैनी ने अग्निवीरों को सरकारी नौकरी में 10% आरक्षण देने का ऐलान किया है। सैनी ने बताया कि अग्निवीरों को पुलिस कॉन्स्टेबल, माइनिंग गार्ड, फॉरेस्ट गार्ड, जेल वार्डन और SPO की सीधी भर्ती में 10% आरक्षण दिया जाएगा। ग्रुप C और D की भर्तियों में 3 साल की छूट भी मिलेगी। ग्रुप C की भर्ती में 5% आरक्षण मिलेगा। साथ ही 5 लाख तक का लोन बिना ब्याज के मिलेगा। इससे पहले CISF और BSF ने 12 जुलाई को पूर्व अग्निवीरों को 10% आरक्षण देने का ऐलान किया था।

क्या है अग्निवीर स्कीम: केंद्र सरकार ने 14 जून 2022 को थलसेना, नौसेना और वायुसेना में युवाओं की भर्ती के लिए अग्निपथ योजना शुरू की थी। इसके तहत अग्निवीरों को 4 साल के लिए भर्ती का प्रावधान है। 4 साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद अग्निवीर सेना में स्थायी नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं। सेना के अधिकारी अग्निवीरों को उनकी योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर स्थायी करने पर विचार करेंगे। 25% अग्निवीरों को स्थायी कैडर में भर्ती किया जाएगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. कर्नाटक में निजी नौकरियों में 100% आरक्षण पर विवाद, सरकार ने स्थानीय लोगों को रिजर्वेशन देने का बिल रोका

सिद्धारमैया की यह पोस्ट मंगलवार (16 जुलाई) की है, जिसमें उन्होंने कर्नाटक में प्राइवेट कंपनियों में ग्रुप सी और डी में स्थानीय लोगों को 100% आरक्षण देने की बात कही थी। हालांकि 17 जुलाई को उन्होंने पोस्ट डिलीट कर दी।

सिद्धारमैया की यह पोस्ट मंगलवार (16 जुलाई) की है, जिसमें उन्होंने कर्नाटक में प्राइवेट कंपनियों में ग्रुप सी और डी में स्थानीय लोगों को 100% आरक्षण देने की बात कही थी। हालांकि 17 जुलाई को उन्होंने पोस्ट डिलीट कर दी।

कर्नाटक सरकार ने प्राइवेट सेक्टर की नौकरियों में स्थानीय लोगों को आरक्षण देने के फैसले पर अस्थाई रोक लगा दी है। दरअसल, 15 जुलाई को सिद्धारमैया कैबिनेट ने एक बिल को मंजूरी दी थी। इसमें प्राइवेट कंपनियों में ग्रुप सी और डी में स्थानीय लोगों को 100% आरक्षण देने का प्रावधान था।

साथ ही नॉन-मैनेजमेंट पोस्ट के लिए 75% और मैनेजमेंट लेवल के स्टाफ के लिए 50% रिजर्वेशन का प्रावधान था। इस बिल को 18 जुलाई को विधानसभा में पेश करने की बात कही जा रही थी। हालांकि इस बिल को लेकर बड़ी इंडस्ट्रीज ने विरोध जताया, जिससे सरकार बैकफुट पर आ गई।

स्थानीय की परिभाषा क्या है: कर्नाटक सरकार के बिल के मुताबिक, स्थानीय वो है जो कर्नाटक में जन्मा हो, 15 वर्षों से राज्य में रह रहा हो और स्पष्ट रूप से कन्नड़ बोलने, पढ़ने और लिखने में सक्षम हो। कर्नाटक में 20% गैर कन्नड़ आबादी काम करती है। वहीं बेंगलुरु की कंपनियों में गैर कन्नड़ कर्मचारियों की तादाद 35% है।

5 राज्यों ने भी ऐसा कानून लाने की कोशिश की: कर्नाटक से पहले हरियाणा, झारखंड, MP, आंध्र और महाराष्ट्र में भी ऐसी ही घोषणाएं की गई थीं। ये राज्य निजी नौकरियों में स्थानीय लोगों को 75% तक आरक्षण देने का ऐलान कर चुके हैं। हालांकि किसी भी राज्य में इसे लागू नहीं किया जा सका। ये ऐलान कोर्ट में अटक गए, तो कहीं इन पर काम नहीं हुआ।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. शुभेंदु अधिकारी बोले- सबका साथ, सबका विकास की जरूरत नहीं, BJP को अल्पसंख्यक मोर्चा बंद कर देना चाहिए

शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में BJP की राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया।

शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में BJP की राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया।

पश्चिम बंगाल के BJP विधायक और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘भाजपा को अल्पसंख्यक मोर्चे की जरूरत नहीं है। हम जीतेंगे, हम हिंदुओं को बचाएंगे और संविधान को भी बचाएंगे।’ शुभेंदु ने ये भी कहा कि हमें ‘सबका साथ, सबका विकास’ की जरूरत नहीं। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में सबका साथ, सबका विकास का नारा दिया था। अपने बयान के कुछ घंटे बाद ही शुभेंदु ने सफाई देते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री का ये नारा अभी भी कायम है।’

शुभेंदु को ऐसा बयान क्यों देना पड़ा: पॉलिटिकल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी को लोकसभा चुनाव में मुस्लिम और हिंदू महिलाओं का ज्यादा वोट नहीं मिला। शुभेंदु का कहना है, ‘सबका साथ, सबका विकास बेकार की बात है। जो हमारे साथ है, हम उनके साथ हैं। राज्य में मुस्लिम वोट TMC को मिल रहा है। ऐसे में अल्पसंख्यक मोर्चे की क्या जरूरत है।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. डॉक्टर बोले- ट्रेनी IAS पूजा को 7% विकलांगता, कोटे से सिलेक्शन के लिए 40% डिसेबिलिटी जरूरी

UPSC सिलेक्शन को लेकर विवादों में घिरीं ट्रेनी IAS ऑफिसर पूजा खेडकर का विकलांगता सर्टिफिकेट सामने आया है। पुणे के यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल (YCM) अस्पताल से 24 अगस्त 2022 को जारी इस सर्टिफिकेट में उन्हें 7% विकलांग बताया गया है। UPSC के नियम के मुताबिक विकलांग कोटे से सिलेक्शन के लिए 40% डिसेबिलिटी होना जरूरी है।

पूजा ने एड्रेस भी गलत बताया था: पुणे के विकलांगता आयुक्त कार्यालय ने पुलिस को पूजा खेडकर की ओर से पेश किए गए सर्टिफिकेट की जांच करने के आदेश दिए हैं। इस सर्टिफिकेट में पूजा ने अपना एड्रेस भी गलत बताया था। पूजा पर UPSC के अटेम्प्ट बढ़ाने के लिए अपने नाम और उम्र में बदलाव करने के भी आरोप हैं। पूजा ने UPSC को दिए हलफनामे में दावा किया है कि वह मानसिक रूप से अक्षम हैं और उन्हें देखने में भी दिक्कत होती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. केजरीवाल की जमानत पर दिल्ली हाईकोर्ट में ढाई घंटे बहस हुई, 29 जुलाई को फैसला
शराब नीति केस में दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। करीब ढाई घंटे तक चली चली बहस के बाद कोर्ट ने कहा- जमानत याचिका पर सुनवाई 29 जुलाई को करेंगे।

केजरीवाल के खिलाफ ED-CBI के अलग-अलग मामले: केजरीवाल पर दो मामले दर्ज हैं। पहला ED का, जिसमें उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया गया है। ED ने केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। दूसरा CBI का, जिसे शराब नीति में भ्रष्टाचार को लेकर दर्ज किया गया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. दावा- ट्रम्प को मारने के लिए ईरान से साजिश हो रही; AK-47 के साथ युवक गिरफ्तार
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों को ट्रम्प को मारने के लिए रची जा रही ईरानी साजिश की जानकारी कई हफ्ते पहले मिली थी। हालांकि, ट्रम्प पर हमला करने वाला थॉमस इस साजिश का हिस्सा था या नहीं यह पता नहीं चल सका है। उधर, 16 जुलाई को अमेरिका के मिलवॉकी शहर में रिपब्लिकन पार्टी के कन्वेंशन के बाहर पुलिस ने 21 साल के युवक को AK-47 के साथ गिरफ्तार किया है। इसके बाद 43 साल के शख्स ने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया, पुलिस ने उसे मार गिराया।

सीक्रेट सर्विस पर सवाल उठ रहें: सीक्रेट सर्विस ने इंटेलिजेंस इनपुट मिलने के बाद ट्रम्प की सिक्योरिटी बढ़ा दी थी। अब ये सवाल उठ रहे हैं कि जब पहले से ही हमले का डर था, तब भी ट्रम्प की सुरक्षा में चूक कैसे हुई। इससे पहले मंगलवार को CNN ने दावा किया था कि हमलावर ने जिस इमारत की छत से ट्रम्प पर हमला किया, उसकी दूसरी मंजिल पर ही सर्विस यूनिट के स्नाइपर्स तैनात थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना-आतंकियों के बीच 2 बार फायरिंग: एक दिन पहले यहीं कैप्टन समेत 5 जवान शहीद हुए थे (पढ़ें पूरी खबर)
  2. नेशनल: केदारनाथ से 228 किलो सोना गायब होने का आरोप: मंदिर समिति के अध्यक्ष बोले- स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सनसनी न फैलाएं, सबूत है तो कोर्ट जाएं (पढ़ें पूरी खबर)
  3. स्पोर्ट्स: श्रीलंका दौरे पर सूर्या बन सकते हैं कप्तान: गंभीर की नजर लॉन्ग टर्म ऑप्शन पर, प्लान पर हार्दिक से भी बात की (पढ़ें पूरी खबर)
  4. नेशनल: कंचनजंगा एक्सप्रेस एक्सीडेंट की रिपोर्ट पेश: सिग्नल खराब था, ट्रेन 15 की स्पीड में चलानी थी लेकिन ड्राइवर्स को पता ही नहीं था (पढ़ें पूरी खबर)
  5. इंटरनेशनल: तेल टैंकर हादसे में बचाए गए 8 भारतीय: ओमान के पास समंदर में पलट गया था; भारतीय नौसेना ने सर्चिंग के लिए युद्धपोत INS तेग भेजा था (पढ़ें पूरी खबर)
  6. इंटरनेशनल: इटली में छुड़ाए गए 33 भारतीय, 2 आरोपी गिरफ्तार: गुलामों जैसे रखा, 10 घंटे काम, सैलेरी तक नहीं मिली; भागने पर दी थी मारने की धमकी (पढ़ें पूरी खबर)
  7. इंटरनेशनल: दुबई की प्रिंसेस ने पति को तीन तलाक दिया: इंस्टाग्राम पर लिखा- आप दूसरों के साथ व्यस्त, मैं आपको तलाक देती हूं (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

शिवाजी का ‘बाघनख’ लंदन से मुंबई लाया गया, सातारा के म्यूजियम में 7 महीने रखा जाएगा

छत्रपति शिवाजी महाराज के ‘बाघनख’ को लंदन से मुंबई लाया गया है। इसी बाघनख से शिवाजी महाराज ने 1659 में बीजापुर के सेनापति अफजल खान को मारा था। महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने बताया कि बाघनख को सतारा ले जाया जाएगा। इसे 7 महीने तक प्रदर्शनी के लिए रखा जाएगा। यह हथियार लंदन के विक्टोरिया एंड अल्बर्ट म्यूजियम में रखा था। लंदन म्यूजियम ने इसे 3 साल के लिए भारत को सौंपा है।

सन 1818 में ईस्ट इंडिया कंपनी ने अंग्रेज अधिकारी जेम्स ग्रांट डफ को सातारा कोर्ट में रेजिडेंट पॉलिटिकल एजेंट बनाकर भेजा था। तब जेम्स को बाघनख उपहार में दिया गया था। 1824 में डफ इंग्लैंड लौटे तो बाघनख को भी लंदन ले गए, जहां उनके वंशजों ने इसे विक्टोरिया एंड अल्बर्ट म्यूजियम को दान कर दिया।
पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…