मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: स्वाति से मारपीट केस में बिभव गिरफ्तार; केजरीवाल AAP नेताओं के साथ BJP हेडक्वार्टर जाएंगे; राजस्थान समेत 9 राज्यों में 5 दिन हीटवेव

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Arvind Kejriwal VS BJP | Swati Maliwal Controversy

22 घंटे पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल से जुड़ी रही, जिन्होंने AAP नेताओं के साथ भाजपा हेडक्वार्टर जाने की बात कही है। एक खबर देशभर में हीटवेव को लेकर अलर्ट से जुड़ी रही।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. PM मोदी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम में जनसभा करेंगे। इसके बाद पश्चिम बंगाल के पुरुलिया, विष्णुपुर और मेदिनीपुर में जनसभा करेंगे।
  2. राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव यूपी के प्रयागराज में जनसभा करेंगे।
  3. IPL में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच दिन का पहला मुकाबला होगा। दूसरा मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच होगा।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. स्वाति से मारपीट केस में बिभव गिरफ्तार; मेडिकल रिपोर्ट में AAP सांसद से मारपीट की पुष्टि

18 मई को स्वाति मालीवाल का एक और वीडियो सामने आया। 32 सेकेंड के वीडियो में सिक्योरिटी उन्हें CM हाउस से निकालते दिखाई दे रहे हैं।

18 मई को स्वाति मालीवाल का एक और वीडियो सामने आया। 32 सेकेंड के वीडियो में सिक्योरिटी उन्हें CM हाउस से निकालते दिखाई दे रहे हैं।

दिल्ली पुलिस ने AAP सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट के आरोपी अरविंद केजरीवाल के PA बिभव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। बिभव को तीस हजारी कोर्ट में पेश किया गया। जहां उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी गई। अदालत ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद अग्रिम जमानत का कोई सवाल ही नहीं बनता।

बिभव को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। स्वाति 13 मई को केजरीवाल से मिलने CM हाउस पहुंची थीं। आरोप है कि बिभव ने उनके साथ मारपीट और बदसलूकी की। मामले में 16 मई को FIR दर्ज हुई। मेडिकल रिपोर्ट में मालीवाल की आंख और पैर में चोट के निशान मिले हैं।

पुलिस बोली- छेड़छाड़ हुई है या नहीं, इसकी भी जांच होगी: दिल्ली पुलिस ने बताया कि CM हाउस के अंदर कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज की डीवीआर रिकॉर्डिंग को सील कर दिया गया है। इसकी भी जांच की जाएगी कि फुटेज के साथ कोई छेड़छाड़ हुई थी या नहीं। AAP नेता आतिशी ने कहा है कि भाजपा ने केजरीवाल को फंसाने के लिए स्वाति मालीवाल को भेजा था। हालांकि BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस आरोप को खारिज किया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. केजरीवाल बोले- भाजपा के दिल्ली हेडक्वार्टर आ रहा, PM को जिसे जेल में डालना हो डाल दें
दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल आज दोपहर 12 बजे AAP नेताओं के साथ BJP हेडक्वार्टर जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री जेल-जेल का खेल न खेलें। मैं भाजपा हेडक्वार्टर जा रहा हूं। आपको जिस-जिस को जेल में डालना है, डाल दीजिए। भाजपा के लोग आम आदमी पार्टी के पीछे पड़ गए हैं। मुझे, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और संजय सिंह को जेल में डाल दिया। मेरे PA (बिभव कुमार) को जेल में डाल दिया।’

केजरीवाल ने स्वाति का जिक्र नहीं किया: केजरीवाल ने 2 मिनट 33 सेकेंड के वीडियो में अपनी बात रखी। उन्होंने अपने PA बिभव कुमार का जिक्र तो किया, लेकिन AAP सांसद स्वाति मालीवाल पर एक भी शब्द नहीं बोले। इससे पहले केजरीवाल ने 16 मई को लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। तब भी उन्होंने स्वाति को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. राजस्थान समेत 9 राज्यों में 5 दिन तक हीटवेव का अलर्ट, दिल्ली का मुंगेशपुर सबसे गर्म

मौसम विभाग ने 5 दिन तक 9 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल और गुजरात शामिल हैं। इन राज्यों में 20 जगहों पर शनिवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। दिल्ली के मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस था।

हीट वेव क्या है: यह सबसे गर्म मौसम की अवधि है जो आमतौर पर दो या उससे अधिक दिन तक रहती है। जब किसी मैदानी इलाके का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा और पहाड़ी इलाके का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा हो जाता है, तो इसे हीटवेव (लू) माना जाता है। अगर तापमान 47 डिग्री या उससे ज्यादा हो जाता है तो यह हीटवेव की गंभीर कैटेगरी मानी जाती है।

54 करोड़ लोगों पर असर पड़ेगा: अमेरिका की जलवायु वैज्ञानिकों की संस्था ‘क्लाइमेट सेंट्रल’ ने कहा कि भारत में 54 करोड़ लोग 18-21 मई के दौरान कम से कम एक दिन भीषण गर्मी महसूस करेंगे। WHO के मुताबिक, 1998 से 2017 के बीच हीटवेव की वजह से दुनियाभर में 1.66 लाख लोगों की मौत हुई है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. मोदी बोले- देश की 140 करोड़ जनता मेरी वारिस; राहुल बोले- हमारा लक्ष्य संविधान की रक्षा करना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा और दिल्ली में जनसभाएं कीं। उन्होंने उत्तर पूर्वी दिल्ली में कहा, ‘मेरा कोई वारिस नहीं है। 140 करोड़ देशवासी मेरे वारिस हैं। कांग्रेस की 4 पीढ़ियों ने दिल्ली पर राज किया, लेकिन आज इनमें दिल्ली की 4 सीट पर लड़ने की ताकत नहीं रही। कांग्रेस वहां भी नहीं लड़ पा रही है, जहां इनका 10 जनपथ का दरबार है।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…

वहीं, राहुल गांधी ने दिल्ली के चांदनी चौक में जनसभा की। उन्होंने कहा, ‘हमारा लक्ष्य संविधान की रक्षा करना है। क्योंकि यही आपका भविष्य है, आपका सपना है और आपकी दिल की आवाज है। भाजपा और PM मोदी चाहते हैं कि संविधान चला जाए। अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया गया। कांग्रेस नेताओं की भी एक लिस्ट है। दिल्ली से एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. बंगाल सेक्शुअल हैरेसमेंट केस: राजभवन के 3 कर्मचारियों पर FIR, महिला को रोकते दिखे थे
पश्चिम बंगाल गवर्नर सीवी आनंद बोस से जुड़े सेक्शुअल हैरेसमेंट केस में कोलकाता पुलिस ने राजभवन के तीन कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। दरअसल, राजभवन की महिला स्टाफ ने दो मई को बोस के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था। राजभवन के 3 कर्मचारियों पर महिला को गलत तरीके से रोकने का आरोप है। हालांकि, बोस ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज किया है।

राज्यपाल पर लगे यौन शोषण के 2 आरोप…

  1. पहला महिला स्टाफ ने लगाया : 2019 से राजभवन में संविदा पर काम कर रही महिला ने 3 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह 24 मार्च को स्थायी नौकरी का निवेदन लेकर राज्यपाल के पास गई थी। तब राज्यपाल ने बदसलूकी की।
  2. दूसरा क्लासिकल डांसर ने लगाया: एक ओडिसी क्लासिकल डांसर ने दिल्ली के एक 5 स्टार होटल में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शिकायत अक्टूबर 2023 में दर्ज कराई गई थी। 14 मई को मामला सामने आया।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. इजराइली आर्मी को 3 बंधकों के शव मिले, इनमें 7 अक्टूबर को मारी गई युवती की बॉडी भी मिली
इजराइली सेना को गाजा में इजराइल के 3 बंधकों के शव मिले हैं। इनमें उस युवती का शव भी है, जिसे हमास के लड़ाकों ने निर्वस्त्र कर गाजा की गलियों में घुमाया था। नवंबर 2023 में सेना को इस युवती का कटा हुआ सिर मिला था। युवती 6 अक्टूबर 2023 को नोवा म्यूजिक फेस्टिवल में शामिल होने पहुंची थी। यहां 7 अक्टूबर की सुबह हमास के लड़ाकों ने हमला कर दिया था।

शवों की लोकेशन के बारे में जानकारी नहीं: इजराइली सेना ने यह नहीं बताया की शव गाजा के किस इलाके में मिले। फिलहाल सेना राफा इलाके में हमले कर रही है। 7 अक्टूबर को हुए हमले के दौरान हमास ने 253 लोगों को बंधक बनाया था। इनमें से 130 इजराइली नागरिक अब भी हमास की कैद में हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7.चेन्नई को हराकर प्लेऑफ में पहुंची RCB, जडेजा-धोनी आखिरी ओवर में 7 रन ही बना सके

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 27 रन से हराकर प्लेऑफ में जगह बना ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 5 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए। CSK 7 विकेट पर 191 रन ही बना सकी। एमएस धोनी, शार्दूल ठाकुर और रवींद्र जडेजा आखिरी ओवर में 7 रन ही बना सके।

मैच के हाईलाइट्स: बेंगलुरु के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 54 रन बनाए। विराट कोहली ने 47 रन और रजत पाटीदार ने 41 रन बनाए। चेन्नई की ओर से शार्दूल ठाकुर ने 2 विकेट लिए। मिचेल सैंटनर और तुषार देशपांडे ने 1-1 विकेट लिए। जवाब में चेन्नई की ओर से रचिन रवींद्र ने 61 रन बनाए। रवींद्र जडेजा ने 42 रन बनाए। बेंगलुरु की ओर से यश दयाल ने दो विकेट लिए। ग्लेन मैक्सवेल, कैमरन ग्रीन, मोहम्मद सिराज और लॉकी फर्ग्यूसन को 1-1 विकेट मिला।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: कश्मीर में आतंकियों ने टूरिस्ट कपल को गोली मारी: पति की हालत गंभीर, राजस्थान के जयपुर के रहने वाले हैं (पढ़ें पूरी खबर)
  2. नेशनल: पंतजलि की दवाओं के लाइसेंस पर लगा बैन हटा: उत्तराखंड सरकार ने 14 प्रोडक्ट्स का लाइसेंस रद्द किया था; कमेटी की रिपोर्ट के बाद आदेश रोका (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नेशनल: शराब नीति केस में अगली सुनवाई 20 मई को: ED ने 17 मई को 8वीं चार्जशीट दायर की थी, इसमें केजरीवाल-AAP को आरोपी बनाया है (पढ़ें पूरी खबर)
  4. नेशनल: अमेठी में स्मृति ने की प्रियंका की एक्टिंग: बोलीं- हूं-हूं-हूं करने वाली दीदी को बहुत दिक्कत, कहती हैं- बीजेपी धर्म-धर्म बोलती है, हूं (पढ़ें पूरी खबर)
  5. कर्नाटक सेक्स स्कैंडल: भाजपा नेता का दावा- प्रज्वल के वीडियो डिप्टी CM ने वायरल किए; देवगौड़ा बोले- प्रज्वल पर एक्शन से आपत्ति नहीं (पढ़ें पूरी खबर)
  6. स्पोर्ट्स: हार्दिक पर स्लो ओवर-रेट के लिए एक मैच का बैन: 30 लाख रुपए का जुर्माना भी; अगले IPL सीजन में पहला मैच नहीं खेल पाएंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  7. इंटरनेशनल: अमेरिका ने भारत के चुनाव की तारीफ की: कहा- भारत में जीवंत लोकतंत्र; US मीडिया ने कहा था- BJP जीती तो मुस्लिमों के लिए खतरा (पढ़ें पूरी खबर)
  8. नेशनल: सुप्रीम कोर्ट का मणिपुर सरकार को आदेश: UPSC एग्जाम के लिए मणिपुर से बाहर जा रहे कैंडिडेट्स को 3000 रुपए प्रतिदिन दें (पढ़ें पूरी खबर)
  9. नेशनल: UNLF के 34 विद्रोहियों ने भारत-म्यांमार बॉर्डर पर सरेंडर किया: असम राइफल्स के सामने हथियार डाले, मणिपुर में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे (पढ़ें पूरी खबर)
  10. एंटरटेनमेंट: फिल्ममेकर हंसल मेहता के खिलाफ एक्शन की तैयारी में सहारा परिवार: स्टेटमेंट में कहा गया- सुब्रत रॉय का नाम खराब करने की कोशिश, हमने घोटाला नहीं किया (पढ़ें पूरी खबर)
  11. नेशनल: भारत से इजराइल जा रहा था हथियारों से लदा जहाज: स्पेन ने नहीं दी रुकने की इजाजत, कहा- मिडिल ईस्ट को हथियार नहीं शांति चाहिए (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

नीदरलैंड में डिप्रेशन से जूझ रही महिला को इच्छा मृत्यु की मंजूरी

जोराया शारीरिक रूप से बिल्कुल फिट है। ऐसे में उनकी इच्छा मृत्यु को मिली मंजूरी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जोराया शारीरिक रूप से बिल्कुल फिट है। ऐसे में उनकी इच्छा मृत्यु को मिली मंजूरी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

नीदरलैंड में डिप्रेशन से जूझ रही 29 साल की महिला को इच्छा मृत्यु की अनुमति मिली है। जोराया नीदरलैंड में जर्मनी बॉर्डर के पास रहती हैं। इच्छा मृत्यु के लिए उन्होंने साढ़े तीन साल तक कोशिश की थी। जोराया को इसी महीने इच्छा मृत्यु दी जा सकती है। वह 10 साल से ऑटिज्म और असहनीय मानसिक परेशानियों से जूझ रही हैं। ऑटिज्म से जूझ रहा शख्स खुद को मारता है और चोट पहुंचाता है। उसमें आत्महत्या के विचार आते रहते हैं। नीदरलैंड पहला देश है, जिसने इच्छा मृत्यु को कानूनी अनुमति दी है। साल 2001 में वहां इच्छा मृत्यु को वैधता मिली।
पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…