मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: चिदंबरम बोले- भाजपा ऐसे चुनाव लड़ती है, जैसे आखिरी हो; सूरत में दुनिया का सबसे बड़ा ऑफिस कॉम्प्लेक्स; भारत से हारा साउथ अफ्रीका

  • Hindi News
  • National
  • Chidambaram Said BJP Fights Elections As If It Is The Last; World’s Largest Office Complex In Surat; India Defeated South Africa

2 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर राज्यसभा सांसद पी. चिदंबरम के बयान से जुड़ी रही, जिसमें उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों को सलाह दे डाली। एक खबर भारत और साउथ अफ्रीका के बीच जोहान्सबर्ग में खेले गए वनडे मैच की रही, जिसे टीम इंडिया ने 8 विकेट से जीता। वहीं PM मोदी ने सूरत में दुनिया के सबसे बड़े ऑफिस कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी दौरे का दूसरा दिन है। वे स्वर्वेद मंदिर का उद्घाटन करेंगे। यहां से वाराणसी और पूर्वांचल के लिए 19,155 करोड़ रुपए के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
  2. अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन इजराइल जाएंगे। यहां वे इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और डिफेंस मिनिस्टर यूवो गैलैंट से मुलाकात करेंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. चिदंबरम बोले- BJP चुनाव ऐसे लड़ती है, जैसे आखिरी हो, 2024 की हवा BJP की तरफ

कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि भाजपा चुनाव ऐसे लड़ती है, जैसे कि वह आखिरी हो। वह कभी भी चुनाव को हल्के में नहीं लेती। चिदंबरम ने ये भी कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में हवा का रुख भाजपा की तरफ है। हालांकि हवाएं दिशा बदल सकती हैं, लेकिन विपक्षी दलों को भाजपा की काबिलियत का एहसास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की हार की उम्मीद नहीं थी।

ये खबर अहम क्यों है: देश के कुल 28 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में से 16 में ‌BJP या उसके सहयोगी दलों की सरकार है। इनमें 12 राज्यों में BJP अकेले अपने दम पर सत्ता में है। वहीं कांग्रेस महज 3 राज्यों (तेलंगाना, कर्नाटक और हिमाचल) तक सिमट गई है। इसके अलावा पार्टी बिहार, झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A भी अभी तक सीट शेयरिंग को लेकर कोई फैसला नहीं ले सका है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. संसद घुसपैठ केस के आरोपियों के फोन बरामद, दिल्ली पुलिस को राजस्थान से जले हुए टुकड़े मिले
संसद घुसपैठ केस की जांच कर रही दिल्ली पुलिस ने घटना के 4 दिन बाद सभी आरोपियों के फोन बरामद कर लिए। हालांकि ये फोन पूरी तरह से जले हुए हैं। दिल्ली पुलिस की इन्वेस्टिगेशन टीम ने फोन के टुकड़ों को राजस्थान के नागौर से बरामद किया।

ये खबर अहम क्यों है: घुसपैठ का मास्टरमाइंड ललित झा सभी के फोन लेकर राजस्थान के नागौर भाग गया था। बाद में ललित ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पूछताछ में फोन को जलाने की बात कबूली थी। पुलिस ने ललित पर IPC की धारा 201 (सबूत नष्ट करना) के तहत भी मामला दर्ज किया है। पुलिस पश्चिम बंगाल के उस व्यक्ति की भी पहचान कर रही है, जिसे ललित ने घुसपैठ का वीडियो भेजा था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. भारत ने साउथ अफ्रीका को 8 विकेट से हराया, पहले वनडे में श्रेयस और सुदर्शन की फिफ्टी

भारत ने वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 8 विकेट से हरा दिया। साउथ अफ्रीका टीम 27.3 ओवर में 116 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अर्शदीप को 5 और आवेश को 4 विकेट मिले। 117 रन का टारगेट भारत ने 16.4 ओवर में ही हासिल कर लिया। श्रेयस अय्यर ने 52 रन बनाए। इस मैच से डेब्यू करने वाले साई सुदर्शन ने​​​​​​​ सबसे ज्यादा 55 रन बनाए। ​​​​​​​

ये खबर अहम क्यों है: इस जीत के साथ ही 3 मैचों की वनडे सीरीज में भारत ने 1-0 की बढ़ बना ली है। भारत ने साउथ अफ्रीका में 5 साल बाद वनडे जीता है। इससे पहले 2018 में टीम को विराट कोहली की कप्तानी में जीत मिली थी। 16 फरवरी 2018 को सेंचुरियन में भारत ने 8 विकेट से मुकाबला जीता था। पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. मोदी ने ‘सूरत डायमंड बोर्स’ का उद्घाटन किया, ये दुनिया का सबसे बड़ा ऑफिस कॉम्प्लेक्स

सूरत में बने इस मेगास्ट्रक्चर में 15 मंजिल के 9 ग्राउंड टावर हैं। ये टावर इंटरकनेक्टेड हैं।

सूरत में बने इस मेगास्ट्रक्चर में 15 मंजिल के 9 ग्राउंड टावर हैं। ये टावर इंटरकनेक्टेड हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूरत डायमंड बोर्स बिल्डिंग का उद्घाटन किया। ये दुनिया का सबसे बड़ा ऑफिस कॉम्प्लेक्स है। 3,500 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस बिल्डिंग का कंस्ट्रक्शन फरवरी 2015 में शुरू हुआ था। अप्रैल 2022 में इसका काम पूरा हुआ। इस साल अगस्त में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में बिल्डिंग का नाम दर्ज हुआ था। यह इमारत साढ़े 35.54 एकड़ में फैली है।

ये खबर अहम क्यों है: डायमंड बोर्स में 300 वर्ग फीट से 1 लाख वर्ग फीट तक के 4,500 से ज्यादा ऑफिस स्पेस हैं। इसके अलावा सेफ डिपॉजिट वॉल्ट, कॉन्फ्रेंस हॉल, मल्टिपर्पज हॉल, रेस्तरां, बैंक, कस्टम क्लीयरेंस हाउसेज, कन्वेंशन सेंटर, एग्जिबिशन सेंटर्स, ट्रेनिंग सेंटर्स, एंटरटेनमेंट और क्लब जैसी सुविधाएं हैं। ये अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन से बड़ी ऑफिस बिल्डिंग है।​​​​​​​
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. एनिमल ने वर्ल्डवाइड ₹800 करोड़ कमाए, भारत में 498 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया
रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया है। वहीं भारत में फिल्म ने 498 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की लिस्ट में ‘एनिमल’ फिलहाल छठे नंबर पर है। पहले पर दंगल, दूसरे पर जवान और तीसरे पर पठान है।

ये खबर अहम क्यों है: एनिमल डोमेस्टिक कलेक्शन के मामले में 500 करोड़ क्लब में जल्द ही एंट्री करने वाली है। यह फिल्म दूसरे वीकेंड पर सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली हिंदी फिल्म बन है। साथ ही सबसे ज्यादा कमाई करने वाली A सर्टिफाइड फिल्म है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. महाराष्ट्र में एक्सप्लोसिव कंपनी में धमाका, 9 की मौत, गोला-बारूद होने से बिल्डिंग भी ध्वस्त​​​​​​​

तस्वीर सोलर इंडस्ट्रीज के गेट की है। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मौके पर पहुंचकर घायलों और मृतकों के लिए मुआवजे का ऐलान किया।

तस्वीर सोलर इंडस्ट्रीज के गेट की है। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मौके पर पहुंचकर घायलों और मृतकों के लिए मुआवजे का ऐलान किया।

महाराष्ट्र के नागपुर में एक्सप्लोसिव कंपनी सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड में धमाका हो गया। इससे इमारत में आग लग गई। 12 लोग इसकी चपेट में आ गए। 9 की मौत हो गई और तीन घायल हैं। धमाका इतना तेज था कि प्लांट की इमारत भी ध्वस्त हो गई।

ये खबर अहम क्यों है: इस फैक्ट्री में सेना के लिए हथियार बनाए जाते हैं। जिसके चलते यहां भारी मात्रा में गोला-बारूद मौजूद था। वहीं ब्लास्ट के बाद जहरीला केमिकल पूरे प्लांट में फैल गया। इसी साल अगस्त में भी यहां आग लगी थी। उस वक्त कचरे में धमाका हुआ था जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई थी। ​​​​​​​
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. जयशंकर बोले- UNSC ओल्ड क्लब जैसा, कहा- पुराने मेंबर पकड़ खोना नहीं चाहते

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि UNSC क्लब के मेंबर नहीं चाहते कि उनके कामों पर कोई सवाल खड़ा करे।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि UNSC क्लब के मेंबर नहीं चाहते कि उनके कामों पर कोई सवाल खड़ा करे।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल (UNSC) को ओल्ड क्लब के जैसा बताया है। उन्होंने कहा कि इसमें शामिल कुछ सदस्य अपनी पकड़ कमजोर नहीं होने देना चाहते हैं। उन्हें लगता है कि नए सदस्य के आने पर उनकी अहमियत घट जाएगी। जयशंकर ने कहा कि मौजूदा चुनौतियों से निपटने के लिए UNSC में सुधार लाने की जरूरत है।

ये खबर अहम क्यों है: सुरक्षा परिषद में कुल 15 सदस्य देश हैं, जिनमें 5 स्थायी और 10 अस्थायी हैं। स्थायी सदस्यों में अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, रूस और चीन शामिल हैं। भारत समेत कई देश चाहते हैं कि UNSC में स्थायी सदस्यों की संख्या बढ़ाई जाए। PM मोदी ने दिल्ली में आयोजित G20 समिट के दौरान कहा था कि जब संयुक्त राष्ट्र (UN) की स्थापना हुई थी, तब इसमें 51 संस्थापक सदस्य थे। आज UN में शामिल देशों की संख्या 200 है। इसके बावजूद UNSC में स्थायी सदस्य ज्यों के त्यों हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. ​​​​​​​MP में मंत्रिमंडल पर दिल्ली में नड्डा के घर मंथन: शाह रहे मौजूद; CM डॉ. मोहन यादव, दोनों डिप्टी सीएम, विजयवर्गीय, तोमर, पटेल हुए शामिल (पढ़ें पूरी खबर)
  2. भजनलाल सरकार में 15 से 17 मंत्री बनेंगे: दिल्ली में जेपी नड्डा के घर पर चली डेढ़ घंटे बैठक; जल्द होगा मंत्रिमंडल का गठन (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नक्सली हमले में CRPF के सब इंस्पेक्टर शहीद: एक जवान घायल, छत्तीसगढ़ के सुकमा में सर्चिंग पर निकले थे; 4 दिनों में यह चौथा अटैक (पढ़ें पूरी खबर)
  4. सुंदरबन में BSF की समुद्री बटालियन रोकेगी बांग्लादेशी घुसपैठ: ब्लू प्रिंट तैयार; ऑल-टेरेन व्हीकल्स के साथ तैनात होंगे 1 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी (पढ़ें पूरी खबर)
  5. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट नहीं खेलेंगे ईशान: पारिवारिक कारणों से भारत लौटे; किशन की जगह केएस भरत स्क्वॉड में शामिल (पढ़ें पूरी खबर)
  6. PAK आर्मी चीफ बोले- कश्मीर पर भारत का फैसला गैर-कानूनी: UN चीफ से कहा- शांति के लिए कश्मीरियों की मर्जी से हल निकालना जरूरी (पढ़ें पूरी खबर)
  7. ट्रम्प बोले- अमेरिका में जहर घोल रहे अवैध अप्रवासी: कहा- बाइडेन अब तक सबसे भ्रष्ट राष्ट्रपति, देश को नर्क में ले जा रहे (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

सिर्फ वीकेंड पर घर आने वाली पत्नी के खिलाफ पति की शिकायत
गुजरात के अहमदाबाद में एक पति ने फैमिली कोर्ट में शिकायत की है। उसने मांग की है कि पत्नी को उसके साथ रहने का निर्देश दिया जाए, क्योंकि वह महीने में दो दिन ही घर आती है। पति ने दावा किया कि बेटे के जन्म के बाद भी पत्नी नौकरी के बहाने अपने माता-पिता के साथ रहती है। इसके बाद पत्नी ने भी हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। पत्नी का कहना है कि हर वीकेंड पति के घर जाती है। इसलिए अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटी है। पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…