मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: किसानों का दिल्ली कूच 2 दिन टला; यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन; कांग्रेस का आरोप- IT डिपार्टमेंट ने अकाउंट से ₹65 करोड़ निकाले

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Delhi Kisan Andolan | SP Congress Alliance In UP

5 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर किसान आंदोलन से जुड़ी रही। आंदोलन के 9वें दिन किसानों ने दिल्ली कूच की कोशिश की। इस दौरान झड़प में घायल एक किसान और एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। एक खबर कांग्रेस से जुड़ी रही, जिसमें पार्टी ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट पर अकाउंट से 65 करोड़ रुपए निकालने का आरोप लगाया है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद में अमूल के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद तरभ, नवसारी और काकड़ापार में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
  2. श्रीकृष्ण जन्मस्थान-शाही ईदगाह विवाद पर इलाहाबाद हाई कोर्ट में सुनवाई होगी। हिंदू पक्ष का दावा है कि शाही मस्जिद ईदगाह की संपत्ति नहीं है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. किसानों का दिल्ली कूच टला, किसान की मौत के बाद फैसला; पंधेर बोले- हम रणनीति बनाएंगे

पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों ने दिल्ली कूच दो दिन के लिए टाल दिया है। इससे पहले किसानों और पुलिस के बीच दिनभर टकराव हुआ। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने रबर बुलेट और आंसू गैस के गोले दागे। झड़प में एक किसान और एक सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई। 12 किसान और 12 पुलिसकर्मी भी घायल हैं। जिसके बाद किसानों ने दिल्ली कूच का प्लान टाल दिया। किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि अगले 2 दिन हम रणनीति बनाएंगे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. सपा-कांग्रेस में यूपी की 17 सीटों पर सहमति, MP की खजुराहो सीट कांग्रेस ने सपा को दी
यूपी में विपक्षी गठबंधन (I.N.D.I.A.) के तहत सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग पर सहमति बन गई है। कांग्रेस 17 सीटों पर जबकि सपा 63 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उधर, मध्य प्रदेश की खजुराहो सीट पर सपा अपना कैंडिडेट उतारेगी। कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि प्रियंका गांधी ने गठबंधन को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। इस फैसले के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव राहुल की यात्रा में शामिल होंगे।

कांग्रेस ने 20 सीटें मांगी थीं, 17 मिलीं: सपा ने कांग्रेस को अमेठी, रायबरेली, प्रयागराज, वाराणसी, महाराजगंज, देवरिया, बांसगांव, सीतापुर, अमरोहा, बुलंदशहर, गाजियाबाद, कानपुर, झांसी, बाराबंकी, फतेहपुर सिकरी, सहारनपुर और मथुरा सीटें दी हैं। कांग्रेस ऐसी सीटें चाहती थी, जिस पर उसकी जीत की संभावना ज्यादा है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. राजस्थान के CM ने खत्म किया VIP कल्चर, ट्रैफिक लाइट पर रुकेगा उनका काफिला

जयपुर के ओटीएस चौराहे पर बुधवार रात रेड सिग्नल पर CM भजनलाल शर्मा का काफिला रुका।

जयपुर के ओटीएस चौराहे पर बुधवार रात रेड सिग्नल पर CM भजनलाल शर्मा का काफिला रुका।

राजस्थान के CM भजनलाल शर्मा ने DGP को फोन कर कहा कि उनके काफिले के लिए अन्य गाड़ियों को न रोका जाए। भजनलाल अब आम आदमी की तरह ट्रैफिक में चलेंगे। रेड सिग्नल होने पर उनका काफिला भी चौराहों पर रुकेगा।

इस फैसले का क्या असर होगा: VIP मूवमेंट की वजह से लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। CM सहित अन्य VIPs के मूवमेंट के समय अक्सर जाम लगता था। ऐसे में गंभीर मरीजों को परेशानी होती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. कांग्रेस का आरोप- IT ने अकाउंट से पैसे निकाले, बकाया टैक्स से 65 करोड़ रुपए जब्त किए
कांग्रेस ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट पर पार्टी के बैंक खातों से 65 करोड़ रुपए निकालने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा कि टैक्स रिटर्न का मामला इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल (ITAT) में पेंडिंग है। इस मामले पर आज सुनवाई होगी। कांग्रेस ने अपील की है कि मामले के निपटारे तक IT कोई कार्रवाई न करे।

अकाउंट फ्रीज करने का आरोप भी लगाया था: इससे पहले 16 फरवरी को कांग्रेस ने IT पर पार्टी के बैंक अकाउंट फ्रीज को करने का आरोप लगाया था। कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि इनकम टैक्स ने यूथ कांग्रेस और कांग्रेस से 210 करोड़ रुपए की रिकवरी मांगी है। इसके कुछ घंटों बाद इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल ने कांग्रेस के फ्रीज खातों पर लगी रोक हटा दी थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. मशहूर रेडियो होस्ट अमीन सयानी का निधन, 42 साल तक सुपरहिट शो गीतमाला चलाया

अमीन सयानी ने अपने करियर की शुरुआत ऑल इंडिया रेडियो से की थी।

अमीन सयानी ने अपने करियर की शुरुआत ऑल इंडिया रेडियो से की थी।

42 साल तक अपने शानदार अंदाज और आवाज से लोगों को रेडियो का दीवाना बनाने वाले अमीन सयानी का हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनकी उम्र 91 साल थी। सयानी के बेटे रजिल ने बताया कि पिता का अंतिम संस्कार गुरुवार को होगा। अमीन सयानी ने 1952 से 1994 तक विविध भारती के शो गीतमाला को होस्ट किया। उनकी वजह से इस शो को लोकप्रियता मिली।

सयानी के अंदाज का हर कोई दीवाना: गीतमाला शो रेडियो पर बुधवार रात 8 बजे ब्रॉडकास्ट होता था। आलम यह था कि हर कोई इस शो का इंतजार करता था। घर, दुकान, बाजार हर जगह लोग सयानी को सुनने के लिए बेकरार रहते थे। फिर गूंजती थी एक आवाज- बहनो और भाइयो, मैं आपका दोस्त अमीन सयानी बोल रहा हूं और अब इस बरस बिनाका गीतमाला की वार्षिक हिट परेड का सरताज गीत। इसके बाद बिगुल की आवाज गूंजती और फिर अमीन सयानी कहते, ‘फिल्म सूरज का गाना है ये बहनो और भाइयो। इसे गाया है मोहम्मद रफी ने।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. रिलायंस अगले महीने AI चैटबॉट ‘हनुमान’ लॉन्च करेगी, Jio ब्रेन पर भी काम कर रही कंपनी
मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड अगले महीने ChatGPT के जैसा AI चैटबॉट ‘हनुमान’ लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी इसके लिए 8 यूनिवर्सिटीज के साथ मिलकर काम कर रही है, जिसे ‘भारत GPT ग्रुप’ नाम दिया गया है। कंपनी ने एक टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस के दौरान ये AI चैटबॉट दिखाया।

कंपनी Jio ब्रेन पर भी काम कर रही है, जो लगभग 45 करोड़ कस्टमर्स के नेटवर्क पर AI के इस्तेमाल का एक प्लेटफॉर्म है। ये इसलिए भी जरूरी है क्योंकि देश में 1.4 अरब की आबादी में लाखों लोग पढ़ या लिख नहीं सकते।

हनुमान के पास स्पीच-टू-टेक्स्ट कैपेबिलिटी: IIT बॉम्बे के कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के चेयरमैन गणेश रामकृष्णन ने कहा कि यह LLM (लार्ज लैंग्वेज मॉडल) की एक अलग स्टाइल है। हनुमान के पास स्पीच-टू-टेक्स्ट कैपेबिलिटी भी होगी। उन्होंने कहा, ‘रिलायंस जियो स्पेसिफिक यूजर्स के लिए कस्टमाइज मॉडल भी तैयार करेगा।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. 9वें रायसीना डायलॉग में ग्रीक PM का संबोधन, कहा- भारत लोकतांत्रिक ताकत का सबसे बड़ा सबूत

फुटेज में ग्रीस के PM किरियाकोस मित्सोटाकिस रायसीना डायलॉग को संबोधित करते दिख रहे हैं। यह सम्मेलन 23 फरवरी तक चलेगा।

फुटेज में ग्रीस के PM किरियाकोस मित्सोटाकिस रायसीना डायलॉग को संबोधित करते दिख रहे हैं। यह सम्मेलन 23 फरवरी तक चलेगा।

ग्रीस के PM किरियाकोस मित्सोटाकिस ने 9वें रायसीना डायलॉग में बतौर चीफ गेस्ट संबोधन दिया। मित्सोटाकिस ने कहा कि भारत लोकतंत्र की ताकत का सबसे बड़ा सबूत है। भारत आज दुनिया में सबसे बड़ी ताकतों में से एक है। भारत के साथ साझेदारी बढ़ाना यूरोप की विदेश नीति का आधार होना चाहिए।

115 देशों के डेलीगेट्स शामिल हो रहे: इस बार के रायसीना डायलॉग में 115 देशों के 2500 से ज्यादा डेलीगेट्स शामिल हो रहे हैं। इस दौरान रूस-यूक्रेन और इजराइल-हमास जंग के अलावा कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। रायसीना डायलॉग किसी थर्ड वर्ल्ड देश में इतने बड़े पैमाने पर होने वाला इकलौता सम्मेलन है। इस पर दुनियाभर के पॉलिसी मेकर्स और जियोपॉलिटिक्स में अहम भूमिका निभाने वाले लोगों की नजर रहती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: केजरीवाल बोले-सीट शेयरिंग पर कांग्रेस से चर्चा आखिरी चरण में: पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने पर कहा- हमने जीतने के लिए यह फैसला किया (पढ़ें पूरी खबर)
  2. नेशनल: कानूनविद फली एस नरीमन का निधन: इमरजेंसी के विरोध में ASG पद से इस्तीफा दिया था, 2007 में पद्म विभूषण से सम्मानित हुए (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नेशनल: मराठा आरक्षण पर पेंच, फिर आंदोलन की तैयारी: जरांगे बोले- अब बच्चे-बुजुर्ग भी शामिल होंगे, यह सरकार अंग्रेजों से भी बुरी (पढ़ें पूरी खबर)
  4. साइंस: ISRO को मानव अंतरिक्ष मिशन में एक और कामयाबी: CE20 क्रायोजेनिक इंजन ह्यूमन रेटिंग में पास, यह गगनयान में इस्तेमाल होगा (पढ़ें पूरी खबर)
  5. नेशनल: शादी के बाद महिला को नौकरी से निकालना लैंगिक असमानता: पूर्व आर्मी नर्स के पक्ष में SC का फैसला; केंद्र को आदेश- 60 लाख मुआवजा दें (पढ़ें पूरी खबर)
  6. इंटरनेशनल: पाकिस्तान में नवाज और बिलावल की पार्टियों में सरकार बनाने पर सहमति; शाहबाज PM, आसिफ अली जरदारी राष्ट्रपति बनेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  7. इंटरनेशनल: रूस ने नवलनी की मौत को छिपाया: एक्टिविस्ट का साथी कैदी बोला- उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी, जेल अफसरों ने हर सबूत मिटा दिया (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

सबसे छोटी महिला और सबसे लंबे पुरुष की मुलाकात

दुनिया के सबसे लंबे शख्स सुल्तान कोसेन ने दुनिया की सबसे छोटे कद की महिला ज्योति अमागे से मुलाकात की। तुर्किये के कोसेन की हाइट 8 फीट 28 इंच है। वहीं भारत की ज्योति 2 फीट 7 इंच लंबी हैं। दोनों की यह मुलाकात कैलिफोर्निया में हुई। इससे पहले दोनों 2018 में साथ नजर आए थे। तब उन्होंने फोटो शूट भी कराया था। यूनिक हाइट की वजह से दोनों के नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…