मुंबई में तेज रफ्तार BMW ने दंपत्ति को टक्कर मारी: महिला की मौत; शिवसेना नेता का बेटा गाड़ी चला रहा था, एक्सीडेंट के बाद फरार

मुंबई11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
दंपत्ति स्कूटी पर सवार थे। कार से टक्कर के बाद पति-पत्नी बोनट पर गिर गए। - Dainik Bhaskar

दंपत्ति स्कूटी पर सवार थे। कार से टक्कर के बाद पति-पत्नी बोनट पर गिर गए।

महाराष्ट्र के पुणे में चर्चित पोर्श एक्सीडेंट केस के बाद मुंबई में रविवार (7 जुलाई) को हिट-एंड-रन की एक और घटना हुई। मुंबई के वर्ली में रविवार (7 जुलाई) सुबह एक तेज रफ्तार BMW ने स्कूटी सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी। ड्राइवर ने मौके से भागने के दौरान 45 साल की महिला को कार से 100 मीटर तक घसीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पति घायल है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना के नेता राजेश शाह का 24 साल का बेटा मिहिर शाह चला रहा था। उसके साथ ड्राइवर भी था। घटना के बाद से दोनों फरार हैं। पुलिस ने राजेश शाह को हिरासत में लिया है। कार भी जब्त कर ली है।

मृत महिला की फाइल फोटो।

मृत महिला की फाइल फोटो।

मछली खरीदकर बाइक से लौट रहे थे कपल
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि वर्ली के कोलीवाड़ा इलाके में रहने वाले प्रदीप नखवा और उनकी पत्नी कावेरी नखवा सुबह 5:30 बजे ससून डॉक पर मछली खरीदने गए थे। वापस लौटने के दौरान अटरिया मॉल के पास एक तेज रफ्तार BMW ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पलट गई और दोनों पति-पत्नी कार के बोनट पर गिर गए। पति खुद को बचाने की कोशिश में बोनट से तुरंत कूद गया, लेकिन पत्नी उठ नहीं सकी।

भागने की हड़बड़ी में आरोपी ने महिला को कार से करीब 100 मीटर तक घसीटा। इसके बाद आरोपी मिहिर और उसका ड्राइवर भाग गए। घायल महिला को मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पति का फिलहाल इलाज चल रहा है।

कार पर पार्टी का निशान था, हादसे के बाद मिटाने की कोशिश की
हादसे के बाद वर्ली पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी चेक किए, जिसके बाद पता चला की गाड़ी शिवसेना नेता राजेश शाह की है। राजेश शाह पालघर में शिवसेना के शिंदे गुट के डिप्टी लीडर हैं।

वर्ली पुलिस ने हिट-एंड-रन का मामला दर्ज कर सफेद रंग की BMW कार जब्त की है। कार पर शिवसेना (शिंदे गुट) का निशान है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि हादसे के बाद उस निशान को मिटाने की कोशिश की गई थी।

शिवसेना नेता का बेटा जुहू के बार से शराब पीकर लौट रहा था
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मिहिर शाह घटना के वक्त नशे में था। उसने शनिवार (6 जुलाई) की रात जुहू के एक बार में शराब पी। घर जाते समय उसने ड्राइवर से लॉन्ग ड्राइव पर चलने को कहा।

वर्ली में मिहिर ने गाड़ी ड्राइव करने की जिद की और कार चलाने लगा। थोड़ी दूर आगे बढ़ने के बाद उसने दंपत्ति को टक्कर मार दी। घटना के बाद से उसने अपना फोन बंद कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।