मानसून सत्र का 15वां दिन: लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर दूसरे दिन चर्चा जारी रहेगी, पीएम मोदी कल जवाब दे सकते हैं

  • Hindi News
  • National
  • Rahul Gandhi; Parliament No Confidence Motion LIVE Update; Amit Shah | Mallikarjun Kharge  Narendra Modi

नई दिल्ली8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
लोकसभा में विपक्ष, सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है। संसद के बाहर कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी (बाएं) से बात करते केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल (पगड़ी लगाए) और प्रहलाद जोशी। - Dainik Bhaskar

लोकसभा में विपक्ष, सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है। संसद के बाहर कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी (बाएं) से बात करते केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल (पगड़ी लगाए) और प्रहलाद जोशी।

संसद के मानसून सत्र का आज यानी 9 अगस्त को 15वां दिन है। लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा चल रही है। 8 अगस्त यानी सोमवार को बहस की शुरुआत हुई थी। कांग्रेस की तरफ से गौरव गोगोई ने कहा कि प्रस्ताव लाने का मकसद पीएम का मौन तोड़ना है।

भाजपा की तरफ से निशिकांत दुबे ने कहा कि सोनिया गांधी का एक ही मकसद है- बेटे को सेट करना और दामाद को भेंट करना। जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव पर बहस का जवाब दे सकते हैं।

जानें अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में किसने क्या कहा…

गौरव गोगोई (कांग्रेस)
प्रधानमंत्री को यह स्वीकार करना होगा कि उनकी डबल इंजन सरकार, मणिपुर में विफल हो गई। इसलिए मणिपुर में 150 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। राज्य के CM, जिन्हें बातचीत का, शांति और सद्भाव का माहौल बनाना चाहिए था, उन्होंने पिछले 2-3 दिनों में भड़काऊ कदम उठाए हैं जिससे समाज में तनाव पैदा हो गया है।

सरकार से 3 सवाल पूछे

  • प्रधानमंत्री मोदीजी मणिपुर क्यों नहीं गए। राहुल गए, INDIA अलायंस के सांसद गए, गृहमंत्री गए।
  • अस्सी दिन क्यों लगे मणिपुर पर बोलने में। बोले तो सिर्फ 30 सेकेंड बोले। आज तक संवेदना का कोई शब्द व्यक्त नहीं किया। प्रधानमंत्री होने के नाते उनके शब्दों का जो महत्व है, वो किसी मंत्री के शब्दों में नहीं है। शांति के कदम की शुरुआत PM करें तो वो अच्छा है, मंत्री के कदम में ये ताकत नहीं।
  • मणिपुर के मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया। गुजरात में जब राजनीति करनी थी तो एक बार नहीं दो बार CM बदले। उत्तराखंड में 3 बार बदला, त्रिपुरा में बदला। मणिपुर के CM को क्या विशेष आशीर्वाद है, जो खुद स्वीकार कर रहे हैं कि इंटेलिजेंस फेलियर हुआ।

निशिकांत दुबे (भाजपा)
हमें राहुल गांधी के बोलने की उम्मीद थी, पर वो नहीं बोले। लगता है, राहुल जी तैयार नहीं थे, देर से उठे होंगे। उन्होंने INDIA गठबंधन पर भी हमला बोला। कहा कि पीएम बोलते हैं कि ये अविश्वास प्रस्ताव नहीं, ये अपोजिशन में विश्वास प्रस्ताव है कि कौन किसके साथ है।

दुबे ने कांग्रेस की पूर्व अध्‍यक्ष सोनिया गांधी के नाम पर चुटकी ली। दुबे ने कहा, ‘भारतीय नारी को क्‍या-क्‍या करना चाहिए, उसकी पूरी की पूरी पिक्‍चर सोनिया जी देती हैं। उनको दो काम करने हैं- बेटे को सेट करना है और दामाद को भेंट करना है।’ मैंने दोनों बातें कहीं। मैं अपनी बात पर कायम हूं। नेशनल हेराल्ड पर इनकम टैक्स का केस चल रहा है। इनकम टैक्स ने कहा कि जितने केस हैं, उसकी असेसमेंट करें। हाईकोर्ट का आदेश आ गया कि इसे सेंट्रलाइज्ड करना है। तभी ये सुप्रीम कोर्ट चले गए। एक लाख रुपया देकर कोई पांच हजार करोड़ की कंपनी ले सकता है, ये तो यही जानें।

लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी। 7 अगस्त को ही उनकी सांसदी बहाल हुई थी। 4 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने मानहानि केस में दोषसिद्धि पर रोक लगाई थी।

लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी। 7 अगस्त को ही उनकी सांसदी बहाल हुई थी। 4 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने मानहानि केस में दोषसिद्धि पर रोक लगाई थी।

किरेन रिजिजू (भाजपा)
आप दिल्ली में बैठे लोग यह मत सोचिए कि मणिपुर आज जल गया है। यह आपकी सालों की लापरवाही के कारण हुआ है। आपकी खराब नीतियों के चलते मणिपुर का आज ये हाल हुआ। आपने उन्हें उनके भाग्य पर छोड़ दिया। मणिपुर में सबसे ज्यादा उग्रवादी संगठन थे, लेकिन 2014 के बाद कोई भी उग्रवादी संगठन टिक नहीं पाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार में आने के बाद सबका विश्वास जीता।

मैं 2004 से इस सदन (लोकसभा) का सदस्य हूं। एक दौर वो भी था, जब यही कांग्रेस TMC नेता ममता बनर्जी को ढंग से बोलने भी नहीं देती थी। यही वो कांग्रेस है, जो नॉर्थ ईस्ट के सांसदों को संसद में बोलने नहीं देते थे। हम छोटी पार्टी थे तो हमें बोलने का वक्त तक नहीं दिया जाता था। कांग्रेस पूर्वोत्तर राज्यों को भारत का हिस्सा तक नहीं मानती थी। ये लोग भारत विरोधी काम करेंगे और अपने गठबंधन का नाम INDIA रख लेंगे।

पिनाकी मिश्रा (बीजेडी)
हमारे लिए कांग्रेस के लाए किसी मोशन का समर्थन का सवाल ही नहीं उठता।

सौगत रॉय (टीएमसी)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के संघीय ढांचे को खत्म कर रहे हैं।

सुप्रिया सुले (एनसीपी)
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को इस्तीफा दे देना चाहिए। जो मणिपुर में हुआ, वो शर्मनाक है। क्या आप इसकी अनुमति दे सकते हैं? क्या आप देश की महिलाओं को शर्मिंदा होने देना चाहते हैं? अपने मन से पूछिए, क्या इस सरकार को समर्थन दे सकते हैं?

अविश्वास प्रस्ताव सदन में ज्यादातर बार फेल होता है, लेकिन फिर भी ये विपक्ष का हथियार क्यों?
1963 में प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के नेता जेबी कृपलानी ने लोकसभा में पहला अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। हालांकि, वोटिंग में PM जवाहरलाल नेहरू की सरकार बहुमत हासिल करने में कामयाब रही थी।

आचार्य कृपलानी ने इस अविश्वास प्रस्ताव को पेश करते हुए कहा था, ‘मेरे लिए यह बेहद दुख की बात है कि मुझे ऐसी सरकार के खिलाफ प्रस्ताव लाना पड़ रहा है, जिस सरकार में मेरे 30 साल पुराने कई दोस्त शामिल हैं। इसके बावजूद अपने कर्तव्य और अंतरात्मा की आवाज पर सरकार की जवाबदेही के लिए मैं ये प्रस्ताव ला रहा हूं।’

इसके जवाब में PM जवाहरलाल नेहरू ने कहा था, ‘इस तरह के प्रस्ताव के जरिए सरकारों का समय-समय पर परीक्षण किया जाना अच्छा है। खासकर तब भी जब सरकार गिरने की कोई संभावना न हो।’

अविश्वास प्रस्ताव के दौरान सभी दलों के सांसद राज्य या देश से जुड़े सवाल पूछते हैं। सरकार को इसका जवाब देना पड़ता है। 2018 में TDP के सांसदों ने आंध्र प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर सवाल पूछे थे।

2019 के बाद PM ने लोकसभा में कुल 7 बार डिबेट में हिस्सा लिया
संसद के रिकॉर्ड के मुताबिक, 2019 के बाद PM मोदी ने लोकसभा के कार्यकाल के दौरान कुल 7 बार डिबेट में हिस्सा लिया है। इनमें से पांच मौकों पर उन्होंने राष्ट्रपति के भाषण के बाद जवाब दिया। जबकि एक बार उन्होंने श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट बनाए जाने को लेकर और दूसरी बार लोकसभा स्पीकर के तौर पर ओम बिड़ला के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अपनी बात रखी थी।

आप ये खबरें भी पढ़ सकते हैं…

राहुल गांधी को पुराना सरकारी बंगला वापस मिला:हाउसिंग कमेटी ने अलॉट किया 12 तुगलक लेन, राहुल बोले- मेरा घर पूरा हिंदुस्तान

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को 8 अगस्त को पुराना सरकारी बंगला 12 तुगलक लेन वापस मिल गया। संसद की हाउसिंग कमेटी ने राहुल की सांसदी बहाल होने के एक दिन बाद बंगला अलॉट किया। राहुल यह बंगला लेंगे या नहीं, इस पर उन्हें 8 दिन में जवाब देना होगा। राहुल जब कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे तो उनसे बंगला वापस मिलने पर सवाल किया गया। इस पर राहुल ने कहा- मेरा घर पूरा हिंदुस्तान है। पूरी खबर पढ़ें…

शिंदे के बेटे ने लोकसभा में हनुमान चालीसा सुनाई:श्रीकांत ने ABCD सुनाते हुए मोदी सरकार की स्कीमों की जानकारी दी

लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान 8 अगस्त को महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत ने हनुमान चालीसा सुनाई। इससे पहले उन्होंने ABCD सुनाते हुए मोदी सरकार की स्कीमों की जानकारी दी। शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट पर हमला बोलते हुए श्रीकांत ने कहा कि इन लोगों ने तो हनुमान चालीसा पढ़ने वालों को जेल में भेज दिया और उन पर देशद्रोह का आरोप लगा दिया। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…