मानसून ने आधे मध्यप्रदेश, पूरे छत्तीसगढ़ को कवर किया: MP-UP में बारिश से 3 की मौत; पंजाब, हरियाणा में 2 दिन हीटवेव चल सकती है

  • Hindi News
  • National
  • IMD Weather Update; Rainfall Warning Rajasthan MP | Kerala Delhi Sikkim Bengal Forecast

नई दिल्ली1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

मानसून ने रविवार को आधे मध्य प्रदेश और पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लिया है। मध्यप्रदेश में रविवार शाम तेज बारिश हुई, जिसके चलते सिवनी के छपारा में कच्चा मकान गिरने से एक महिला मौत हो गई। वहीं उत्तर प्रदेश के बरेली, जौनपुर, सोनभद्र, कानपुर और गाजपुर में बारिश हुई। जौनपुर और ललितपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हुई।

इसके साथ ही रविवार को मानसून गुजरात के दक्षिणी हिस्से में थोड़ा ऊपर बढ़ गया। मानसून 11 जून को गुजरात पहुंच गया था, लेकिन इसके बाद मानसून आगे नहीं बढ़ा। करीब 11 दिन बाद मानसून गुजरात में आगे बढ़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन-चार दिन में मानसून गुजरात के आधे से ज्यादा हिस्से को कवर कर लेगा।

इधर रविवार सुबह 10.30 बजे अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात बन गए। अधिकारियों ने बताया कि कई जगहों पर लैंड स्लाइड हुआ। लोगों को वहां न जाने की सलाह दी गई है। वहीं, नेशनल हाईवे-415 पर जलभराव होने से कई वाहन फंसे हुए हैं।

मौसम विभाग (IMD) ने आज कर्नाटक और केरल में बारिश का रेड अलर्ट और अंडमान और निकोबार, गोवा, महाराष्ट्र, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, पुडुचेरी, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मणिपुर, मेघालय, असम, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा आ में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं रविवार को देश के पांच राज्यों- हरियाणा, पंजाब, गुजरात, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की 22 जगहों का तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहा। राजस्थान का जोधपुर 43.6 डिग्री तापमान के साथ देश में सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में अगले तीन दिन के तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है।

गृह मंत्री ने बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मानसून के दौरान बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि पूर्वोतर राज्यों में बाढ़ से निपटने और कृषि, सिंचाई और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ब्रह्मपुत्र के पानी को मोड़ने के लिए कम से कम 50 बड़े तालाब बनाए जाने चाहिए।

उन्होंने बाढ़ और जल प्रबंधन के लिए इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (ISRO) की तरफ से जारी की गई सैटेलाइट इमेजरी के इस्तेमाल पर भी जोर दिया। उन्होंने ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) से निपटने की तैयारियों का भी जायजा लिया।

मानसून 3 जुलाई तक दिल्ली-पंजाब को कवर करेगा
23 जून तक मानसून केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, असम, नगालैंड, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश (आधा), गुजरात (कुछ हिस्सा), छत्तीसगढ़, गांगेय और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड (कुछ हिस्सा), ओडिशा, अंडमान-निकोबार, लक्षद्वीप, दमन-दीव, पुडुचेरी, दादरा-नगर हवेली पहुंच चुका है।

3-4 दिन में मानसून पूरे मध्य प्रदेश, पूरे बिहार, पूरे झारखंड, पूरे पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से को कवर कर लेगा। 27 जून तक मानसून दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में एंट्री ले सकता है और 3 जुलाई तक इन राज्यों को पूरी तरह कवर करके आगे बढ़ेगा।

मानसून के साथ ही कुछ राज्यों में तेज गर्मी का दौर भी जारी है। हरियाणा और उत्तर प्रदेश में आज और कल लू चलने की संभावना है। पंजाब और दिल्ली में कल से 25 जून तक हीटवेव का अलर्ट है।

मानसून कहां-कहां पहुंचा
दक्षिण-पश्चिम मानसून निकोबार में 19 मई को पहुंच गया था। केरल में इस बार दो दिन पहले, यानी 30 मई को, ही मानसून पहुंच गया था और कई राज्यों को कवर भी कर गया। फिर 12 से 18 जून तक (6 दिन) मानसून रुका रहा। इसके चलते उत्तर भारत में हीटवेव चल रही है।

मानसून 12 जून तक केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को पूरी तरह कवर कर चुका था। साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, दक्षिणी ओडिशा, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और सभी पश्चिमोत्तर राज्यों में पहुंच गया था।

18 जून तक मानसून गुजरात के नवसारी, महाराष्ट्र के जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा, ओडिशा के मलकानगिरी और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम तक पहुंचा था। मौसम विभाग का अनुमान है कि जून में मानसून सामान्य से कम यानी 92% लंबी अवधि के औसत (LPA) से कम रहेगा।

मानसून का आम लोगों पर असर…

देश में इस सीजन हीटस्ट्रोक के 40 हजार मामले
हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, 1 मार्च से 18 जून तक करीब 41 हजार से ज्यादा हीटस्ट्रोक के केसेज रिकॉर्ड किए गए। वहीं, हीटवेव से 114 लोगों की मौत हुई है।

इस बार हीटवेव के दिन औसत से दोगुने थे। मौसम विभाग ने इस महीने भी सामान्य से अधिक तापमान का अनुमान लगाया है।

विभाग ने कहा है कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण देश में तेज गर्मी का असर अब तक देखने को मिल रहा है।

मौसम की तस्वीरें…

हैदराबाद में भारी बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया।

हैदराबाद में भारी बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में भी तेज बारिश हुई। बारिश से बचने के लिए रेनकोट पहनकर स्कूटी पर जाते लोग।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में भी तेज बारिश हुई। बारिश से बचने के लिए रेनकोट पहनकर स्कूटी पर जाते लोग।

मुंबई में रविवार को बारिश हुई। मरीन ड्राइव पर मौजूद लोग।

मुंबई में रविवार को बारिश हुई। मरीन ड्राइव पर मौजूद लोग।

जम्मू में अब भी तापमान बहुत ज्यादा है। गर्मी से बचने के लिए लोग नहर में खेलते दिखे।

जम्मू में अब भी तापमान बहुत ज्यादा है। गर्मी से बचने के लिए लोग नहर में खेलते दिखे।

असम के कामरूप में गर्मी से राहत पाने के लिए तालाब में नहाते हाथी।

असम के कामरूप में गर्मी से राहत पाने के लिए तालाब में नहाते हाथी।

नई दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। गर्मी में पक्षी जमीन पर गिरने लगे।

नई दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। गर्मी में पक्षी जमीन पर गिरने लगे।

प्रयागराज में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। धूप से बचने के लिए मुंह ढककर निकलती महिलाएं।

प्रयागराज में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। धूप से बचने के लिए मुंह ढककर निकलती महिलाएं।

अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में रविवार सुबह 10:30 बजे बादल फटने के कारण बाढ़ जैसे हालात बने। ईटानगर के आसपास लैंडस्लाइड भी हुई।

अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में रविवार सुबह 10:30 बजे बादल फटने के कारण बाढ़ जैसे हालात बने। ईटानगर के आसपास लैंडस्लाइड भी हुई।

गुजरात में रविवार को मानसून आगे बढ़ा, जिसके चलते पोरबंदर में बारिश हुई।

गुजरात में रविवार को मानसून आगे बढ़ा, जिसके चलते पोरबंदर में बारिश हुई।

आगे कैसा रहेगा मौसम

  • पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 4 दिन 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हल्के से मध्यम स्तर की बारिश भी हो सकती है।
  • बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। झारखंड, बिहार, ओडिशा, अंडमान-निकोबार में अगले 5 दिन 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होगी।
  • गोवा, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, उत्तराखंड में बारिश होगी। यहां 30-40 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से हवा चलेगी। जम्मू के इलाकों में हीटवेव का दौर जारी रहेगा।

राज्यों में मौसम का हाल पढ़िए…

मध्य प्रदेश: लगातार आगे बढ़ रहा मानसून, कल भोपाल-इंदौर में पहुंचेगा

मध्यप्रदेश में आंधी-बारिश के 3 सिस्टम – वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ), साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन एक्टिव है। इस वजह से कहीं तेज बारिश तो कहीं गरज-चमक और तेज आंधी चल रही है। शनिवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सीहोर समेत कई शहरों में तेज बारिश हुई। ऐसा ही मौसम रविवार को भी बना रहेगा। पूरी खबर पढ़ें…

उत्तर प्रदेश: 42 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पूर्वी हिस्से में कल से दिखेगा मानसून इफेक्ट्स

UP में अब मौसम तेजी से बदल रहा है। 48 घंटे में 42 जिलों में बारिश के बाद दिन और रात के तापमान में 6°C की गिरावट आई है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया- रविवार को 42 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट है। पूर्वी यूपी में मानूसन का असर नजर आने लगेगा। कुछ जगहों पर बिजली गिरने की संभावना भी है। पूरी खबर पढ़ें…

छत्तीसगढ़: कई जिलों में आज सुबह से जोरदार बारिश, 26 जून से बढ़ेगी मानसून की एक्टिविटी

छत्तीसगढ़ में आज सुबह से कई जिलों में बारिश हो रही है। रायपुर समेत आसपास के जिलों में भी जोरदार बारिश जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक रायपुर समेत बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके बाद एक दो दिन मौसम साफ रहेगा। पूरी खबर पढ़ें…

बिहार: 12 जिलों में बारिश का अलर्ट, पटना में मानसून के लिए अभी 2 दिन और इंतजार

बिहार के अधिकांश हिस्सों में उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शनिवार को बांका, बेतिया, लखीसराय और बगहा में झमाझम बारिश हुई। वहीं, आज प्रदेश के 12 जिलों में बारिश होने की संभावना है। अन्य सभी 26 जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। किशनगंज, अररिया, पूर्णिया सहित कई जिलों में आज बारिश हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें…

हरियाणा: 2 दिन लू का अलर्ट, एक दिन की धूप से 2.8 डिग्री उछला पारा; 25 जून से बारिश के आसार

3 दिन की राहत के बाद हरियाणा में पारा फिर चढ़ने लगा है। दिन में धूप खिलने से औसतन 2.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी करनाल में दर्ज की गई। यहां दिन के पारे में 7.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं सिरसा में अधिकतम तापमान बढ़कर 6.7 डिग्री पर पहुंच गया। पूरी खबर पढ़ें…

पंजाब: तापमान में 3 डिग्री की बढ़ोतरी; 24-25 जून को लू की चेतावनी, 26 से राहत की उम्मीद

पंजाब में कुछ दिन की राहत के बाद तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। एक ही दिन में औसतन 3.2 डिग्री की वृद्धि हुई है। मौसम विभाग ने 24 और 25 जून के लिए एक बार फिर हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी कर दी है, लेकिन 26 जून से प्री-मानसून राहत भी देगा। पूरी खबर पढ़ें…

गुजरात: कई जिलों में देर रात बारिश हुई, नवसारी में अटका मानसून
राज्य में मानसून आ चुका है लेकिन भारी बारिश अभी नहीं हुई है। राज्य में औपचारिक रूप से प्रवेश करने के बाद भी मानसून नवसारी में अटका हुआ है, जबकि राज्य के अन्य जिलों में छिटपुट बारिश हो रही है। कल रात भावनगर, अरावली, छोटा उदेपुर, हलोल में बारिश हुई।