महाराष्ट्र में स्लो पॉइजन देकर 5 लोगों की हत्या: एक महीने में पूरे परिवार की जान गई, तीन बीमार हुए; बहू और महिला रिश्तेदार गिरफ्तार

गडचिरोली11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

महाराष्ट्र के गडचिरोली में एक महीने के अंदर एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने घर की बहू और एक महिला रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है। दोनों पिछले एक महीने से सभी को स्लो पॉइजन दे रही थीं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी महिलाएं संघमित्रा कुम्भारे (22) और रोजा रमटेके (36) हैं। मृतकों की पहचान रोशन कुम्भारे (बेटा), शंकर कुम्भारे (पिता), विजया (मां), कोमल (बेटी) और वर्षा उराडे (विजया की बहन) के रूप में की गई है।

पुलिस ने बताया कि अकोला की रहने वाली संघमित्रा का रोशन के साथ प्रेम-प्रंसग था। संघमित्रा के घरवाले दोनों के रिश्ते के खिलाफ थे। साल 2022 में संघमित्रा ने घर से भागकर रोशन से शादी कर ली।

शादी के बाद संघमित्रा गडचिरोली में अपने ससुराल में रहने लगी। हालांकि शादी के बाद रोशन उसके साथ मारपीट करने लगा। उसके घरवाले भी संघमित्रा के साथ बुरा व्यवहार करते थे। वे अपनी बहू को हर वक्त ताना मारते थे।

संघमित्रा के पिता को जब इसके बारे में पता चला तो उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस साल रक्षाबंधन पर संघमित्रा ने मायके जाने की जिद की, लेकिन पति और ससुरालवालों ने इसकी इजाजत नहीं दी।

इस दौरान रोशन ने संघमित्रा के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने बताया कि लड़ाई-झगड़े के बाद संघमित्रा परेशान थी। वह रो रही थी। इस दौरान विजया की भाभी रोजा रमटेके उसे सांत्वना देने के लिए आई।

बहू के साथ ममेरी सास ने रची साजिश
रोजा और विजया के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। विजया अपनी चार बहनें और एक भाई के बीच पिता की चार एकड़ जमीन का बराबर बंटवारा चाहती थी। जबकि, रोजा पूरी जायदाद पर अपने पति का अधिकार चाहती थी।

संघमित्रा ने रोजा को बताया कि वह अपने ससुरालवालों को मारना चाहती है। रोजा ने इस मौके का फायदा उठाया। उसने संघमित्रा से कहा कि वह सुसरालवालों की हत्या में उसकी मदद करेगी।

गूगल पर हत्या करने के तरीके सर्च किए
इसके बाद दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। उन्होंने इंटरनेट का सहारा लिया। गूगल पर लोगों को मारने के अलग-अलग तरीके सर्च किए। इस दौरान उन्हें थैलियम जहर के बारे में पता चला, जिसे खाने के बाद धीरे-धीरे इंसान पहले बीमार पड़ता है। फिर उसकी मौत हो जाती है।

20 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच पांच मौतें हुईं
जांच के दौरान इंसान के शरीर में थैलियम ​​​​का पता लगाना भी मुश्किल होता है। रोजा और संघमित्रा ने 20 सितंबर को सबसे पहले रोशन के पिता शंकर और उसकी मां विजया को स्लो पॉइजन दिया। दोनों को नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जहां 26 सितंबर को पति और 27 सितंबर को पत्नी की मौत हो गई। इसके बाद 8 अक्टूबर को कोमल, 14 अक्टूबर को वर्षा और 15 अक्टूबर को रोशन ने भी दम तोड़ दिया।

कार में रखा पानी पीने से ड्राइवर की हालत बिगड़ी
पुलिस ने बताया कि कार में रखा पानी पीने से कुम्भारे परिवार का ड्राइवर राकेश मंडावी भी बीमार पड़ गया। वहीं अंतिम संस्कार में शामिल हुए दो रिश्तेदारों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभी तीनों खतरे से बाहर हैं।

खबरें और भी हैं…