महाराष्ट्र में लाड़ला भाई योजना का ऐलान: 12वीं पास छात्रों को हर महीने 6 हजार, ग्रेजुएट को 10 हजार देगी शिंदे सरकार

मुंबई2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
आषाढी एकादशी के मौके पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पंढरपुर में इस योजना की घोषणा की है। - Dainik Bhaskar

आषाढी एकादशी के मौके पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पंढरपुर में इस योजना की घोषणा की है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य में लाड़ला भाई योजना लॉन्च करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना में 12वीं पास छात्रों को हर महीने 6 हजार, डिप्लोमा धारकों को हर महीने 8 हजार रुपए दिए जाएंगे। वहीं, ग्रेजुएट की पढ़ाई पूरी कर चुके छात्रों को 10 हजार रुपए मिलेंगे।

सीएम ने यह घोषणा पंढरपुर में की। सीएम ने कहा राज्य के युवा कारखानों में अप्रेंटिसशिप करेंगे, जिसके बदले उन्हें पैसे दिए जाएंगे। इस साल महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव हैं। इस महाराष्ट्र में इसी साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में बेरोजगारी के मुद्दे पर घिरी सरकार के लिए यह योजना गेम चेंजर साबित हो सकती है।

बेहतर करियर चुनने में मददगार होगी योजना- CM
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास में पहली बार किसी सरकार ने ऐसी योजना पेश की है। योजना से शिक्षा के दौरान युवाओं को जरूरी फाइनेंशियल हेल्प मिलेगी। साथ ही शिक्षा से जॉब की तरफ बढ़ने वाले युवाओं को बेहतर करियर चुनने में मदद करेगी। छात्र पढ़ाई और प्रोफेशनल डेवलपमेंट दोनों पर ध्यान दे सकेंगे।

इससे पहले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र में बेरोजगार युवाओं का मुद्दा उठाया था। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि महाराष्ट्र में मध्य प्रदेश की लाड़ली योजना के तरह बेरोजगार लड़कों के लिए योजना लागू की जानी चाहिए।

नई योजना वोट खरीदने का जरिया- संजय राउत
इधर, योजना पर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने कहा कि चुनाव से पहले चुनाव से पहले इस तरह की योजनाओं की घोषणा वोट खरीदने का जरिया है। महाराष्ट्र सरकार कर्ज में है और घोषणाओं पर पैसा खर्च किया जा रहा है।

राज्य में पहले से ही चल रही है लाड़की बहिन योजना
इससे पहले महाराष्ट्र मध्य प्रदेश की तर्ज पर माझी लाड़की बहिन योजना लागू कर चुकी है। इस योजना के अंतर्गत राज्य की 21 से 60 साल की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके अलावा महिलाओं को हर साल 3 एलपीजी गैस सिलेंडर भी मुफ्त में दिए जाते हैं। इसी योजना के अंतर्गत राज्य की OBC और आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) वर्ग की कॉलेज में एडमिशन लेने वाली छात्राओं की फीस माफ की जाएगी।

मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना क्या है
मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 5 मार्च 2023 को अपने जन्मदिन के मौके पर राज्य में लाड़ली बहना योजना लागू की थी। इस योजना के अंतर्गत 21 से 60 साल तक की महिलाओं के बैंक अकाउंट में हर महीने 1000 रुपए भेजने की घोषणा की गई थी। बाद में इस राशि को बढ़ाकर 1250 रुपए कर दिया गया।

नवंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद राज्य के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस योजना को जारी रखा था। हालांकि, ढाई लाख से ज्यादा इनकम वाली महिलाओं को योजना से बाहर रखा गया था।

ये खबर भी पढ़ें…

अपने आखिरी बजट में शिंदे सरकार की बड़ी घोषणाएं, महिलाओं को हर महीने ₹1500 कैश, किसानों को ₹5000 प्रति हेक्टेयर बोनस

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से 4 महीने पहले शुक्रवार 28 जून को NDA की एकनाथ शिंदे सरकार ने अपना आखिरी बजट पेश किया। डिप्टी CM अजित पवार ने बजट में महिलाओं और किसानों के लिए कई योजनाओं का ऐलान किया है।

इसमें किसानों का बिजली बिल माफ, खेती के लिए 5 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर बोनस की घोषणा की गई है। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…