भास्कर ओपिनियन: राजनीतिक दावों- प्रतिदावों को आईना दिखाने वाला दिन

  • Hindi News
  • Opinion
  • Lok Sabha Election Result 2024; BJP India Alliance | Exit Poll Result

18 घंटे पहलेलेखक: नवनीत गुर्जर, नेशनल एडिटर, दैनिक भास्कर

  • कॉपी लिंक

ये चुनाव परिणामों का दिन है। दोनों ही पक्ष अपने- अपने दावे करते रहे हैं। एनडीए का चार सौ पार का दावा। इंडिया गठबंधन 295 पर अड़ा हुआ है। जहां तक एग्जिट पोल का सवाल है, सब के सब इंडिया गठबंधन के दावे को नकार रहे हैं। आज दोपहर तक पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाने वाली है।

दावों का क्या होगा, पता चल जाएगा। दावे कांग्रेस के। भाजपा के और एग्जिट पोल करने वाले चैनलों के भी। कांग्रेस का कहना है कि तमाम एग्जिट पोल भाजपा के इशारे पर किए गए हैं। आप पार्टी का कहना तो ये है कि ये एग्जिट पोल भाजपा के दफ़्तर में बैठकर तैयार किए गए हैं। वहीं भाजपा का कहना है कि सब के सब एग्जिट पोल तो एक जैसे नहीं हो सकते। ठीक है – एग्जिटपोल एक्जैक्ट पोल नहीं हो सकते लेकिन वे एक दिशा तो बताते ही हैं।

ऐसा बहुत कम हुआ है कि एग्जिट पोल एकदम उल्टे पड़ जाएँ। बहरहाल, आज सुबह से दोपहर तक दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। इस बीच एग्जिट पोल से डरकर हमेशा की तरह कांग्रेस ने ईवीएम पर भी सवाल खड़े करना शुरू कर दिया है। उसका कहना है कि अगर भाजपा तीन सौ से ऊपर जाती है, तो समझिए ईवीएम में कुछ गड़बड़ है।

इस बीच बड़े दिनों बाद पहली बार चुनाव आयोग को प्रेस कान्फ्रेंस करके बताना पड़ा कि उन्होंने मतदान के आँकड़ों में कोई गड़बड़ी नहीं की है। नेताओं को चुनाव आयोग पर कोई आरोप लगाने से पहले उसके सबूत देना चाहिए। बिना सबूत आरोप लगाना ठीक नहीं है।

उधर परिणामों से एक दिन पहले यानी सोमवार को दोनों ही पक्षों के बड़े नेता बडी- बड़ी और गोपनीय मीटिंग्स करने में व्यस्त रहे। हारे तो क्या कहेंगे? जीते तो किस तरह जश्न मनाएँगे, जैसे मुद्दों पर चर्चा में व्यस्त रहे।

नई दिल्ली में एक जून को I.N.D.I.A की बैठक हुई।

नई दिल्ली में एक जून को I.N.D.I.A की बैठक हुई।

बहरहाल, एग्जिट पोल के अनुमानों से स्पष्ट है कि तीसरी बार मोदी सरकार बनने जा रही है। मंगलवार दोपहर तक सब कुछ तय हो जाएगा। इंडिया गठबंधन बहुमत में आता है तो उसका प्रधानमंत्री चयन बडा दुविधापूर्ण होगा क्योंकि लगता नहीं कि इस गठबंधन में शामिल तमाम नेता आसानी से किसी एक नाम पर सहमत हो सकें।

यही उनके ख़ेमे की सबसे बड़ी समस्या है और आगे भी रहेगी। देखना यह है कि चुनाव परिणाम किसको क्या सबके देते हैं!

लोकसभा चुनाव 2024 की ताजा खबरें, रैली, बयान, मुद्दे, इंटरव्यू और डीटेल एनालिसिस के लिए दैनिक भास्कर ऐप डाउनलोड करें। 543 सीटों की डीटेल, प्रत्याशी, वोटिंग और ताजा जानकारी एक क्लिक पर।