भास्कर अपडेट्स: CWC मीटिंग से पहले महाराष्ट्र के पूर्व CM पृथ्वीराज चौहान के बगावती तेवर, कहा- कठपुतली अध्यक्ष नहीं चाहिए

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar Breaking News LIVE Update; CWC Meeting, Sonia Gandhi, JP Nadda Tripura Visit

23 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी। - Dainik Bhaskar

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी।

कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की वर्चुअल मीटिंग आज दोपहर 3:30 बजे होगी। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव के कार्यक्रम को मंजूरी दी जा सकती है। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी इस बैठक की अध्यक्षता करेंगी। CWC की मीटिंग से पहले महाराष्ट्र के पूर्व CM पृथ्वीराज चौहान के बगावती तेवर सामने आया है। एक इंटरव्यू में चौहान ने कहा कि कांग्रेस में कठपुतली अध्यक्ष बनाने की कोशिश हो रही है। पार्टी बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष चुनाव को टालना सही नहीं है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

पत्रकार सिद्दीकी कप्पन की जमानत याचिका पर 29 अगस्त को सुनवाई करेगा SC

केरल के पत्रकार सिद्दीकी कप्पन की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार यानी 29 अगस्त को सुनवाई करेगा। सिद्दीकी पर उत्तर प्रदेश सरकार ने गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) और हाथरस कांड मामले में शामिल होने के आरोप लगाए थे। चीफ जस्टिस यूयू ललित और जस्टिस रवींद्र भट की पीठ इस मामले में सुनवाई करेगी।

इससे पहले 2 अगस्त को इलाहाबाद हाईकोर्ट में कप्पन की जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी। कोर्ट ने कहा था कि दागी धन के उपयोग से इंकार नहीं किया जा सकता है। इस फैसले के खिलाफ सिद्दीकी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दर्ज की थी।

लीबिया में हिंसक झड़पों में 23 लोगों की मौत, 140 से ज्यादा घायल

लीबिया की राजधानी त्रिपोली में दो विद्रोही लीबियाई चरमपंथियों समूहों के बीच हिंसक झड़प हुई। इसमें 23 लोगों की मौत हो गई। घटना से लंबे समय से चल रहे राजनीतिक गतिरोध के बीच हिंसा फिर से शुरू होने की आशंका पैदा हो गई है। हेल्थ डिपार्टमेंट के मुताबिक, 140 लोग घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री अब्दुल हामिद देइबाह की सरकार ने दावा किया कि यह झड़प तब शुरू हुई जब एक समूह ने दूसरे समूह पर गोली चलाई।

जेपी नड्डा त्रिपुरा के दो दिन दौरे पर रहेंगे, चुनाव को लेकर बनाएंगे रणनीति

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार यानी कल से त्रिपुरा के दो दीन के दौरे पर रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, बैठकों में नड्डा अगले साल होने वाले त्रिपुरा विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाएंगे। नड्डा रविवार रात अगरतला के स्टेट गेस्ट हाउस में भाजपा त्रिपुरा कोर कमेटी के साथ बातचीत करेंगे। सोमवार को भाजपा अध्यक्ष सड़क मार्ग से उदयपुर, त्रिपुरा के लिए रवाना होंगे। इस यात्रा के दौरान कई स्थानों पर अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा।

नड्डा त्रिपुरा विश्वविद्यालय के पास डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय की मूर्तियों पर माल्यार्पण करेंगे। वह ऐतिहासिक माताबारी मंदिर, उदयपुर त्रिपुरा में प्रार्थना करेंगे और मंगला आरती में भाग लेंगे। सोमवार को, नड्डा भाजपा पार्टी कार्यालय, उदयपुर (त्रिपुरा) में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। प्रेस कांफ्रेंस के बाद नड्डा ख्वामलुंग के लिए रवाना होंगे।

दिल्ली के आजादपुर में एक लड़की की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के आजादपुर में शनिवार को 23 साल की एक लड़की का गला काट कर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, लड़की की हत्या उसके ऑफिस में की गई। वह केवल पार्क की एक फाइनेनशियल फर्म में टेलीकॉलर थी। हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं…