भास्कर अपडेट्स: सोनिया गांधी ने प्रणव झा को नियुक्त किया AICC सचिव, अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 17 अक्टूबर को

  • Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates; Ghulam Nabi Azad Kerala Landslide | Rajasthan Delhi MP Uttar Pradesh Noida Mumbai News

नई दिल्ली3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रणव झा को केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण से AICC सचिव नियुक्त किया है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव 17 अक्टूबर को होना है। रविवार को हुई सीडब्ल्यूसी की बैठक में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा की गई।

आज की अन्य बड़ी खबरें…
स्वीडन में शिप में लगी आग, 300 लोग सवार थे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

स्वीडन में 300 लोगों को ले जा रही एक शीप में आग लगने की खबर है। आग पर काबू पाने के लिए सेना के 3 हेलिकॉप्टर जुटे हुए हैं। इसके अलावा स्वीडन कोस्ट गार्ड के 7 जहाज भी आग को बुझाने में लगे हुए हैं। एक अधिकारी ने बताया की आग शीप के एक डेक में लगी है। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट ने हिजाब मामले में कर्नाटक सरकार को नोटिस भेजा, अगली सुनवाई 5 सितंबर को होगी

सुप्रीम कोर्ट ने स्कूल-कॉलेज में हिजाब पर बैन को बरकरार के कर्नाटक हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई की। बेंच ने राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है, साथ ही अगली सुनवाई के लिए 5 सितंबर की तारीख दी है। सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि वह स्थगन की मांग वाली याचिका स्वीकार नहीं करेगा क्योंकि इसकी जल्द सुनवाई की मांग की गई थी।

इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप में आए 3 भूकंप, सबसे तेज 6.1 तीव्रता के भूकंप से लोगों के बीच दहशत

पश्चिमी इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप में सोमवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.1 रही। ये यहां आने वाला तीसरा भूकंप था। जिसके बाद लोगों के बीच दहशत फैल गई। इंडोनेशिया मेट्रोलॉजी एंड जियोफिजिक्स एजेंसी के मुताबिक, फिलहाल सुनामी का कोई खतरा नहीं है। भूकंप का केंद्र सुमात्रा प्रांत के तटीय शहर परियामन से लगभग 170 किलोमीटर (105.6 मील) दूर था।

चीन में अब बाढ़ का अलर्ट, भारी बारिश के बाद सिचुआन प्रांत से 46,000 लोगों को निकाला गया

गर्मी और सूखे से बेहाल चीन अब भारी बारिश से संकट में आ गया है। पिछले एक हफ्ते से हो रही बारिश के बाद सरकार ने बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। कई शहर अंधेरे में डूब गए हैं। सिचुआन प्रांत के कई इलाकों में भी बिजली की सप्लाई नहीं है। यहां से रविवार रात 46,400 लोगों को इवेक्युएट किया गया। ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में यहां 165.1 मिलीमीटर बारिश हुई।

महाराष्ट्र में महानगर गैस पाइपलाइन में लगी आग, कोई हताहत नहीं

मुंबई के परेल इलाके में महानगर गैस पाइप लाइन में आग लग गई। इसके चलते कुछ देर के लिए रोड़ को बंद करना पड़ा। जानकारी मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। अभी तक किसी भी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।

केरल में लैंडस्लाइड से तीन की मौत, रेस्क्यू टीमें सर्च में जुटीं

केरल के इडुक्की जिले में थोडुपुझा तालुका के कुदयाथूर गांव में आज सुबह लैंडस्लाइड हो गई। हादसे में तीन लोगों के मारे जाने की खबर है। हादसे की जानकारी के बाद रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

शेयर बाजार में भारी गिरावट; सेंसेक्‍स करीब 1250 अंक टूटा, निफ्टी 17200 के नीचे

हफ्ते के शुरुआती कारोबार दिन सोमवार को शेयर मार्केट में भारी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 1250 अंक या 2.06% नीचे 57,623.25 पर और निफ्टी 361.50 अंक या 2.06% नीचे 17,197.40 पर कारोबार कर रहा था। टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, HCL टेक्नोलॉजीज, TCS और विप्रो में 1-5% की गिरावट देखने को मिली। लार्जकैप, मिडकैप और स्‍मालकैप हर सेग्‍मेंट में कमजोरी नजर आ रही है। निफ्टी बैंक, फाइनेंशियल और IT इंडेक्‍स कमजोर हुए हैं। अन्‍य सेक्‍टर में भी बिकवाली है।

यमुना में डूबने से 5 लड़कों की मौत, श्रीकृष्ण की मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ हादसा

नई दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी एरिया में मूर्ति विसर्जन करने आए 5 लड़कों की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। सभी मृतक नोएडा स्थित सलारपुर गांव के रहने वाले थे। सभी की उम्र 17-18 के बीच थी।

विसर्जन करने के बाद वे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मूर्ति नदी के बीच में फंसी देख विसर्जन करने आए ग्रुप में से 5 लड़के उसे ठीक से विसर्जित करने का प्रयास करने लगे। इसी बीच, यमुना नदी में तेज बहाव आया और सभी बह गए।

अमेरिका के ह्यूस्टन में शूटर ने एक बिल्डिंग में आग लगाई, बाहर निकल रहे 3 लोगों को गोली मारी, मौत

अमेरिका के टेक्सास राज्य के ह्यूस्टन शहर में रविवार सुबह एक व्यक्ति ने एक घर में आग लगा दी और आग से बचकर भाग रहे गोलों पर गोलियां चलाईं। इस हमले में 3 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 2 लोग घायल हुए हैं।

शहर के पुलिस चीफ ट्रॉय फिनर ने बताया कि संदिग्ध हमलावर को पुलिस ने मार गिराया है। फिनर के अनुसार, मारे गए सभी पुरुष थे, और उनकी उम्र 40 से 60 साल के बीच थी। हमलावर ने आग लगाने के बाद पहले निवासियों के बाहर आने का इंतजार किया और उन पर गोलियां चलाईं।

नीरज ने टोक्यो का ‘गोल्डन’ भाला ओलंपिक म्यूजियम को गिफ्ट किया, शूटर अभिनव बिंद्रा अपनी राइफल पहले दे चुके हैं

भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाला अपना भाला ओलंपिक म्यूजियम को गिफ्ट किया है। चोपड़ा ने पिछले साल टोक्यो में 87.58 मीटर भाला फेंककर गोल्ड मेडल जीता था। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे पहले भारतीय हैं। संग्रहालय में शूटर अभिनव बिंद्रा की 2008 बीजिंग ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाली राइफल पहले से ही शामिल है।

भारतीयों का स्टार्टअप अंतरिक्ष में कचरा साफ करेगा, 40 सैटेलाइट भेजेंगे बेंगलुरु​​​​​​

बेंगलुरु​​​​​​ में युवाओं के एक स्टार्टअप दिगंतरा ने अंतरिक्ष में 40 सैटेलाइट भेजने की योजना बनाई है। सैटेलाइट अगले साल की शुरुआत में लॉन्च किए जाऐंगे। सैटेलाइट का समूह पृथ्वी की निचली ऑर्बिट में अंतरिक्ष में जमे कचरे पर डेटा एकत्र करेगा।

नासा ने इस ऑर्बिट में जमे मलबे को ‘कक्षीय अंतरिक्ष जंक यार्ड’ के रूप में बताया है। दिगंतरा ने हाल ही में टेस्टिंग के रूप में एक सैटेलाइट भेजा है, जो अंतरिक्ष में मौसम, तूफान और रेडिएशन से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर रहा है।

कांग्रेस से इस्तीफे के बाद ताज मोहिउद्दीन का दावा, बोले- आजाद 14 दिन में नई पार्टी का ऐलान करेंगे

जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री ताज मोहिउद्दीन ने रविवार को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। वह पार्टी से इस्तीफा देने वाले 10वें नेता हैं। उनका कहना है कि वह भी गुलाम नबी आजाद की नई पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,’ गुलाम नबी आजाद अपनी पार्टी बनाएंगे और 14 दिनों के अंदर इसका ऐलान करेंगे।’

मोहिउद्दीन ने बताया, ‘हम चुनाव आयोग से संपर्क कर रहे हैं। हम किसी भी पार्टी के साथ विलय नहीं करेंगे, लेकिन अगर हमें सीटों की जरूरत पड़ने पर जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) के साथ गठबंधन सरकार बना सकते हैं।’

असम में जिहादी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में दो गिरफ्तार, कोर्ट ने 10 दिन की हिरासत में भेजा

असम के बारपेटा जिले में रविवार को दो लोगों को कथित तौर पर जिहादी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों की पहचान अकबर अली और अबुल कलाम आजाद के रूप में हुई है। स्थानीय अदालत ने दोनों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

खबरें और भी हैं…