भारद्वाज बोले- चड्‌ढा की आंखों की रोशनी जा सकती थी: कहा- वे सर्जरी के लिए लंदन में हैं, ठीक होते ही भारत आकर कैंपेन से जुड़ेंगे

नई दिल्ली30 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया है कि आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड‌्ढा आंखों की सर्जरी कराने लंदन गए हैं। राघव की आंखों में कॉम्प्लिकेशन आ गया था।

मुझे बताया गया था कि यह बेहद गंभीर है और अगर समय रहते उन्हें ट्रीटमेंट नहीं दिया गया तो उनकी आंखों की रोशनी जाने की भी संभावना थी।

भारद्वाज ने कहा कि मैं उनके जल्दी ठीक होने की उम्मीद करता हूं। जैसे ही वे ठीक हो जाएंगे, वे भारत आएंगे और पार्टी के कैंपेन से जुड़ेंगे।

सोशल मीडिया पर एक्टिव है चड्‌ढा, पार्टी के समर्थन में पोस्ट कर रहे
ट्रीटमेंट के लिए लंदन होने के बावजूद राघव चड्‌ढा ने पार्टी में हो रही गतिविधियों को लेकर सोशल मीडिया पर एक्टिव रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से लेकर सुनीता केजरीवाल के राजनीति में कदम रखने जैसी गतिविधियों को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं।

मार्च में सर्जरी कराने लंदन गए थे चड‌्ढा
राघव चड्‌ढा इस साल मार्च में आंखों की सर्जरी कराने के लिए लंदन गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राघव को रेटिना डिटेचमेंट को रोकने के लिए विट्रोक्टोमी सर्जरी करानी थी। रेटिना डिटेचमेंट आंखों में होने वाली एक गंभीर बीमारी है। इसमें रेटिना में छोटे छेद होने लगते हैं और इससे आंखों की रोशनी को खतरा पैदा हो जाता है। इसे रोकने के लिए तुरंत सर्जरी करानी होती है।