भारत-PAK मैच रद्द: ISRO का सोलर मिशन लॉन्च; प्रज्ञान 20 दिन के लिए सोया; ज्यूडिशियरी को भ्रष्ट कहने पर गहलोत को नोटिस

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Amit Shah | IND Vs PAK Asia Cup Match Virat Kohli

35 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर इसरो के पहले सोलर मिशन की रही। एक खबर भारत-पाकिस्तान के बीच एशिया कप मुकाबले की रही, जो बारिश की भेंट चढ़ गया।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सतना के चित्रकूट से पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत करेंगे। ये यात्रा 17-18 दिन में MP की 210 विधानसभा कवर करेगी।
  2. एशिया कप में बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला होगा। ये मैच लाहौर में खेला जाएगा।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. 20 दिन के लिए स्लीप मोड में गया प्रज्ञान रोवर, इसरो बोला- उसने अपना काम पूरा किया

ये फोटो इसरो ने शेयर की है, जिसमें लैंडिंग पॉइंट 'शिवशक्ति' से प्रज्ञान रोवर की तय की गई दूरी दिखाई गई है।

ये फोटो इसरो ने शेयर की है, जिसमें लैंडिंग पॉइंट ‘शिवशक्ति’ से प्रज्ञान रोवर की तय की गई दूरी दिखाई गई है।

इसरो का कहना है कि चंद्रयान-3 के प्रज्ञान रोवर ने अपना काम पूरा कर लिया है। इसे अब सुरक्षित रूप से पार्क करके स्लीप मोड में भेज दिया गया है। रोवर की बैटरी पूरी तरह चार्ज है। इसे ऐसी दिशा में रखा गया है ताकि 22 सितंबर को जब चांद पर अगला सूर्योदय होगा तो प्रकाश सोलर पैनल्स पर पड़ेगा।

ये खबर अहम क्यों है: चंद्रयान-3 मिशन 14 दिनों का है। क्योंकि चंद्रमा पर 14 दिन अंधेरा और 14 दिन उजाला रहता है। रोवर और लैंडर सूर्य की रोशनी में तो पावर जनरेट कर सकते हैं, लेकिन रात होने पर ऐसा नहीं होता। इसलिए इसे स्लीप मोड पर डाला गया है। उम्मीद है कि 22 सितंबर को रोवर फिर से काम करना शुरू कर देगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. एक देश-एक चुनाव की कमेटी में शाह समेत 8 नाम, अधीर रंजन का शामिल होने से इनकार
केंद्र सरकार ने ‘एक देश-एक चुनाव’ को लेकर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में कमेटी बनाई है। इसमें गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी और पूर्व सांसद गुलाम नबी आजाद समेत 8 मेंबर होंगे। हालांकि अधीर रंजन चौधरी ने कमेटी में शामिल होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि ये कमेटी धोखा देने के लिए बनाई गई है।

ये खबर अहम क्यों है: 18 सितंबर से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र होगा। इसमें सरकार एक देश-एक चुनाव पर बिल पेश कर सकती है। आजादी के बाद 1952, 1957, 1962 और 1967 में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ ही हुए थे। लेकिन 1968 और 1969 में कई विधानसभाएं और 1970 में लोकसभा समय से पहले भंग हो गई। ऐसे में एक साथ चुनाव की परंपरा टूट गई।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. भारत-पाकिस्तान का मैच बारिश की वजह से रद्द, पाकिस्तान की पारी शुरू नहीं हो सकी

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का मैच रद्द हो गया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 266 रन बनाए। उपकप्तान हार्दिक पंड्या ने 87 और ईशान किशन ने 82 रन बनाए। पहली पारी के बाद बारिश होने लगी, जो कट ऑफ टाइम तक जारी रही। पाकिस्तान की पारी शुरू नहीं हो पाई।

ये खबर अहम क्यों है: भारत का ये 44वां वनडे मैच है, जो रद्द हुआ है। टीम के पास मैच रद्द होने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। दोनों ही टीमों को एक-एक पॉइंट मिला है। पाकिस्तान ने 3 पॉइंट के साथ सुपर-4 स्टेज के लिए क्वालिफाइ कर लिया। वहीं भारत को क्वालिफाइ करने के लिए नेपाल के खिलाफ अगला मुकाबला जीतना होगा। ये मुकाबला 4 सितंबर को श्रीलंका के कैंडी में ही खेला जाएगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. गहलोत को हाईकोर्ट का नोटिस, वकीलों के जजमेंट लिखने वाले बयान पर मांगा जवाब
ज्यूडिशियरी में करप्शन का आरोप लगाने पर राजस्थान हाईकोर्ट ने CM अशोक गहलोत को नोटिस भेजा है। हाईकोर्ट ने पूछा है कि उन्होंने किस आधार पर ये बयान दिया। 31 अगस्त को जयपुर में गहलोत ने कहा था कि आज ज्यूडिशियरी में भयंकर भ्रष्टाचार हो रहा है। मैंने सुना है कि कई वकील तो जजमेंट लिखकर ले जाते हैं, वही जजमेंट आता है।

ये खबर अहम क्यों है: गहलोत को ये नोटिस एक वकील की याचिका पर भेजा गया है। वकील का कहना है कि गहलोत ने अदालत की अवमानना की है। हालांकि गहलोत ने सफाई देते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने कहा, ‘मैंने जो कहा था वो मेरी निजी राय नहीं है। मैंने हमेशा ज्यूडिशियरी का सम्मान और उस पर विश्वास किया है।’ पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. आदित्य L1 पृथ्वी की कक्षा में पहुंचा, 16 दिन चक्कर लगाएगा फिर सूर्य की ओर जाएगा

PSLV रॉकेट ने आदित्य L1 को पृथ्वी की 235 x 19500 Km ऑर्बिट में छोड़ा है।

PSLV रॉकेट ने आदित्य L1 को पृथ्वी की 235 x 19500 Km ऑर्बिट में छोड़ा है।

इसरो ने सतीश धवन स्पेस सेंटर से भारत का पहला सोलर मिशन आदित्य L1 लॉन्च किया। ये स्पेसक्राफ्ट सूर्य की स्टडी करेगा। इसे PSLV-C57 के XL रॉकेट के जरिए लॉन्च किया गया। इसके 63 मिनट बाद आदित्य पृथ्वी की ऑर्बिट में पहुंचा, ये 16 दिन तक पृथ्वी की कक्षा में रहेगा।

ये खबर अहम क्यों है: करीब 4 महीने बाद आदित्य धरती से 15 लाख किमी दूर लैगरेंज पॉइंट-1 तक पहुंचेगा। ये दूरी धरती और सूर्य के बीच की दूरी का महज एक फीसदी है। L1 पॉइंट के आस-पास आदित्य सूर्य को बिना किसी ग्रहण के लगातार देख सकता है। इससे रियल टाइम सोलर एक्टिविटीज और अंतरिक्ष के मौसम पर भी नजर रखी जा सकेगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. जेट-एयरवेज के फाउंडर 11 सितंबर तक ED की कस्टडी में, मनी लॉन्ड्रिंग केस में अरेस्ट हुए थे
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल को अदालत ने 11 सितंबर तक ED की कस्टडी में भेजा है। 74 साल के गोयल पर 538 करोड़ रुपए के बैंक घोटाले का आरोप है। उन्हें पूछताछ के बाद शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले ED ने उन्हें दो बार पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वो पेश नहीं हुए थे।

ये खबर अहम क्यों है: केनरा बैंक ने जेट एयरवेज को 848.86 करोड़ रुपए की क्रेडिट लिमिट और लोन दिए गए थे, जिसमें से 538.62 करोड़ रुपए बकाया है। जिस अकाउंट से गोयल ने लोन लिया था, उसे 29 जुलाई 2021 को ‘फ्रॉड’ घोषित किया गया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. राजस्थान में प्रेग्नेंट पत्नी को निर्वस्त्र घुमाया, पीड़िता से CM बोले- सरकारी नौकरी और 10 लाख देंगे

घटना 31 अगस्त की है। जिसका वीडियो अब सामने आया है।

घटना 31 अगस्त की है। जिसका वीडियो अब सामने आया है।

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में एक महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पति ने ही गांव वालों के सामने महिला को 1 किमी तक दौड़ाया। राज्य के CM अशोक गहलोत ने पीड़िता से बातचीत की और उसे सरकारी नौकरी और 10 लाख रुपए मुआवजा का ऐलान किया। मामले में पुलिस ने 10 लोगों पर FIR की है, 7 लोगों को अरेस्ट किया गया है।

ये खबर अहम क्यों है: PM मोदी ने 8 जुलाई को बीकानेर में कहा था कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और रेप के मामले में राजस्थान सबसे आगे है। जबकि CM गहलोत का कहना है कि भाजपा राज्य को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगाती है। गहलोत ने कहा है कि अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे डाला जाएगा, फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर सजा दिलवाई जाएगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. MP में BJP विधायक समेत 9 नेता कांग्रेस में शामिल, होर्डिंग लगाया- सच्चे कांग्रेसियों को सजा मत दो

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की कोलारस सीट से BJP विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, धार जिले के बदनावर सीट से BJP के पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत और ललितपुर (उत्तर प्रदेश) के बसपा नेता चंद्र भूषण सिंह बुंदेला समेत 9 नेता कांग्रेस में शामिल हुए। इसके साथ ही भोपाल में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय (PCC) के बाहर होर्डिंग लगाए गए। लिखा था- सच्चे कांग्रेसियों को सजा मत दो, 2018 के निर्दलियों को इस बार न कहो।

ये खबर अहम क्यों है: दो दिन के भीतर भाजपा के दो अहम नेताओं ने पार्टी छोड़ी है। दो बार के पूर्व विधायक गिरिजा शंकर शर्मा ने शुक्रवार को पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद वीरेंद्र रघुवंशी ने पार्टी छोड़ी है। दोनों नेताओं ने इसके लिए सिंधिया गुट के नेताओं को दोषी ठहराया है। वहीं सिंधिया का कहना है कि चुनाव के दौरान लोग आते-जाते रहते हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

9. भारतीय मूल के थर्मन शनमुगरत्नम सिंगापुर के 9वें राष्ट्रपति बने, 70% वोटों से जीता चुनाव

थर्मन शनमुगरत्नमअपनी पत्नी जेन इत्तोगी के साथ। (फाइल)

थर्मन शनमुगरत्नमअपनी पत्नी जेन इत्तोगी के साथ। (फाइल)

भारतीय मूल के थर्मन शनमुगरत्नम ने सिंगापुर का राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है। वे यहां के 9वें राष्ट्रपति होंगे। 1 सितंबर को हुई वोटिंग में उन्हें 70.4% वोट मिले थे। थर्मन ने चीनी मूल के 2 विरोधियों को करारी शिकस्त दी है। उन्हें दोनों के वोट के दोगुना वोट मिले हैं। सिंगापुर में 93.4% वोटिंग हुई थी। एनजी कोक सांग को 15.72% और टेन किन लियान को 13.88% वोट मिले।

ये खबर अहम क्यों है: थर्मन के अलावा भी 6 भारतवंशी अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्ष हैं। गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली का जन्म इंडो-गुयाना परिवार में हुआ था। सेशेल्स के राष्ट्रपति वेवेल रामकलावन भी भारतीय मूल के हैं। इन देशों में भारतीय मूल के प्रधानमंत्री हैं- यूके (ऋषि सुनक), आयरलैंड (लियो एरिक वरदकर), ​​पुर्तगाल (एंटोनियो कोस्टा) और मॉरीशस (प्रविंद जुगनौथ)। ​​​​पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By चंद्रशेखर हाड़ा…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. बालासोर रेल हादसा, CBI चार्जशीट में 3 अफसरों के नाम: 7 जुलाई को गिरफ्तारी हुई थी; गैर-इरादतन हत्या और सबूत मिटाने के आरोप (पढ़ें पूरी खबर)
  2. कोटक महिंद्रा-बैंक के MD-CEO पद से उदय कोटक का इस्तीफा: उनकी जगह अब दीपक गुप्ता 31 दिसंबर तक बैंक की जिम्मेदारी संभालेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  3. चांद पर रूस के लूना-25 की क्रैश लैंडिंग साइट मिली: नासा ने तस्वीर जारी की, दावा- जहां यान टकराया वहां 10 मीटर चौड़ा गड्ढा हुआ (पढ़ें पूरी खबर)
  4. G-20 समिट के लिए मंगाई गईं लेफ्ट हैंड ड्राइव कारें: विदेशी मेहमानों के लिए इस्तेमाल होंगी; CRPF के जवानों को चलाने की ट्रेनिंग दी गई (पढ़ें पूरी खबर)
  5. महाराष्ट्र के जालना में मराठा आरक्षण को लेकर प्रदर्शन: पुलिस ने लाठीचार्ज किया, 20 प्रदर्शनकारी घायल; पथराव में SP समेत कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए (पढ़ें पूरी खबर)
  6. पहली बार इजराइल-अमेरिकी रिश्तों में तनाव: नेतन्याहू ने मंत्रियों से कहा- US के किसी मिनिस्टर से न मिलें; बाइडेन के बयान से बिगड़े हालात (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

दोस्त ने एपल एयर टैग से महिला की जासूसी की
अहमदाबाद में एक शख्स ने महिला दोस्त की जासूसी के लिए एपल एयरटैग का इस्तेमाल किया। मामला मई का है, जब महिला को उसके iPhone पर एक अलर्ट आया, जिसमें लिखा था, एयर टैग आपका पीछा कर रहा है। जासूसी का शक होने पर महिला ने अहमदाबाद साइबर सेल में शिकायत की। पता चला कि दोस्त ने ही उसकी कार की ड्राइवर सीट के कवर में एयर टैग लगाया था। आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 354D और IT Act की धारा 66E के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…