भारत जोड़ो यात्रा के पोस्टर पर वाड्रा की फोटो: BJP ने कहा- यह भारत जोड़ो नहीं परिवार जोड़ो और भ्रष्टाचार जोड़ो यात्रा है

नई दिल्ली16 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने आज पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का पोस्टर शेयर किया। इसमें कांग्रेस नेताओं के साथ उनकी भी तस्वीर है। इस पर बीजेपी ने कांग्रेस पर तंज कसा है। भाजपा ने कहा कि यह भारत जोड़ो यात्रा नहीं असल में ‘परिवार जोड़ो’ यात्रा है।

रॉबर्ट वाड्रा ने ट्वीट में दो तस्वीरें शेयर की गई हैं। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता भारत जोड़ो यात्रा के पोस्टर लगा रहे हैं। पोस्टर में प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी, पूर्व पीएम राजीव गांधी और वाड्रा की तस्वीर है। पोस्टर में कांग्रेस विंग नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के नेता जेबी अभिजीत की भी फोटो है।

भाजपा नेताओं ने कसा तंज
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने पोस्टर को लेकर कांग्रेस पर कटाक्ष किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- कांग्रेस का भारत जोड़ो वास्तव में केवल परिवार जोड़ो और भ्रष्टाचार जोड़ो है। वहीं, भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “यह काफी मनोरंजक है कि रॉबर्ट वाड्रा यात्रा में शामिल हो रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि क्या वह अब भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने का दावा करेंगे?

राजनीति में आने का प्लान कर रहे वाड्रा!
इस साल जून में रॉबर्ट वाड्रा ने संकेत दिया था कि वह राजनीति में आने पर विचार कर रहे हैं। उनकी यह प्रतिक्रिया प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से नेशनल हेराल्ड घोटाला मामले में सोनिया गांधी से पूछताछ के बाद आई थी। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘इस देश में बदलाव की जरूरत है। अगर लोगों को लगता है कि मैं देश में जरूरी बदलाव ला सकता हूं, तो मैं राजनीति में आ जाऊंगा।’

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज से शुरू
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज भारत जोड़ो यात्रा अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके लिए वह तमिलनाडु के कन्याकुमारी पहुंचे। यात्रा के शुभारंभ से पहले राहुल गांधी कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल, तिरुवल्लुवर स्टैच्यू और कामराज मेमोरियल भी जाएंगे।

भारत जोड़ो यात्रा अभियान से पहले राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी।

भारत जोड़ो यात्रा अभियान से पहले राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी।

भारत जोड़ो यात्रा में हर दिन 25 किलोमीटर की पदयात्रा होगी और 150 दिन में 3570 किलोमीटर का सफर तय करके कन्याकुमारी से कश्मीर पहुंचा जाएगा। यात्रा 12 राज्यों को कवर करेगी। प्रेम और भाईचारे को फैलाने के मकसद से कांग्रेस ने इस यात्रा का नाम भारत जोड़ो यात्रा रखा गया है। कांग्रेस की इस यात्रा को 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। राहुल गांधी कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा को हरी झंडी दिखाकर शुरू करेंगे।

खबरें और भी हैं…