पिता को ढूंढने जापान से पंजाब पहुंचा युवक: 17 साल पहले मां से तलाक हुआ, कॉलेज प्रोजेक्ट से खोजने का मन बनाया; फोटो लेकर घूमा – Amritsar News

रिन ताकाहाता को देखते ही सुखपाल सिंह ने उसे गले लगा लिया।

.

पंजाब के अमृतसर में लोहारका रोड पर रहने वाले सुखपाल सिंह को घर से फोन आया। उसे पता चला कि उसका बेटा जापान से ढूंढता हुआ आया है। चंद सेकेंड में सुखपाल सिंह के सामने 19 साल पहले की लाइफ फ्लैश बैक हुई। सुखपाल सिंह कुछ मिनटों में घर पहुंच गया। घर पहुंचा तो वहां 22 वर्षीय रिन ताकाहाता खड़ा था। सुखपाल ने देखते ही उसे गले लगा लिया।

रिन ताकाहाता 19 अगस्त को ही अमृतसर पहुंचा था। वह अपने पिता की 19 साल पहले की फोटो लेकर फतेहगढ़ चूड़ियां रोड की गलियों में घूम रहा था। तभी एक दुकानदार फोटो देखकर सुखपाल सिंह को पहचान लिया और रिन को उसके घर का पता बताया।

सुखपाल सिंह व रिन ताकाहाता।

सुखपाल सिंह व रिन ताकाहाता।

कॉलेज प्रोजेक्ट के बाद पिता को खोजने का मन बनाया

रिन ताकाहाता ने बताया कि वह ओसाका यूनिवर्सिटी ऑफ ऑर्ट्स में पढ़ रहा है। कॉलेज की तरफ से फेमिली ट्री बनाने की असाइनमेंट दी गई थी। फैमिली ट्री में मां साची ताकाहाता व परिवार की पूरी जानकारी भर ली, लेकिन पिता और उनके परिवार के बारे में उसे कुछ नहीं पता था।

इसके बाद उसने पिता सुखपाल सिंह को खोजने की ठान ली। घर आते ही उसने मां साची ताकाहाता से पिता सुखपाल सिंह के बारे में पूछा। घर पर पिता की एक तस्वीर मिली, जो 19 साल पुरानी थी। मां को पिता सुखपाल का पुराने घर का पता याद था, जो अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर था। इसके बाद रिन ताकाहाता पिता को ढूंढने के लिए जापान से भारत आ गया।

यह तस्वीर करीब 19 साल पुरानी है। इसमें सुखपाल सिंह के साथ रिन ताकाहाता है।

यह तस्वीर करीब 19 साल पुरानी है। इसमें सुखपाल सिंह के साथ रिन ताकाहाता है।

थाईलैंड एयरपोर्ट पर हुई थी दोनों की मुलाकात

सुखपाल सिंह ने बताया कि साची ताकाहाटा से उसकी मुलाकात थाईलैंड एयरपोर्ट पर हुई थी। साची भारत आ रही थी और वह अपने घर अमृतसर लौट रहे थे। प्लेन में दोनों की सीट साथ थीं। सुखपाल ने साची को गोल्डन टेंपल व वाघा बॉर्डर दिखाने का वादा किया। साची कई दिन उनके फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित पुराने घर पर ही रहीं। इसी बीच दोनों में प्यार हो गया।

साची जापान वापस चली गईं। इसके बाद साची ने उसे जापान बुला लिया। साल 2002 में दोनों ने जापान में शादी की और 2003 में रिन ताकाहाता का जन्म हुआ।

2002 में साची ताकाहाता व सुखपाल सिंह की तस्वीर।

2002 में साची ताकाहाता व सुखपाल सिंह की तस्वीर।

तलाक के बाद दूसरी शादी की

सुखपाल बताते हैं कि जब उन्होंने साची से शादी की, वह 19 साल के थे। परिवार को वे संभाल नहीं पाए। शादी में कठिनाइयां सामने आईं और 2004 में भारत लौट आए। साची उन्हें मनाने अमृतसर भी आई थी और अपने साथ वापस ले गईं। फिर भी शादी ज्यादा दिन नहीं चली और तलाक के बाद 2007 में वह भारत लौट आए। भारत आकर उन्होंने गुरविंदरजीत कौर से शादी कर ली। दूसरी शादी के बाद उन्हें बेटी अवलीन पन्नू है।

रिन ताकाहाता अवलीन पन्नू के साथ सेल्फी लेते हुए।

रिन ताकाहाता अवलीन पन्नू के साथ सेल्फी लेते हुए।

सोशल मीडिया पर ढूंढने की कोशिश की

रिन ताकाहाता ने बताया कि उन्होंने पिता को सोशल मीडिया पर खोजने की बहुत कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अब पिता के साथ उन्हें पूरा परिवार मिल गया है। जापान में खुद को अकेला समझता था, लेकिन अब पिता के साथ उन्हें एक बहन भी मिल गई। रक्षाबंधन के त्योहार पर अवलीन ने उसे राखी बांधी।

मां-पिता को एक साथ देखना चाहता है रिन ताकाहाता

रिन ने कहा कि वह अपने माता-पिता को दोबारा एक साथ देखना चाहता है। उसने पिता से वादा किया है कि वह नियमित रूप से अमृतसर आता रहेगा और अपने पिता व भारतीय परिवार साथ अमृतसर में रहेगा।