पात्रा चॉल घोटाले में संजय राउत गिरफ्तार: साढ़े छह घंटे की पूछताछ के बाद ED ने रात 12 बजे अरेस्ट किया; आज कोर्ट में पेश करेगी

मुंबई11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

महाराष्ट्र के पात्रा चॉल घोटाले में आरोपी शिवसेना सांसद संजय राउत को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रात 12 बजे गिरफ्तार कर लिया। साढ़े छह घंटे की पूछताछ के बाद ED की ओर से यह एक्शन लिया गया। राउत रविवार को शाम 5.30 बजे ED दफ्तर पहुंचे थे। राउत के भाई सुनील राउत ने बताया कि सोमवार सुबह 11.30 बजे उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

राउत की गिरफ्तारी के बाद उनके भाई सुनील राउत ने कहा कि गलत तरीके से उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हमें गिरफ्तारी के संबंध में कोई कागज नहीं दिया गया है। भाजपा संजय राउत से डरती है, इसलिए गिरफ्तार करवाई है।

उद्धव ने जताया था गिरफ्तारी का अंदेशा
राउत के घर पर बुधवार को ED की छापेमारी के बाद शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने बयान जारी किया था। उद्धव ने अंदेशा जताते हुए कहा था कि राउत को ED की गिरफ्तार कर सकती है। उन्होंने आगे कहा था- यह सारी कारस्तानी सारी लाज शर्म छोड़कर निर्लज्जता से चली रही है। ये दमन शाही नीति है।

मैं झुकूंगा नहीं, शिवसेना भी नहीं छोड़ूंगा
बुधवार को ED दफ्तर जाने से पहले संजय राउत ने मीडिया से बातचीत की थी। उन्होंने इस दौरान कहा कि मार-मार कर पीट-पीट कर मेरे खिलाफ सबूत इकट्ठे किए जा रहे हैं। यह शिवसेना और महाराष्ट्र को कमजोर करने के लिए किया जा रहा है। इससे न शिवसेना कमजोर होगी और न ही महाराष्ट्र कमजोर होगा। मैं झुकूंगा नहीं और न ही पार्टी छोड़ूंगा।’

खबरें और भी हैं…