पति की मौत, कंकाल बनता देखती रही पत्नी: सोनीपत में दर्दनाक घटना; बदबू उठी तो पहुंची पुलिस, शव मिला, भूख-प्यास से महिला हुई बेसुध

सोनीपत2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
बेड पर बेसुध हालत में मिला महिला। - Dainik Bhaskar

बेड पर बेसुध हालत में मिला महिला।

हरियाणा के सोनीपत में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां गुड़मंडी क्षेत्र में एक मकान में 85 साल के वृद्ध की मौत हो गई और शव सड़ने लगा तो पड़ोस के लोगों ने पुलिस बुला ली। पुलिस व आस पड़ोस के लोग यह देखकर दंग रह गए कि शव कंकाल में बदल चुका था और वहां मृतक की पत्नी भी बेसुध हालत में औंधे मुंह पड़ी थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि वृद्ध की माैत भूख प्यास व उपचार मिलने से हुई है। वृद्ध के बेटे सुबोध जिंदल की मौत हो चुकी है और दोनों की सुध न तो नाते रिश्तेदारों में से किसी ने ली और न ही आस पड़ोस के लोगों ने।

डाकखाने वाली गली की घटना

जानकारी के अनुसार पुराना रोहतक रोड़ स्थित गुड़मंडी क्षेत्र में डाकखाने वाली गली में वृद्ध रामनिवास (85) अपनी पत्नी सरला (65) के साथ रह रहा था। मकान में उनके सिवाय कोई नहीं था। सोमवार रात को मकान से दुर्गंध उठने लगी तो अस पड़ोस के लोगों ने थाना शहर पुलिस काे सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम रात को साढे 9 बजे के करीब मौके पहुंची। मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयासों के बावजूद किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो पुलिस और आसपास के लोग दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे।

टॉयलेट में पड़ा रामनिवास का शव कंकाल में बदलने लगा था।

टॉयलेट में पड़ा रामनिवास का शव कंकाल में बदलने लगा था।

हालात देख दहल गई पुलिस

मकान के अंदर का नजारा दिल दहलाने वाला था। यहां मकान की उपर की मंजिल के टॉयलेट में एक बुजुर्ग का शव पड़ा हुआ था। शव गल सड़ चुका था और हड्डियों के कंकाल में बदल गया था। शव रामनिवास का बताया गया। पास मे ही बेड पर सरला भी बेसुध हालत में पड़ी थी। वृद्ध और उसकी पत्नी की दशा देखकर पुलिस कर्मी भी दहल गए। आनन फानन में ही एंबुलेंस का इंतजाम कर वृद्धा सरला को नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहीं मृतक की डैड बॉडी को भी आवश्यक छानबीन और कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

वृद्धा हो चुकी थी लाचार

बताया गया है कि सरला देवी की कुछ समय पहले गिरने से कुल्हे की हड्‌डी टूट गई थी। तब से वह एक तरह से चलने फिरने में लाचार थी। रामनिवास ही उसकी सेवा करता था। अब पति की मौत हुई तो वह उसे मृत हालत में पड़े हुए देखने के सिवाय कुछ नहीं कर पाई। भूख प्यास से वह भी बेसुध हो गई। माना जा रहा है वृद्ध की मौत को तीन से चार दिन हो चुके हैं। अब शव से बदबू उठी तो गली से गुजरने वाले लोगों को आभास हुआ कि घर में कुछ बुरा हुआ है। पांच दिन से घर बंद था और किसी तरह की हलचल आस पड़ोस के लोगों ने नहीं देखी।

घर से बदबू आने की सूचना के बाद रात को वृद्ध के घर पहुंची पुलिस।

घर से बदबू आने की सूचना के बाद रात को वृद्ध के घर पहुंची पुलिस।

बेटे की हो चुकी मौत

फिलहाल यह माना जा रहा है कि रामनिवास की मौत भूख प्यास और समय पर उपचार न मिलने से हुई है। उनके परिवार का कोई सदस्य आस पड़ोस में नहीं रहता था। वृद्ध दंपति का सुबोध जिंदल नाम एक बेटा था, जिसकी 6 वर्ष पहले मौत हो गई थी। वह डेयरी की दुकान चलाता था। इसके बाद तो रामनिवास टूट ही गया था। नाते रिश्तेदार तो दूर, आस पड़ोस के लोगों ने भी वृद्ध दंपति की कोई सुध नहीं ली। दोनों पति पत्नी बंद मकान में उपर के कमरे में पड़े मिले। हालात पर गौर करें तो आस पास के लोगों की संवेदनाएं भी मर चुकी थी।

वृद्धा के होश में आने पर खुलेगा राज

सोनीपत शहर थाना के SI प्रेम प्रकाश ने बताया कि बंद मकान में ऊपर वाली बिल्डिंग में वृद्ध रामनिवास का जर्जर हो चुका शव मिला है। पास में पत्नी भी बेसुध हो चुकी थी। पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। आरंभिक हालात से यही लगता है कि परिवार भूख-प्यास और बीमारी की चपेट में था। वृद्धा सरला को होश में आने के बाद ही पूरी जानकारी मिलेगी कि आखिर हुआ क्या।

खबरें और भी हैं…