न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: 10 राज्यों के राज्यपाल बदले; दिल्ली- IAS कोचिंग में पानी भरा, 3 स्टूडेंट की मौत; ओलिंपिक- गोल्ड के लिए उतरेंगी मनु भाकर

16 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. दिल्ली की IAS कोचिंग में पानी भरा, 3 स्टूडेंट की मौत; NDRF ने 14 छात्रों को बचाया
दिल्ली में तेज बारिश के चलते ओल्ड राजेंद्र नगर के राव IAS स्टडी सर्कल के बेसमेंट में पानी भर गया। इसमें 3 स्टूडेंट की मौत हो गई। स्टूडेंट बेसमेंट में बनी लाइब्रेरी में पढ़ रहे थे। पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम को जलभराव के बाद बेसमेंट में बनी लाइब्रेरी में कई स्टूडेंट के फंसे होने की सूचना मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड और NDRF को बुलाया गया। देर रात से सुबह के बीच 2 छात्राओं और एक छात्र का शव बाहर निकाला गया। 14 छात्रों को बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया है। रेस्क्यू खत्म हो गया है।
पढ़ें पूरी खबर…

2. उत्तर प्रदेश में बाढ़, 350 गांव डूबे: UP-उत्तराखंड में बारिश से 24 घंटे में 4 मौतें
उत्तर प्रदेश में तेज बारिश के चलते कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित लखीमपुर खीरी है। यहां 5 तहसीलों के 350 गांवों में पानी घुस गया है। शनिवार को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के चलते चार लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र में 24 जुलाई को पुणे में हुई भारी बारिश में बहे 26 साल के शख्स का शव शनिवार को बरामद हुआ। पुणे में बुधवार से अब तक छह लोगों की मौत हो गई है। आज 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पढ़ें पूरी खबर…

3. 10 राज्यों के राज्यपाल बदले: ओम माथुर सिक्किम के गवर्नर; लक्ष्मण प्रसाद असम के राज्यपाल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजस्थान, महाराष्ट्र, झारखंड समेत 10 राज्यों के राज्यपाल बदल दिए हैं। राष्ट्रपति भवन ने शनिवार देर रात इसकी सूचना जारी की। उधर, पंजाब के मौजूदा गवर्नर बनवारी लाल का इस्तीफा मंजूर करते हुए गुलाब चंद कटारिया पंजाब का राज्यपाल और चंडीगढ़ का प्रशासक नियुक्त किया गया है। लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम की जिम्मेदारी दी गई है, उनके पास मई 2023 से हिंसा से जूझ रहे मणिपुर का भी अतिरिक्त प्रभार भी होगा।
पढ़ें पूरी खबर…

4. PM मोदी आज ‘मन की बात’ करेंगे: ओलिंपिक गेम्स और बजट पर चर्चा कर सकते हैं
मोदी 3.0 के पहले बजट के बाद आज पहली बार मन की बात कार्यक्रम का 112वां एपिसोड प्रसारित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें बजट पर अपनी राय रख सकते हैं। इसके अलावा पेरिस में चल रहे ओलिंपिक गेम्स पर भी चर्चा कर सकते हैं। दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर भाजपा नेता मन की बात कार्यक्रम सुनेगें। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा मुख्यालय में प्रोग्राम सुनेंगे। इससे पहले PM मोदी ने लोकसभा चुनाव में जीत के बाद मन की बात की थी।
पढ़ें पूरी खबर…

5. राहुल ने उत्तरप्रदेश के मोची को सिलाई मशीन गिफ्ट की, एक दिन पहले मिले थे
राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर के मोची राम चैत के लिए एक सिलाई मशीन और आर्थिक मदद भेजी। राम चैत ने कांग्रेस का आभार जताया और राहुल को अपने बनाए 2 जोड़ी जूते भेजे। राहुल 26 जुलाई को गृहमंत्री अमित शाह मानहानि केस में सुल्तानपुर कोर्ट पहुंचे थे। लौटते वक्त राहुल मोची की दुकान पर रुके। चप्पल की सिलाई की। उनसे पूछा कि जूते कैसे बनाते हो। करीब 5 मिनट तक राम चैत से बातचीत के बाद राहुल वहां से निकल गए थे।
पढ़ें पूरी खबर…

6. ऋषभ पंत 5 हजार टी-20 रन बनाने वाले 100वें बैटर, भारत ने 35वीं बार बनाया 200+ स्कोर
भारतीय टीम ने श्रीलंकाई दौरे का आगाज जीत से किया है। टीम इंडिया ने 3 मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबानों को 43 रनों से हराया। भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 213 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम इंडिया ने टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 35वीं बार 200 से ज्यादा का स्कोर बनाया। ऑस्ट्रेलियाई टीम 23 बार ऐसा कर चुकी है। जवाबी पारी में श्रीलंकाई टीम 19.2 ओवर में 170 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत ने टी-20 में 5 हजार रन पूरे कर लिए। वे ऐसा करने वाले दुनिया के 100वें बल्लेबाज बने।
पढ़ें पूरी खबर…

7. भारतीय शूटर मनु भाकर आज गोल्ड के लिए उतरेंगी, सिंधु करेंगी अपने अभियान की शुरुआत
पेरिस ओलिंपिक के दूसरे दिन यानी रविवार को भारतीय टीम बैडमिंटन, निशानेबाजी, रोइंग, टेबल टेनिस और स्विमिंग में उतरेंगी। इस दौरान सारी निगाहें मनु भाकर पर होंगी, जो 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में गोल्ड मेडल के लिए उतरेंगी। इसके अलावा पीवी सिंधु अपने ओलिंपिक अभियान की शुरुआत भी रविवार को ही करेंगी। रोइंग के मेंस सिंगल इवेंट में चौथे स्थान पर रहने वाले बलराज पवार आज रेपेचेज का मुकाबला खेलेंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

8. इटली PM जॉर्जिया मेलोनी पहली बार बीजिंग पहुंची, चीनी अखबार ने लिखा- नाराज जिनपिंग को मनाने आईं
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी पांच दिन के दौरे पर शनिवार शाम को बीजिंग पहुंची। ये उनकी पहली चीन यात्रा है। अपने 5 दिन के दौरे पर मेलोनी सोमवार को राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री ली कियांग से मिलेंगी। इटली चीन की बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) से साल 2019 में जुड़ा था और ऐसा करने वाला G7 का एकमात्र देश था। इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के बाद अमेरिका और पश्चिमी देशों ने इटली की आलोचना की थी और कहा था कि चीन उसे इस प्रोजेक्ट के जरिए कर्ज के जाल में फंसाना चाहता है। फिर मेलोनी दिसंबर 2023 में BRI से अलग हो गईं।
पढ़ें पूरी खबर…

9. इजराइल पर हिजबुल्लाह की 10 महीने में सबसे बड़ी एयरस्ट्राइक: 12 की मौत
ईरान समर्थक आतंकी संगठन हिजबुल्लाह ने इजराइल पर पिछले करीब 10 महीने का सबसे बड़ा हमला किया है। आतंकी संगठन ने शनिवार को लेबनान से गोलन हाइट्स के फुटबॉल ग्राउंड पर रॉकेट दागे। इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 30 घायल हैं। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, मरने वालों में ज्यादातर बच्चे हैं, जिनकी उम्र 10-20 साल के बीच है।
पढ़ें पूरी खबर…

10. बांग्लादेश हिंसा में पाकिस्तान की जमात-ए-इस्लामी पार्टी का हाथ, छात्र की हत्या पर ₹3500
आरक्षण के मुद्दे पर छात्र आंदोलन के नाम पर सुलगे बांग्लादेश में पाकिस्तान की बड़ी साजिश बेनकाब हुई है। आंदोलन में हर छात्र के मर्डर के लिए पांच हजार टका (लगभग 3500 रुपए) और पुलिस वाले को मारने पर 10 हजार टका (लगभग 7000 रु.) की सुपारी दी गई थी। हिंसा के पीछे तीन अहम साजिशकर्ता सामने आए हैं। खुफिया ब्यूरो के सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी दल BNP का छात्र संगठन ‘युवा दल’ छात्रों का हिमायती बनकर आंदोलन में कूदा, लेकिन उसका असल हैंडलर पाकिस्तान परस्त जमात-ए-इस्लामी था।
पढ़ें पूरी खबर…