न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: वेस्टइंडीज में तूफान में फंसी टीम इंडिया; NEET रीएग्‍जाम रिजल्‍ट जारी, 6 टॉपर घटे; कॉमर्शियल सिलेंडर ₹31 सस्ता

  • Hindi News
  • National
  • NEET UG Result 2024; India T20 WC Team Barbados Beryl Hurricane | New Criminal Laws

3 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. NEET रीएग्‍जाम रिजल्‍ट जारी, नई मेरिट लिस्ट भी आई; 67 से घटकर 61 हुए टॉपर
NTA ने NEET UG रीएग्जाम का रिजल्‍ट जारी कर दिया है। रिजल्ट के साथ ही नई मेरिट लिस्ट भी आ गई है। इसमें टॉपर्स की संख्या घट गई है। पुरानी लिस्ट में जहां 67 कैंडिडेट्स को ऑल इंडिया रैंक-1 मिली थी, वहीं अब यह संख्या घटकर 61 हो गई है। रीएग्‍जाम ग्रेस मार्क्‍स पाने वाले 1563 कैंडिडेट्स के लिए हुआ था, इसमें सिर्फ 813 ने ही भाग लिया था। 720 में से 720 नंबर पाने वाले 6 में से 5 स्‍टूडेंट्स रीएग्‍जाम में शामिल हुए थे। इनमें से किसी ने भी रीएग्‍जाम में 720 नंबर स्‍कोर नहीं किए हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

2. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 31 रुपए तक सस्ता हुआ, दिल्ली में कीमत 1646 रुपए
आज से 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर ₹31 तक सस्ता हो गया है। दिल्ली में दाम अब ₹30 घटकर ₹1646 हो गए हैं। पहले यह ₹1676 में मिल रहा था। कोलकाता में यह सिलेंडर अब ₹1756 में मिल रहा है, पहले इसके दाम ₹1787 थे। मुंबई में सिलेंडर ₹1629 से ₹31 कम हो कर ₹1598 का हो गया है। चेन्नई में सिलेंडर ₹1809.50 का मिल रहा है। हालांकि, 14.2 KG वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में यह ₹803 और मुंबई में ₹802.50 का मिल रहा है।
पढ़ें पूरी खबर…

3. आज से तीन नए क्रिमिनल कानून लागू, शादीशुदा महिला को फुसलाने पर जेल
आज यानी 1 जुलाई से देशभर में तीन नए क्रिमिनल कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू हो गए हैं। अब मर्डर करने पर धारा 302 नहीं, 101 लगेगी। धोखाधड़ी के लिए फेमस धारा 420 अब 318 हो गई है। रेप की धारा 375 नहीं, अब 63 है। शादीशुदा महिला को फुसलाना अब अपराध है, जबकि जबरन अप्राकृतिक यौन संबंध अब अपराध की कैटेगरी में नहीं आएगा। इसके अलावा कई प्रोसीजरल बदलाव भी हुए हैं, जैसे अब घर बैठे e-FIR दर्ज करा सकते हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

4. टीम इंडिया बेरिल तूफान में फंसी, 210 kmph की रफ्तार से हवाएं चल रहीं, एयरपोर्ट पर ऑपरेशन बंद
टी-20 वर्ल्‍ड कप 2024 की चैंपियन टीम इंडिया बेरिल तूफान की वजह से बारबाडोस में ही फंसी हुई है। टीम को भारत आने के लिए सोमवार को न्‍यूयॉर्क के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन खराब मौसम की वजह से टीम के शेड्यूल पर असर पड़ा है। तूफानी हवाएं 210 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। इसकी वजह से एयरपोर्ट पर अभी ऑपरेशन रुके हुए हैं। एयरपोर्ट को एक दिन के लिए बंद भी करना पड़ सकता है।
पढ़ें पूरी खबर…

5. संसद सत्र का छठा दिन, NEET मुद्दे पर हंगामे के आसार; कल PM जवाब देंगे
संसद सत्र का सोमवार (1 जुलाई) को छठा दिन है। दोनों सदनों में NEET-UG परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर आज फिर हंगामे के आसार हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी से इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर चुके हैं। लोकसभा में आज भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करेंगे। लोकसभा ने धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 16 घंटे का समय तय किया है, जो मंगलवार 2 जुलाई को PM मोदी के जवाब के साथ खत्म होगा।
पढ़ें पूरी खबर…

6. के. कविता की जमानत पर आज दिल्ली हाईकोर्ट में फैसला, शराब नीति से जुड़ा मामला
शराब नीति से जुड़े भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में BRS नेता के. कविता की जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट आज अपना फैसला सुना सकता है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कविता को 15 मार्च को गिरफ्तार किया था। इसके बाद CBI ने उन्हें 11 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। कविता अभी तिहाड़ में बंद हैं। हाईकोर्ट ने 28 मई को कविता की दो जमानत याचिकाओं पर आदेश सुरक्षित रख लिया था। कविता ने ट्रायल कोर्ट के 6 मई के आदेश को चुनौती दी है, जिसमें उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी।
पढ़ें पूरी खबर…

7. केजरीवाल के PA बिभव कुमार की याचिका पर फैसला आज, गिरफ्तारी को चुनौती दी थी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पीए बिभव कुमार की याचिका पर आज हाईकोर्ट फैसला सुनाएगा। बिभव ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है। जस्टिस स्वर्णकांत शर्मा ने 31 मई को फैसला सुरक्षित रख लिया था। बिभव पर AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से 13 मई को CM आवास पर मारपीट का आरोप है। उन्हें 18 मई को गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने बिभव को 14 जून तक ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा है। इसके बाद उनकी कस्टडी फिर बढ़ा दी गई थी।
पढ़ें पूरी खबर…

8. जून में सामान्य से 11% कम बारिश, गुजरात में भारी बारिश से कई शहरों में जलभराव
मानसून देश के करीब सभी राज्यों में पहुंच गया है। अगले तीन दिन में यह राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के बाकी हिस्से को कवर कर लेगा। जून में देशभर में सामान्य से 11% कम बारिश हुई है। गुजरात में भारी बारिश से सूरत, भुज, वापी, भरूच और अहमदाबाद में सड़कों और घरों में पानी भर गया। राज्य में अगले चार दिन ऐसे ही बारिश होने का अनुमान है। इधर, रविवार दोपहर पुणे के पास लोनावला में ओवरफ्लो भुशी डैम में एक परिवार के 5 लोग बह गए। इनमें से 3 शव बरामद हो गए हैं। 2 की तलाश जारी है।
पढ़ें पूरी खबर…

9. अस्पताल में भर्ती हैं शत्रुघ्न सिन्हा, सोनाक्षी-जहीर की शादी के बाद पसलियों में लगी चोट
शत्रुघ्न सिन्हा की पसलियों में गंभीर चोट आई है। इसी वजह से वे बीते कुछ दिन से अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी बेटी सोनाक्षी की जहीर इकबाल के साथ 23 जून को शादी थी। इसके दो दिन बाद ही शत्रुघ्न अपने घर के डाइनिंग रूम में गिर गए थे। उन्हें कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती किया गया था। घटना के वक्त सोनाक्षी घर पर ही थीं।
पढ़ें पूरी खबर…

10. वाराणसी में स्कूटी सवार को कार ने रौंदा, 100 मीटर घसीटने से स्कूटी चालक की मौत
यूपी के वाराणसी में आधी रात शराब के नशे में धुत कार चालक ने स्कूटी सवार को रौंद दिया। वह स्कूटी को 100 मीटर तक घसीटता ले गया। तेज रफ्तार कार एक पत्थर से टकराकर रुक गई तो चौराहे पर तैनात पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद कार के नीचे से स्कूटी सवार को निकाला गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में एडमिट करवाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।
पढ़ें पूरी खबर…