न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: विनेश का कुश्ती से संन्यास; आज लोकसभा में पेश होगा वक्फ बिल; भारत में घुस रहे 500 बांग्लादेशियों को BSF ने रोका

1 घंटे पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. विनेश फोगाट का कुश्ती से संन्यास, लिखा- कुश्ती जीत गई, मैं हार गई
भारतीय रेसलर विनेश फोगाट ने पेरिस ओलिंपिक में डिसक्वालिफाई होने के बाद कुश्ती से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने गुरुवार सुबह 5.17 बजे X पर एक पोस्ट में लिखा- “मां कुश्ती मेरे से जीत गई, मैं हार गई। माफ करना आपका सपना, मेरी हिम्मत सब टूट चुके। इससे ज्यादा ताकत नहीं रही अब। अलविदा कुश्ती 2001-2024, आप सबकी हमेशा ऋणी रहूंगी, माफी।” 7 अगस्त को विनेश का वजन उनकी तय कैटेगरी 50kg से 100 ग्राम ज्यादा निकला। इसके बाद ओलिंपिक एसोसिएशन ने उन्हें फ्रीस्टाइल महिला कुश्ती के लिए अयोग्य घोषित कर दिया।
पढ़ें पूरी खबर…

2. भारत में घुस रहे 500 बांग्लादेशी को BSF ने रोका, वहां आज नई सरकार
भारत-बांग्लादेश बॉर्डर के पास घुसपैठ कर रहे करीब 500 बांग्लादेशियों को BSF के जवानों ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के पास रोक दिया। ये लोग बांग्लादेश में प्रदर्शनकारियों के हमलों के डर से इकट्ठा हुए थे। BSF और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश ने इन लोगों से बात की, जिसके बाद ये सभी लौट गए। बांग्लादेश में शेख हसीना के इस्तीफे के बाद आज अंतरिम सरकार का गठन होगा। 15 सदस्यीय इस सरकार का नेतृत्व नोबेल प्राइज विजेता मुहम्मद यूनुस करेंगे। रात 8:30 बजे सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
पढ़ें पूरी खबर…

3. संसद सत्र 14वां दिन- लोकसभा में पेश होगा वक्फ बिल, वक्फ बोर्ड के अधिकारों में बदलाव होगा
संसद के मानसून सत्र का गुरुवार (8 अगस्त) को 14वां दिन है। केंद्र सरकार मौजूदा वक्फ एक्ट में करीब 40 संशोधन करने से जुड़ा नया वक्फ बिल आज लोकसभा में पेश करेगी। यह बिल पास होने के बाद वक्फ बोर्ड किसी भी संपत्ति को अपना नहीं बता सकेगा। अभी वक्फ के पास किसी भी जमीन को अपनी संपत्ति घोषित करने की शक्ति है। जमीन पर दावे से पहले उसका वेरिफिकेशन करना होगा। इससे बोर्ड की मनमानी पर रोक लगेगी।
पढ़ें पूरी खबर…

4. हिमाचल में बादल फटा, 45 लोग बहे, 13 की मौत; 19 राज्यों में बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में समेज-बागी पुल के पास बुधवार रात बादल फटने से 45 लोग बह गए। सुबह तक 13 शव बरामद हुए हैं। एक व्यक्ति अभी लापता है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई तेज बारिश से चंडीगढ़-मनाली हाईवे सहित 214 सड़कें बंद हैं। हिमाचल के समेज में 1 अगस्त की रात भी बादल फटा था। इसमें 36 लोग लापता हो गए थे। उधर मौसम विभाग ने आज 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पढ़ें पूरी खबर…

5. हरियाणा सरकार विनेश को देगी 4 करोड़ रुपए, बोले- उनका स्वागत चैंपियन जैसा होगा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा, विनेश किसी भी कारण से ओलंपिक का फाइनल नहीं खेल पाई हों, लेकिन वे हम सभी के लिए चैंपियन हैं। हमारी सरकार ने फैसला किया है कि विनेश फोगाट का पदक विजेता की तरह स्वागत और सम्मान किया जाएगा। उन्हें सिल्वर मेडल वाला सम्मान और इनाम दिया जाएगा। दरअसल राज्य सरकार ने ऐलान किया था कि ओलिंपिक में गोल्ड मेडलिस्ट को 6 करोड़ रुपए, सिल्वर जीतने पर 4 करोड़ और ब्रांज जीतने पर 2.5 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

6. दिल्ली पुलिस ने सड़कों पर आतंकियों के पोस्टर लगाए, स्वतंत्रता दिवस पर अलर्ट
78वें स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली पुलिस समेत अन्य सुरक्षाबल अलर्ट पर हैं। 8 अगस्त को दिल्ली पुलिस के जवानों ने खान मार्केट के पास आतंकियों के पास अलकायदा से जुड़े आतंकियों के पोस्टर लगाए हैं। पुलिस ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस के चलते सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। ऐसे में आम लोगों को जागरूक करने के लिए आतंकियों को पोस्टर लगाए जा रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को दिल्ली स्थित लाल किले से प्रधानमंत्री देश के नाम संबोधन देंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

7. ब्याज दरों में लगातार 9वीं बार बदलाव नहीं, लोन महंगे नहीं होंगे, EMI भी नहीं बढ़ेगी
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने लगातार 9वीं बार ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया है। RBI ने ब्याज दरों को 6.5% पर जस का तस रखा है। यानी लोन महंगे नहीं होंगे और आपकी EMI भी नहीं बढ़ेगी। RBI ने आखिरी बार फरवरी 2023 में दरें 0.25% बढ़ाकर 6.5% की थीं। 6 अगस्त से चल रही मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की मीटिंग में लिए गए फैसलों की जानकारी RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने आज यानी गुरुवार को दी। ये मीटिंग हर दो महीने में होती है।
पढ़ें पूरी खबर…

8. चुनाव आयोग दो दिन के लिए जम्मू-कश्मीर में, 30 सितंबर तक विधानसभा चुनाव होने हैं
जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर चुनाव आयोग आज से दो दिन के राज्य के दौरे पर रहेगा। प्रतिनिधिमंडल आज (8 अगस्त) श्रीनगर पहुंचेगा। कुछ देर में इलेक्शन कमीशन की क्षेत्रीय और राष्ट्रीय पार्टियों के साथ मीटिंग होगी। उसके बाद पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक होगी। 9 अगस्त को दोपहर में इलेक्शन कमीशन एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। दिसंबर 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र शासित प्रदेश में 30 सितंबर 2024 तक चुनाव कराने के निर्देश दिए थे।
पढ़ें पूरी खबर…

9. गोल्डन आर्म नीरज से आज गोल्ड की उम्मीद, रात 11:55 बजे से जेवलिन-थ्रो फाइनल
नीरज चोपड़ा आज पेरिस ओलिंपिक में मेंस जेवलिन थ्रो इवेंट के फाइनल में हिस्सा लेंगे। 26 साल के नीरज ने 2 दिन पहले क्वालिफिकेशन में पहले प्रयास में 89.34 मीटर भाला फेंका था और पहले स्थान पर रहे। ऐसे में भारत को उनसे गोल्ड मेडल की उम्मीद होगी। नीरज चोपड़ा का इवेंट रात 11:55 बजे से होगा। मुकाबले में नीरज के सामने ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स, जर्मनी के जूलियन वेबर और पाकिस्तान के अहमद नदीम जैसी चुनौतियां होंगी।
पढ़ें पूरी खबर…

10. ईरान में 29 लोगों को एक ही दिन फांसी; हत्या, रेप और ड्रग्स की तस्करी के दोषी थे
ईरान में बुधवार को 29 लोगों को फांसी की सजा दी गई। तेहरान के बाहर गेजलहसर जेल में 26 लोगों को और बाकी 3 लोगों को करज शहर की जेल में फांसी दी गई। जिन लोगों को फांसी दी गई उनमें दो अफगान नागरिक भी शामिल हैं। उन पर हत्या, नशीले पदार्थों की तस्करी और रेप के आरोप थे। 1991 में 48 देश ऐसे थे जहां मौत की सजा का प्रावधान नहीं था। 2023 में ये आंकड़ा बढ़कर 112 हो गया। 9 देश ऐसे हैं जहां सिर्फ गंभीर जुर्म के लिए मौत की सजा दी जाती है।
पढ़ें पूरी खबर…