न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: मोदी ने 1600 साल पुराना नालंदा का खंडहर देखा, कैम्पस का उद्घाटन करेंगे; सांसद की बेटी ने BMW से युवक को रौंदा

3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ में मानसून 3-4 दिन में पहुंच सकता है, 11 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ ओडिशा, बिहार और झारखंड में मानसून अगले 3-4 दिन में पहुंच सकता है। IMD ने उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं, गर्मी के बीच दिल्ली में बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची। दिल्ली में स्टेट लोड डिस्पैच डेटा के मुताबिक, मंगलवार 18 जून को यह मांग 8,647 मेगावॉट दर्ज की गई। 22 मई को पीक अवर में पहली बार बिजली की मांग ने 8 हजार मेगावॉट का आंकड़ा पार किया था।
पढ़ें पूरी खबर…

2. मोदी नालंदा यूनिवर्सिटी के नए कैंपस का उद्घाटन करेंगे, 1600 साल पुराने खंडहर भी गए
पीएम नरेंद्र मोदी आज बिहार दौरे पर रहेंगे। यहां वो प्राचीन नालंदा यूनिवर्सिटी के नए स्वरूप को देश को समर्पित करेंगे। इससे पहले वो प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के 1600 साल पुराने खंडहर भी गए। नालंदा का नया कैंपस 455 एकड़ में फैला है। यह दुनिया का सबसे बड़ा नेट जीरो ग्रीन कैंपस है। कैंपस की इमारतें डेसिकेंट इवेपोरेटिव तकनीक से बनी है। ये गर्मी के मौसम में ठंडी और सर्दी के दिनों में गर्म रहेंगी।
पढ़ें पूरी खबर…

3. राज्यसभा सांसद की बेटी ने BMW से युवक को रौंदा: आरोपी नशे में थी, मिल गई जमानत
चेन्नई में हिट-एंड-रन का हाई प्रोफाइल मामला सामने आया है। चेन्नई में राज्यसभा सांसद बीडा मस्तान राव की बेटी ने फुटपाथ पर सो रहे एक व्यक्ति के ऊपर अपनी BMW कार चढ़ा दी। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद सांसद की बेटी को थाने से ही जमानत दे दी गई। बीडा मस्तान राव YSR कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सदस्य हैं। पिछले महीने ही पुणे में हिट एंड रन का मामला सामने आया था। इसमें एक नाबालिग ने पोर्श कार से बाइक से जा रहे युवक-युवती को टक्कर मार दी थी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पढ़ें पूरी खबर…

4. बंगाल रेल हादसा: दावा – चार रातों से सोया नहीं था मालगाड़ी का लोको पायलट
बंगाल रेल हादसे को लेकर लोको स्टाफ एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एसएस ठाकुर ने दावा किया कि, मालगाड़ी के जिस लोको पायलट पर हादसे का दोष मढ़ा जा रहा है। वह लगातार 4 रातों से सोया नहीं था। जबकि नियम अधिकतम लगातार 2 रात ड्यूटी का है। ठाकुर ने यह भी कहा- स्टेशन मास्टर ने कंचनजंगा के आगे बढ़ने के 15 मिनट बाद ही मालगाड़ी को सिग्नल दे दिया था। जबकि उस वक्त कंचनजंगा एक्सप्रेस कुछ किमी आगे ट्रैक पर खड़ी थी। स्टेशन मास्टर की इस गलती की भी जांच होनी चाहिए। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी।
पढ़ें पूरी खबर…

5. पटनायक BJP विधायक से बोले- ओह, आपने मुझे हरा दिया, पूरे सदन ने पूर्व CM को सम्मान दिया
ओडिशा में नए विधायकों का मंगलवार को शपथ ग्रहण समारोह हुआ। पूर्व सीएम और BJD प्रेसिडेंट नवीन पटनायक का सामना भाजपा के लक्ष्मण बाग से हुआ। तभी पटनायक ने बाग से कहा, ‘ओह, आपने मुझे हरा दिया। उनके ये कहते ही वहां खड़े सभी लोग हंसने लगे। नवीन पटनायक ने ओडिशा विधानसभा चुनाव में दो सीटों से चुनाव लड़ा था। कांटाबांजी सीट पर उन्हें हार सामना करना पड़ा। हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में, भाजपा ने 78 विधानसभा सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। BJD को सिर्फ 51 सीट मिलीं।
पढ़ें पूरी खबर…

6. असम के होम सेक्रेटरी ने ICU में आत्महत्या की, कैंसर पीड़ित पत्नी की कुछ मिनट पहले मौत हुई थी
असम के होम और पॉलिटिकल सेक्रेटरी शिलादित्य चेतिया ने अपनी पत्नी की मौत के कुछ मिनटों के बाद आत्महत्या कर ली। उनकी पत्नी कैंसर से पीड़ित थीं। पिछले कई दिनों से गुवाहाटी के नेमकेयर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार को उनकी मौत हो गईं। वे ICU में भर्ती थीं। उनकी मौत के 10 मिनट के भीतर 44 साल के शिलादित्य ने सर्विस गन से खुद को गोली मार ली। पत्नी की बीमारी के कारण शिलादित्य पिछले चार महीने से छुट्टी पर थे।
पढ़ें पूरी खबर…

7. अयोध्या राममंदिर में गोली लगने से जवान की मौत: सिर में सामने से लगी गोली
अयोध्या में राम मंदिर की सुरक्षा में तैनात जवान की गोली लगने से मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह 5.25 बजे की है। घटना के समय जवान कोटेश्वर मंदिर के सामने बन रहे वीआईपी गेट के पास तैनात था। यहां से राम मंदिर का मुख्य हिस्सा महज 150 मीटर की दूरी पर है। गोली जवान के सिर में सामने से ललाट पर लगी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गोली सामने से सिर में कैसे लगी?
पढ़ें पूरी खबर…

8. गर्मी से एक हफ्ते में 577 हज यात्रियों की मौत, सऊदी के मक्का में तापमान 52°C पहुंचा
सऊदी अरब के मक्का में हज के लिए पहुंचे 577 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है। यह यात्रा 12 जून से 19 जून तक चली थी। मरने वालों में 323 नागरिक मिस्र के, जबकि 60 जॉर्डन के हैं। इसके अलावा ईरान, इंडोनेशिया और सेनेगल के तीर्थयात्रियों की भी मौत हुई है। ​​​​अरब के दो डिप्लोमैट्स ने बताया, ज्यादातर मौतें गर्मी की वजह से बीमार पड़ने के चलते हुई हैं। 17 जून को मक्का की ग्रैंड मस्जिद में तापमान 51.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। सऊदी अरब के अधिकारियों के मुताबिक, मक्का में जलवायु परिवर्तन का गहरा असर हो रहा है। यहां हर 10 साल में औसत तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ रहा है।
पढ़ें पूरी खबर…

9. इंदौर के मंदिर में मिले मवेशी के टुकड़े; फोर्स तैनात, CCTV में तीन संदिग्ध दिखाई दिए
मध्य प्रदेश के इंदौर के आजाद इलाके में बुधवार सुबह एक मंदिर में मवेशी के कटे अंग मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। भारी फोर्स तैनात की गई है। मंदिर की सफाई करवाई जा रही है। मामला स्कीम नंबर 94 का है। चारों तरफ से बैरिकेड्स लगाकर ट्रैफिक की आवाजाही रोक दी गई है। मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

10. दुनिया की सबसे वैल्युएबल कंपनी बनी एनवीडिया, 3.34 ट्रिलियन डॉलर हुआ मार्केट कैप
अमेरिका की सेमीकंडक्टर चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया माइक्रोसॉफ्ट को पीछे कर दुनिया की सबसे वैल्युएबल कंपनी बन गई है। एनवीडिया कॉर्प का शेयर मंगलवार 18 जून को 4.60 डॉलर (3.51%) की तेजी के साथ 135.58 डॉलर (करीब 11,300 रुपए) पर बंद हुआ। शेयर में इस तेजी से कंपनी का मार्केट कैप 3.34 ट्रिलियन डॉलर (करीब 278 लाख करोड़ रुपए) हो गया है। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट का मार्केट कैप 3.32 ट्रिलियन डॉलर (करीब 276 लाख करोड़) है।
पढ़ें पूरी खबर…