न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: प.बंगाल में पैसेंजर ट्रेन से मालगाड़ी टकराई, 7 की मौत; 22 राज्यों में बारिश का अनुमान; जम्मू-कश्मीर में एक आतंकी ढेर

  • Hindi News
  • National
  • West Bengal Train Tragedy; IMD Monsoon Rainfall Alert | JK Bandipora Terrorist Encounter

56 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. पश्चिम बंगाल में कंचनजंगा एक्सप्रेस को मालगाड़ी ने टक्कर मारी, 7 की मौत
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में सुबह करीब नौ बजे कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन में मालगाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है, 25 लोग घायल हुए हैं। पैसेंजर ट्रेन के 3 डिब्बे पटरी से उतरे हैं। एक-दूसरे पर चढ़ गए हैं। इनमें से एक कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। यह ट्रेन अगरतला से सियालदह जा रही थी। बचाव अभियान के लिए आपदा टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। रिलीफ ट्रेन को भी मौके पर भेजा जा रहा है।
पढ़ें पूरी खबर…

2. बिहार समेत 22 राज्यों में आज बारिश का अनुमान; मानसून अब तक 19 राज्यों में पहुंचा
बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत 22 राज्यों में आज बारिश का अनुमान है। मध्य प्रदेश में 5 दिनों तक प्री-मानसून एक्टिविटी जारी रहेगी। सोमवार सुबह राजधानी भोपाल में तेज हवा और बिजली चमकने के साथ जोरदार बारिश हुई। राज्य में 19-20 जून तक मानसून पहुंच सकता है। केरल में 31 मई को आया मानसून अब तक देश के 19 राज्यों को कवर कर चुका है। इस वक्त यह गुजरात में रुका हुआ है। जिसकी वजह से उत्तर भारत में गर्मी हो रही है।
पढ़ें पूरी खबर…

3. बांदीपोरा में एक आतंकी ढेर: अमित शाह ने एक दिन पहले ही दिया सख्त एक्शन का निर्देश
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। यहां 2-3 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। उनकी तलाश की जा रही है। अरागाम के जंगलों में रविवार को फायरिंग की आवाज सुनाई दी। इसके बाद सेना और पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। सोमवार सुबह, तलाशी तेज की गई तो आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। 16 जून को ही गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को आतंकियों और उनके मददगारों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया था।
पढ़ें पूरी खबर…

4. संसद परिसर में स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियां एक साथ लगाई गईं, कांग्रेस बोली- यह मनमानी
राज्यसभा अध्यक्ष और उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने रविवार को संसद परिसर में प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। प्रेरणा स्थल में सभी राष्ट्रीय प्रतीकों और स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियां एकसाथ रखी गई हैं, जो पहले परिसर में अलग-अलग जगह रखी हुई थीं। कांग्रेस ने इस कदम को सरकार की मनमानी बताया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सरकार ने बिना किसी से पूछे यह फैसला लिया है। ऐसा करना संसद के नियमों और परंपराओं के खिलाफ है।
पढ़ें पूरी खबर…

5. X ने अप्रैल-मई में 2.30 लाख भारतीय अकाउंट बैन किए; इनमें न्यूडिटी, आतंकवाद को बढ़ावा
इलॉन मस्क की कंपनी X कॉर्प ने 26 अप्रैल से 25 मई के बीच भारत में 230,892 अकाउंट्स को बैन किया है। इनमें से 2,29,925 अकाउंट्स को बच्चों के यौन शोषण और नॉन-कंसेशुअल न्यूडिटी को बढ़ावा देने के आरोप में बैन किया गया है। वहीं 967 अकाउंट्स को आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप में हटाया गया है। नए IT नियमों, 2021 के तहत पेश की गई मंथली रिपोर्ट में X ने कहा कि 26 अप्रैल से 25 मई के बीच उसे भारत में X यूजर्स की 17,580 शिकायतें मिलीं।
पढ़ें पूरी खबर…

6. पन्नू की हत्या की साजिश- आरोपी निखिल चेक रिपब्लिक से अमेरिका लाया गया
खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के आरोप में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को चेक रिपब्लिक से अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, निखिल गुप्ता को 16 जून को अमेरिका के ब्रूकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर लाया गया, जिसके बाद आज उसे न्यूयॉर्क कोर्ट में पेश किया जाएगा। अमेरिकी सरकार ने आरोप लगाया था कि न्यूयॉर्क में पन्नू पर जानलेवा हमले की साजिश रची गई थी। इसमें भारत का हाथ था। इस साजिश को नाकाम कर दिया गया।
पढ़ें पूरी खबर…

7. जम्मू-कश्मीर में चिनाब ब्रिज पर ट्रेन का ट्रायल हुआ, यह दुनिया का सबसे ऊंचा आर्च ब्रिज
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि जम्मू के रामबन में संगलदान और रियासी के बीच ट्रेन का पहला ट्रायल रन पूरा हो चुका है। यह ट्रेन चिनाब ब्रिज से होकर गुजरेगी, जो कि दुनिया का सबसे ऊंचा स्टील आर्च ब्रिज है। चिनाब ब्रिज पेरिस के एफिल टावर से भी ऊंचा है। एफिल टॉवर की ऊंचाई 330 मीटर है, जबकि 1.3 किमी लंबे इस ब्रिज को चिनाब नदी पर 359 मीटर की ऊंचाई पर बनाया गया है। सफल परीक्षण के बाद इस रूट पर पहली ट्रेन 30 जून को चलेगी।
पढ़ें पूरी खबर…

8. शशिकला ने राजनीति में दोबारा एंट्री का ऐलान किया, बोलीं- AIADMK को पुनर्जीवित करूंगी
लोकसभा चुनावों में तमिलनाडु में AIADMK एक भी सीट नहीं जीत पाई। इस हार के बाद रविवार को जे जयललिता की करीबी रहीं वीके शशिकला ने पॉलिटक्स में दोबारा एंट्री का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अभी AIADMK की कहानी खत्म नहीं हुई है, अभी तो मेरी शुरुआत हो रही है। शशिकला लंबे समय से राजनीति से दूर थीं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से वादा किया कि 2026 के विधानसभा चुनावों में AIADMK की सत्ता में वापसी होगी। उन्होंने कहा कि हम 2026 में अम्मा (जयललिता) की सरकार बनाएंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

9. अमेरिकी NSA जेक सुलिवन आज भारत आएंगे: मोदी-जयशंकर से मिलेंगे
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) जेक सुलिवन आज भारत आएंगे। सुलिवन क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज (iCET) की मीटिंग में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शपथ के बाद किसी अमेरिकी अधिकारी का यह पहला भारत दौरा है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, सुलिवन के साथ उप विदेश मंत्री कर्ट कैंपबेल भी आ रहे हैं। आज दोनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ मुलाकात करेंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

10. UP में गर्लफ्रेंड ने कराई एक्स बॉयफ्रेंड की हत्या: मिलने के बहाने बुलाया, फिर हत्या
UP के आगरा के मलपुरा क्षेत्र के रोहता में शनिवार को युवक का शव मिला था। युवक के सिर में चोट के निशान थे। पुलिस ने महज 24 घंटे में हत्याकांड का खुलासा कर दिया। युवक की हत्या उसकी प्रेमिका ने अपने नए प्रेमी और दोस्तों के साथ मिलकर की थी। उसे मिलने के बहाने बुलाया था। इसके बाद उसके सिर में बेस बॉल के डंडे और बीयर की बोतलों से हमला कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने प्रेमिका और उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पढ़ें पूरी खबर…