न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: गुजरात में अटका मानसून, उत्तर भारत में गर्मी; डीपफेक रोकने का बिल लाने की तैयारी, वर्ल्डकप से बाहर होने से बचा इंग्लैंड

  • Hindi News
  • National
  • Deepfake Video Digital India Bill; IMD Monsoon | Rainfall Heatwave Alert

20 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. गुजरात में मानसून रुका, MP में 3 दिन बाद पहुंचेगा; नॉर्थ-ईस्ट में बारिश का रेड अलर्ट
मध्य प्रदेश, राजस्थान में प्री-मानसून एक्टिविटी जारी है। वहीं, गुजरात में चार दिन पहले एंट्री लेने के बाद मानसून रुक गया है। इसके चलते मध्यप्रदेश में मानसून में देरी हो रही है। MP और अन्य राज्यों में इसकी 18-19 जून तक एंट्री होने की संभावना है। वहीं यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में गर्मी बढ़ गई है। उधर नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों (नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, सिक्किम) में 19 जून तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
पढ़ें पूरी खबर…

2. अमित शाह की हाई लेवल मीटिंग आज; जम्मू-कश्मीर की आतंकी घटनाओं की समीक्षा करेंगे
गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में हाई लेवल मीटिंग करेंगे। मीटिंग में NSA अजीत डोभाल, LG मनोज सिन्हा, सेना और पुलिस समेत RAW के अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान गृह मंत्री जम्मू-कश्मीर में काउंटर टेरर ऑपरेशन्स को तेज करने के लिए दिशा-निर्देश दे सकते हैं। बैठक में 29 जून से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का रिव्यू भी किया जाएगा।
पढ़ें पूरी खबर…

3. डीपफेक रोकने के लिए डिजिटल इंडिया बिल लाएगी मोदी सरकार, AI के इस्तेमाल पर फोकस
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जनरेट किए गए फर्जी वीडियो और डीपफेक कंटेंट पर रोक की तैयारी है। केंद्र सरकार डिजिटल इंडिया बिल लाने वाली है।इस विधेयक में AI टेक्नोलॉजी के बेहतर उपयोग और तरीकों पर चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक, सरकार इसे पेश करने से पहले विपक्षी दलों का समर्थन पाने की भी कोशिश करेगी। 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 26 जून से शुरू होगा। इसी सत्र में सरकार पूर्ण बजट भी पेश करेगी। बजट के अलावा सत्र में डिजिटल इंडिया बिल पर भी लंबी बहस हो सकती है।
पढ़ें पूरी खबर…

4. ऑस्ट्रेलिया ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हराया; स्कॉटलैंड की हार से इंग्लैंड सुपर-8 में पहुंचा
ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 वर्ल्ड कप के 35वें मुकाबले में स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हरा दिया। पहले बैटिंग करते हुए स्कॉटलैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। स्कॉटलैंड की हार का फायदा इंग्लैंड को मिला। इंग्लैंड 5 पॉइंट्स के साथ सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर गया। उसका रनरेट स्कॉटलैंड से ज्यादा रहा। स्कॉटलैंड ग्रुप बी में तीसरे नंबर पर रहा।
पढ़ें पूरी खबर…

5. डिप्टी-स्पीकर पद नहीं मिला तो I.N.D.I.A स्पीकर का चुनाव लड़ेगा, 24 जून से संसद सत्र
18वीं लोकसभा का पहला सत्र अगले हफ्ते यानी 24 जून से शुरू होने वाला है। सत्र 9 दिन तक चलेगा। 26 जून से लोकसभा स्पीकर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। भाजपा ओम बिड़ला को दूसरी बार स्पीकर बना सकती है, वहीं चंद्रबाबू नायडू की TDP और नीतीश कुमार की JDU स्पीकर पद मांग रही हैं। उधर I.N.D.I.A गुट को उम्मीद है कि डिप्टी स्पीकर पद विपक्ष के किसी सांसद को मिलेगा। चर्चा है कि विपक्ष के सांसद को डिप्टी स्पीकर पद नहीं मिलता है तो विपक्षी खेमा स्पीकर पद के लिए अपना उम्मीदवार उतारेगा।
पढ़ें पूरी खबर…

6. गाजा में 8 इजराइली सैनिक मारे गए, बख्तरबंद टैंक में विस्फोट
दक्षिणी गाजा के राफा इलाके में शनिवार को हुए विस्फोट में 8 इजराइली सैनिक मारे गए। इजराइल डिफेंस फोर्स के मुताबिक, ये सभी सैनिक नेमर नाम के बख्तरबंद कॉम्बैट इंजीनियरिंग व्हीकल (CEV) के अंदर थे। जनवरी में गाजा में एक ब्लास्ट में 21 इजराइली सैनिक मारे गए थे, उसके बाद यह पहला ऐसा हादसा है जिसमें इतनी बड़ी संख्या में सैनिक मारे गए हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

7. मणिपुर में CM हाउस के पास वाले घर में आग, फायर ब्रिगेड ने 1 घंटे में बुझाई
मणिपुर के इम्फाल में मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के सरकारी आवास के करीब एक खाली मकान में शनिवार (15 जून) रात आग लग गई। यह मकान राज्य सचिवालय परिसर से लगा हुआ है। आग की घटना के बाद CM हाउस में सुरक्षा बढ़ा दी गई। यह इलाका जिरिबाम का है, जहां 5 दिन पहले उग्रवादियों ने CM के सुरक्षा काफिले पर हमला किया था। काफिले पर उग्रवादियों ने गोलीबारी की थी, जिसमें ड्राइवर समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे।
पढ़ें पूरी खबर…

8. पुणे पोर्श केस-जुवेनाइल बोर्ड मेंबर्स को राज्य सरकार का नोटिस, निबंध लिखने की सजा दी थी
महाराष्ट्र सरकार ने पुणे पोर्श एक्सीडेंट मामले में नाबालिग आरोपी को जमानत देने वाले जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के दो सदस्यों को शो-कॉज नोटिस भेजा है। आरोपी ने 18 मई की रात शराब के नशे में अपनी पोर्श कार से बाइक को टक्कर मारी थी। दो लोगों की मौत हो गई थी। आरोपी को हादसे के बाद हिरासत में लिया गया था, लेकिन जुवेनाइल बोर्ड ने उसे 15 घंटे बाद ही जमानत दे दी थी। जमानत की शर्तों के तहत उसे सड़क दुर्घटनाओं पर निबंध लिखने, ट्रैफिक पुलिस के साथ कुछ दिन काम करने और 7,500 रुपए के दो बेल बॉन्ड भरने को कहा गया था।
पढ़ें पूरी खबर…

9. बांग्लादेश से हर महीने 200 से ज्यादा रोहिंग्या घुस रहे, भारत के 14 राज्यों में बसाया जा रहा
बांग्लादेश से हर महीने 200 से ज्यादा रोहिंग्या भारत में घुस रहे हैं। इन्हें देश के 14 राज्यों में बसाया जा रहा है। ये काम एक अंतरर्राष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह द्वारा किया जा रहा है। रोहिंग्या घुसपैठियों को भारत में घुसपैठ कराने से पूर्व या बाद में उन्हें भारतीय एक्सेंट में हिंदी, असमी और अन्य भारतीय भाषाओं का ज्ञान और ट्रेनिंग भी दी जाती है। यूनाइटेड नेशंस हाई कमिश्नर फॉर रिफ्यूजीज यानी UNHRC के अनुसार, दिल्ली में 1000 रोहिंग्या शरणार्थी रजिस्टर्ड हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

10. गंगा दशहरा पर काशी में 2 लाख लोगों का स्नान, गंगा को चढ़ेगी 5000 मीटर लंबी साड़ी
आज गंगा दशहरा है। काशी और प्रयागराज में 2-2 लाख से ज्यादा श्रद्धालु आस्था की डुबकी लागाएंगे। सुबह से देर रात तक गंगा आरती और कल्चरल कार्यक्रम होंगे। वाराणसी में अस्सी से राजघाट के बीच 30 से ज्यादा घाटों पर गंगा का अभिषेक, कल्चरल और पूजा-अनुष्ठान के कार्यक्रम होंगे। अस्सी घाट पर सुबह 11 नावों से मां गंगा को 5000 मीटर लंबी चुनरी साड़ी चढ़ाकर 56 तरह के व्यंजनों का विशेष भोग लगाया जाएगा।
पढ़ें पूरी खबर…