नेपाल को हराकर भारत सुपर-4 में: चांद पर विक्रम की दोबारा लैंडिंग; राजनाथ बोले- राहुलयान न लॉन्च हो पाया, न लैंड

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Chandrayaan 3 Vikram Lander | Rajnath Singh Rahulyaan

33 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर चंद्रयान-3 मिशन की रही। इसरो ने चांद पर एक एक्सपेरिमेंट किया, जिसके बाद वहां मानव मिशन भेजे जाने की संभावना बढ़ गई है। एक खबर राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले हुई सियासी बयानबाजी की रही।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली में देशभर के 50 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक अवार्ड 2023 से सम्मानित करेंगी।
  2. विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के फ्लोर लीडर्स कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर मीटिंग करेंगे।
  3. सोनिया गांधी ने संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस की पार्लियामेंटरी स्ट्रैटजी ग्रुप की बैठक बुलाई है।
  4. 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा। इनमें केरल, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की एक-एक सीट और त्रिपुरा की दो सीट शामिल हैं।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. चंद्रयान ने चांद की सतह पर फिर लैंडिंग की, विक्रम लैंडर को स्लीप मोड में डाला गया

इसरो ने विक्रम लैंडर के चांद पर दोबारा लैंडिंग करने का यह वीडियो शेयर किया।

इसरो ने विक्रम लैंडर के चांद पर दोबारा लैंडिंग करने का यह वीडियो शेयर किया।

चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने चांद की सतह पर दोबारा लैंडिंग की। ISRO ने बताया कि लैंडर को 40 सेमी ऊपर उठाया गया और फिर 30 से 40 सेमी की दूरी पर उसे सुरक्षित लैंड करा दिया गया। इस प्रॉसेस को हॉप एक्सपेरिमेंट कहा जाता है। विक्रम लैंडर अब स्लीप मोड में चला गया।

ये खबर अहम क्यों है: उम्मीद है कि विक्रम 22 सितंबर को दोबारा अपना काम शुरू कर देगा। हॉप एक्सपेरिमेंट यानी कुछ ऊंचाई तक कूदकर दिखाना। इस एक्सपेरिमेंट के बाद भविष्य में चांद की मिट्टी का सैंपल लाने और वहां मानव मिशन भेजने में मदद मिलेगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. उदयनिधि के बयान से अयोध्या के संत नाराज, कहा- सिर कलम करने वाले को 10 करोड़ देंगे
तमिलनाडु के CM एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने 2 सितंबर को सनातन धर्म को खत्म करने की बात कही थी। इस बयान पर अयोध्या के संत परमहंस आचार्य ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि जो स्टालिन के बेटे का सिर कलम करके लाएगा, उसे 10 करोड़ रुपए का इनाम मिलेगा। परमहंस आचार्य ने उदयनिधि के पोस्टर पर तलवार भी चलाई।

ये खबर अहम क्यों है: तमाम विवादों के बावजूद उदयनिधि अपने बयान पर कायम हैं। उन्होंने चेन्नई में पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘लोगों ने इसे बेवजह नरसंहार से जोड़ा है। मैं फिर से कह रहा हूं कि मैंने केवल सनातन धर्म की आलोचना की है और सनातन धर्म को समाप्त कर दिया जाना चाहिए।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. राजनाथ बोले- राहुलयान की न लॉन्चिंग हो पाई, न लैंडिंग, गहलोत की गाड़ी कोई और चला रहा

​​​​​​राजस्थान में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के तीसरे दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी और CM अशोक गहलोत पर तंज कसा। उन्होंने कहा, ‘चंद्रयान की लॉन्चिंग और लैंडिंग तो सफलतापूर्वक हो गई, लेकिन राहुलयान की 20 साल से न तो लॉन्चिंग हो पाई है न ही लैंडिंग। गहलोत जिस गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठे हैं, उसका क्लच और एक्सेलरेटर कोई और दबा रहा है।’

ये खबर अहम क्यों है: राजनाथ सिंह ने जैसलमेर के रामदेवरा में भाजपा की तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाई। ये यात्रा जोधपुर संभाग में 20 दिन में 51 विधानसभाओं में जाएगी। राजस्थान में भाजपा चार परिवर्तन यात्राएं निकाल रही है। चारों दिशाओं से निकलने वाली ये यात्राएं प्रदेश की कुल 200 विधानसभा सीटों को कवर करेंगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. I.N.D.I.A. की चौथी बैठक भोपाल में हो सकती है, अक्टूबर की शुरुआत में जुटेगा विपक्ष
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की चौथी बैठक मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हो सकती है। इसके अक्टूबर की शुरुआत में होने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि अगली बैठक के विकल्प पर मुंबई में हुई तीसरी बैठक में चर्चा की गई थी। जिसमें भोपाल में बैठक करने पर सहमति थी, लेकिन कोई तारीख तय नहीं की गई।

ये खबर अहम क्यों है: मध्य प्रदेश में दो महीने बाद विधानसभा चुनाव है। इससे पहले जिन 3 राज्यों (बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र) में मीटिंग हुई, वहां इस साल चुनाव नहीं है। भोपाल में विपक्षी दलों के नेताओं की संयुक्त रैली की भी प्लानिंग भी चल रही है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. एशिया कप में नेपाल को हराकर भारत सुपर-4 में, रोहित-गिल ने 147 रन की पार्टनरशिप की

रोहित शर्मा ने 74 और शुभमन गिल ने 67 रन बनाए। दोनों ने 147 रन की पार्टनरशिप की। 6 अतिरिक्त रन 5 वाइड और एक लेग बाई से आए।

रोहित शर्मा ने 74 और शुभमन गिल ने 67 रन बनाए। दोनों ने 147 रन की पार्टनरशिप की। 6 अतिरिक्त रन 5 वाइड और एक लेग बाई से आए।

एशिया कप में भारत ने नेपाल को 10 विकेट से हरा दिया। नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 230 रन बनाए। लेकिन बारिश की वजह से टीम इंडिया को 23 ओवर में 145 रन का टारगेट मिला, जिसे भारत ने हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत टूर्नामेंट के सुपर-4 स्टेज में पहुंच चुका है।

ये खबर अहम क्यों है: इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में भारत के नाम 3 अंक हो गए हैं। पाकिस्तान टीम 3 पॉइंट्स के साथ पहले ही सुपर-4 के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। रोहित एशिया कप में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने वाले भारतीय बने। उन्होंने एशिया कप में 9वीं फिफ्टी लगाई।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. नेशनल पार्टियों की संपत्ति 1 साल में ₹1531 करोड़ बढ़ी, भाजपा की 21% और कांग्रेस की 16% अधिक हुई
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के मुताबिक, देश की 8 नेशनल पार्टियों की घोषित संपत्ति 1 साल में ₹1531 करोड़ रुपए बढ़ गई। 2020-21 में इन पार्टियों की संपत्ति ₹7,297.62 करोड़ थी। जो 2021-22 में बढ़कर ₹8,829.16 करोड़ हो गई। इस दौरान भाजपा की संपत्ति में 21% और कांग्रेस की संपत्ति में 16% इजाफा हुआ है।

ये खबर अहम क्यों है: जिन 8 पार्टियों की संपत्ति बढ़ी है। उनमें भाजपा, कांग्रेस, नेशनल कांग्रेस पार्टी (NCP), बहुजन समाज पार्टी (BSP), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया मार्कसिस्ट , CPI (M), तृणमूल कांग्रेस और नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) हैं। हालांकि अब देश में सिर्फ 6 नेशनल पार्टियां है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया और तृणमूल कांग्रेस का नेशनल पार्टी का दर्जा छीन चुका है। आम आदमी पार्टी (AAP) अब नेशनल पार्टी है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. जिनपिंग G20 समिट के लिए भारत नहीं आएंगे, बाइडेन बोले- निराशा हुई पर मैं उनसे मिलूंगा

तस्वीर 2022 में हुई बाली समिट की है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन की आखिरी बार तभी मुलाकात हुई थी ।

तस्वीर 2022 में हुई बाली समिट की है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन की आखिरी बार तभी मुलाकात हुई थी ।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 9 से 10 सितंबर को दिल्ली में होने वाली G20 समिट में नहीं आएंगे। उनकी जगह चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग आ रहे हैं। जिनपिंग के समिट में न आने पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने निराशा जताई है। बाइडेन ने कहा कि मुझे निराशा हुई पर मैं उनसे मिलूंगा।

ये खबर अहम क्यों है: जिनपिंग और बाइडेन आखिरी बार पिछले साल इंडोनेशिया में हुई G20 समिट में मिले थे। तब से जासूसी बैलून और ताइवान को लेकर दोनों देशों में तनातनी बढ़ चुकी है। अमेरिका ने आरोप लगाए थे कि चीन उसके बातचीत के प्रस्तावों को ठुकरा रहा है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. एक देश-एक चुनाव को लेकर समिति ने चर्चा शुरू की, केंद्र ने कहा- लोकसभा चुनाव समय से होगा
एक देश- एक चुनाव पर रामनाथ कोविंद कमेटी ने अधिसूचना जारी होने के अगले ही दिन इस पर काम शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय कानून मंत्रालय के टॉप ऑफिसर्स ने पूर्व राष्ट्रपति कोविंद से मिलकर उन्हें इस मसले पर ब्रीफिंग दी है। वहीं केंद्र का कहना है कि देश में लोकसभा चुनाव समय से पहले या बाद में करवाने का सरकार का कोई इरादा नहीं है।

ये खबर अहम क्यों है: कई विपक्षी दल देश एक देश- एक चुनाव का विरोध कर रहे हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि कमेटी सिर्फ भाजपा की बात मानेगी। उधर, 18 सितंबर से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र होगा। इसमें सरकार एक देश एक चुनाव पर बिल पेश कर सकती है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

9. PAK के केयरटेकर PM ने कहा- भारत महान लोकतंत्र बने, बोले- कश्मीर मुद्दे का हल निकाले बगैर उनसे व्यापार संभव नहीं

अनवार उल हक को नेशनल असेंबली भंग होने के बाद केयरटेकर PM चुना गया था। उन्होंने 14 अगस्त को केयरटेकर PM की शपथ ली थी। उन पर 90 दिनों तक सरकार चलाने की जिम्मेदारी है।

अनवार उल हक को नेशनल असेंबली भंग होने के बाद केयरटेकर PM चुना गया था। उन्होंने 14 अगस्त को केयरटेकर PM की शपथ ली थी। उन पर 90 दिनों तक सरकार चलाने की जिम्मेदारी है।

पाकिस्तान के केयरटेकर प्रधानमंत्री अनवार उल हक ने कहा कि भारत को सबसे बड़े लोकतंत्र से सबसे महान लोकतंत्र बनना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘भारत के साथ संबंधों को सुधारना चाहते हैं पर इसके लिए कश्मीर मुद्दे का शांति से समाधान जरूरी है । इसे हल किए बिना भारत के साथ व्यापार संभव नहीं है।’

ये खबर अहम क्यों है: 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापार बंद है। तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस पर रोक लगाते हुए कहा था कि जब तक कश्मीर में धारा 370 बहाल नहीं हो जाती, तब तक दोनों देशों के बीच व्यापार नहीं होगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By चंद्रशेखर हाड़ा…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. मणिपुर CM ने एडिटर्स गिल्ड के खिलाफ FIR कराई: राज्य में हिंसा और झगड़ा फैलाने का आरोप; FIR से पहले गिल्ड ने गलती मानी (पढ़ें पूरी खबर)
  2. 370 पर सुनवाई, केंद्र ने कहा- अकबर लोन माफी मांगें: SC का आदेश- हलफनामे में कहें कि मेरी भारतीय संविधान में निष्ठा है (पढ़ें पूरी खबर)
  3. महाराष्ट्र सरकार ने मराठा आंदोलनकारियों से माफी मांगी: फडणवीस बोले- जालना में जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण; 1 सितंबर को पुलिस ने लाठीचार्ज किया था (पढ़ें पूरी खबर)
  4. हंबनटोटा में हो सकते हैं एशिया कप मुकाबले: पहले कोलंबो में होने थे, लेकिन वहां बाढ़ जैसे हालात (पढ़ें पूरी खबर)
  5. चंद्रयान-3 के काउंटडाउन को आवाज देने वाली साइंटिस्ट का निधन: पहले रडार सैटेलाइट की प्रोजेक्ट डायरेक्टर रहीं, 39 साल से ISRO से जुड़ी थीं (पढ़ें पूरी खबर)
  6. पाक सेना ने ‎राष्ट्रपति आरिफ अल्वी को धमकाया: दफ्तर खाली कराकर चुनावी तारीखें घोषित करने‎ से रोका; सेना प्रमुख, ISI चीफ राष्ट्रपति भवन पहुंचे‎ (पढ़ें पूरी खबर)
  7. वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दावा- टूरिस्ट बनकर US में जासूसी करते हैं चीनी नागरिक, 100 से ज्यादा मामले सामने आए, FBI-डिफेंस मिनिस्ट्री अलर्ट पर (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

प्रधानमंत्री मोदी ने 9 साल से छुट्टी नहीं ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 9 साल से छुट्टी नहीं ली है। वे 2014 से बिना अवकाश के काम रहे हैं। मोदी ने 9 सालों में देश विदेश में 3000 से ज्यादा कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है। पुणे के एक RTI एक्टिविस्ट प्रफुल्ल सारदा ने प्रधानमंत्री की छुट्टी को लेकर जानकारी मांगी थी, जिसका प्रधानमंत्री कार्यालय ने जवाब दिया।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

  1. रनवे पर हमेशा तैयार मिलता है एयरफोर्स-1: बाइडेन को बाथरूम में भी अकेला नहीं छोड़ते; अमेरिकी राष्ट्रपति का पूरा सिक्योरिटी प्रोटोकॉल
  2. MP में जन आशीर्वाद यात्रा, पुराने फॉर्मूले पर नई रणनीति: भाजपा ने सत्ता के लिए ऐसे बैठाया धार्मिक, जातीय और क्षेत्रीय समीकरण
  3. G20 समिट में 60 वेन्यू, 175 मीटिंग: आर्किटेक्ट दिक्षु कुकरेजा बोले- तैयारी देख अगले होस्ट ब्राजील ने कहा, आपका मुकाबला कैसे करेंगे
  4. ‘एक देश-एक चुनाव’ के लिए कितने तैयार MP के विधायक?: कांग्रेस विधायक ने कहा- एक साथ चुनाव देश हित में, भाजपा विधायक की राय- जनता भ्रमित होगी
  5. बीकानेर संभाग की 24 विधानसभा सीटों का रिजल्ट: दैनिक भास्कर ऐप पर उम्मीदवारों का सर्वे…लोगों को 10 विधायक नापसंद, इनमें 1 मंत्री भी
  6. भोपाल-नर्मदापुरम के 8 जिलों की 36 विधानसभा सीटों का रिजल्ट: दैनिक भास्कर ऐप पर उम्मीदवारों का सर्वे; लोगों को 22 विधायक नापसंद, इनमें 15 भाजपा के
  7. काजी थे कॉमेडियन मुकरी, बच्चों को कुरान पढ़ाते थे: दिलीप कुमार के साथ स्कूल में पढ़े, 5 फीट की हाइट थी, 600 फिल्में कीं
  8. नींद में चलकर दूसरे शहर पहुंचा शख्स: क्या है ये खतरनाक बीमारी, 8 लक्षणों से पहचानें

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…