दिल्ली में BJP की बड़ी बैठक आज: बैठक में BJP की सदस्यता अभियान को लेकर भी चर्चा होगी; नए राष्ट्रीय अध्यक्ष पर भी चर्चा संभव

नई दिल्ली41 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
आज बैठक में BJP सदस्यता अभियान को लेकर भी चर्चा की जाएगी। - Dainik Bhaskar

आज बैठक में BJP सदस्यता अभियान को लेकर भी चर्चा की जाएगी।

BJP ने आज (17 अगस्त) को दिल्ली में बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन मंत्री भी शामिल होंगे। इस बैठक की अगुवाई बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे।

पार्टी अध्यक्ष के चुनाव से पहले सदस्यता अभियान पूरा करना लक्ष्य
बैठक में BJP सदस्यता अभियान को लेकर भी चर्चा की जाएगी। जानकारी के मुताबिक BJP का लक्ष्य नए पार्टी अध्यक्ष के चुनाव से पहले यह अभियान पूरा करना है। इस बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न राज्यों में पार्टी संगठन के प्रभारी महासचिव शामिल होंगे।

11 अगस्त को राजनाथ सिंह के घर भाजपा और RSS नेताओं की बैठक हुई
इससे पहले दिल्ली में 11 अगस्त की देर रात रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के घर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) नेताओं की बैठक हुई। 5 घंटे चली इस बैठक में भाजपा के नए अध्यक्ष पर मंथन चर्चा हुई।
बैठक में राजनाथ के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, RSS महासचिव दत्तात्रेय होसबाले और RSS के संयुक्त महासचिव अरुण कुमार मौजूद थे।

नड्‌डा के केंद्र में मंत्री बनने की वजह से बदला जाना है अध्यक्ष

जेपी नड्डा जून 2019 में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बने थे। इसके बाद 20 जनवरी 2020 को पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाए गए। इसी साल फरवरी में उनका कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ाया गया था।

लोकसभा चुनाव के बाद मोदी सरकार 3.0 में उन्हें स्वाथ्य मंत्री बनाया गया था। भाजपा में एक व्यक्ति एक पद का नियम है। इसलिए नड्‌डा को अध्यक्ष पद छोड़ना है।

भाजपा में अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया
भारतीय जनता पार्टी (BJP) में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पार्टी के संविधान में स्पष्ट निर्देश हैं। पार्टी के संविधान की धारा-19 के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की व्यवस्था की गई है। धारा-19 के मुताबिक, पार्टी के अध्यक्ष का चुनाव एक निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाएगा। इसमें राष्ट्रीय परिषद और प्रदेश परिषदों के सदस्य होंगे।

पार्टी के संविधान में कहा गया है कि यह चुनाव राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा निर्धारित नियमों के मुताबिक किया जाएगा। अध्यक्ष चुने जाने के लिए यह जरूरी है कि व्यक्ति कम से कम 15 साल तक पार्टी का प्राथमिक सदस्य रहा हो। धारा-19 के पेज में ही यह लिखा गया है कि निर्वाचक मंडल में से कुल 20 सदस्य राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की योग्यता रखने वाले व्यक्ति के नाम का प्रस्ताव रखेंगे।

यह संयुक्त प्रस्ताव कम से कम 5 ऐसे प्रदेशों से भी आना जरूरी है, जहां राष्ट्रीय परिषद के चुनाव संपन्न हो चुके हों। इसके अलावा इस तरह के चुनाव के लिए नामांकन पत्र पर उम्मीदवार की स्वीकृति भी जरूरी है।

भाजपा के संविधान के मुताबिक कम से कम 50% यानी आधे राज्यों में संगठन चुनाव के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जा सकता है। इस लिहाज से देश के 29 राज्यों में से 15 राज्यों में संगठन के चुनाव के बाद ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होता है।

क्या है राष्ट्रीय परिषद
इसमें पार्टी के संसद सदस्यों में से 10 प्रतिशत सदस्य चुने जाते हैं, जिनकी संख्या दस से कम न हो। यदि संसद सदस्यों की कुल संख्या दस से कम हो तो सभी चुने जाएंगे। परिषद में पार्टी के सभी भूतपूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेशों के अध्यक्ष, लोकसभा, राज्यसभा में पार्टी के नेता, सभी प्रदेशों की विधानसभाओं और विधान परिषदों में पार्टी नेता सदस्य होंगे।

इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से अधिक से अधिक 40 सदस्य नामांकित किए जा सकते हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्य भी इसमें शामिल होते हैं। विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और संयोजक भी सदस्य होते हैं। सभी को 100 रुपए का सदस्यता शुल्क देना पड़ता है।

कोई एक चेहरा कितने टर्म तक अध्यक्ष रह सकता है?
भाजपा की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, पार्टी के संविधान की धारा 21 के मुताबिक, कोई भी सदस्य 3-3 वर्ष के लगातार 2 कार्यकाल तक ही अध्यक्ष रह सकता है। प्रत्येक कार्यकारिणी, परिषद, समिति और उसके पदाधिकारियों और सदस्यों के लिए भी 3 साल की अवधि तय की गई है।

पार्टी के संविधान के मुताबिक, बीजेपी का सदस्य बनने के लिए मुख्य शर्त यह भी है कि व्‍यक्ति 18 साल या उससे अधिक उम्र का होना चाहिए। साथ ही उसका किसी अन्‍य दल से जुड़ाव नहीं हो।

यह खबर भी पढ़ें…
जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर से वोटिंग,हरियाणा में 1 अक्टूबर को:4 अक्टूबर को रिजल्ट; महाराष्ट्र में त्योहारों के बाद चुनाव, झारखंड का जिक्र नहीं

चुनाव आयोग ने शुक्रवार (16 अगस्त) को जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों पर 3 फेज में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। हरियाणा की सभी 90 सीटों पर सिंगल फेज में 1 अक्टूबर को वोटिंग होगी। दोनों राज्यों के नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे। जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव होंगे। अनुच्छेद 370 हटने के बाद ये पहला विधानसभा चुनाव होगा।

CEC राजीव कुमार बोले- महाराष्ट्र में त्योहार की वजह से चुनाव बाद में होंगे। उन्होंने झारखंड का जिक्र नहीं किया। हरियाणा सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर, महाराष्ट्र का 26 नवंबर और झारखंड का 5 जनवरी को खत्म हो रहा है।

भास्कर एक्सप्लेनर-जेपी नड्डा की जगह कौन संभालेगा BJP की कमान, सुनील बंसल, बीएल संतोष या तावड़े होंगे नए अध्यक्ष; कैसे होता है चुनाव

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अब मोदी कैबिनेट में स्वास्थ्य मंत्री हैं। बतौर अध्यक्ष उनका कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है। BJP ‘एक व्यक्ति एक पद’ को मानती है इसलिए चर्चा तेज हो गई है कि अब BJP का अगला अध्यक्ष कौन होगा? पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…