जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर बस का ब्रेक फेल, हादसा टला: सेना ने टायर के सामने पत्थर रखकर बस रोकी, अमरनाथ यात्रा से लौट रहे 10 श्रद्धालु घायल

श्रीनगर1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
ब्रेक फेल होने के कारण श्रद्धालु चलती बस से कूद गए। - Dainik Bhaskar

ब्रेक फेल होने के कारण श्रद्धालु चलती बस से कूद गए।

जम्मू-कश्मीर के बनिहाल के पास जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस का ब्रेक फेल हो गया। मंगलवार सुबह हुई इस घटना के कारण बस ड्राइवर ने बस से कंट्रोल खो दिया। बस में सवार 40 श्रद्धालुओं में कुछ लोग चलती बस से कूद गए।

बस को बेकाबू होता देख स्थानीय पुलिस और भारतीय सेना के जवानों ने चलती बस के टायर के सामने बड़े पत्थर रखे, जिससे बस रुक गई। पुलिस ने बताया कि श्रद्धालु दर्शन करके पंजाब के होशियारपुर जा रही थे। हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस ने बताया कि नेशनल हाईवे के पास नाला था। अगर जवान बस को समय पर रोकने में कामयाब नहीं होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घायलों में 6 पुरुष और 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। इनमें से कुछ को गंभीर चोटें भी आई थीं।

हाईवे के बगल में नाला था। ब्रेक फेल होने के कारण ड्राइवर को तेज गति में ही बस को मोड़ना पड़ा।

हाईवे के बगल में नाला था। ब्रेक फेल होने के कारण ड्राइवर को तेज गति में ही बस को मोड़ना पड़ा।

3 दिनों पहले ही श्रद्धालुओं से भरी वैन हादसे का शिकार हुई थी
अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की यह 3 दिनों में दूसरी घटना है। इससे पहले 30 जून को कश्मीर के पहलगाम के चंदनवारी इलाके में अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों की एक वैन सड़क हादसे का शिकार हुई थी।

इस हादसे में कई श्रद्धालु घायल हुए थे। 2 लोगों को गंभीर चोट आई थी। इस हादसे की सूचना मिलते ही। BSF की क्विक रिस्पॉंस टीम घायलों के इलाज के लिए पहुंची। इस हादसे के दौरान भी BSF जवानों की समय पर पहुंचने के कारण घायल हुए तीर्थयात्रियों की जान बच सकी।

जम्मू-कश्मीर में बस के खाई में गिरने की 3 घटनाएं…

9 जून 2024: आतंकी हमले के बाद श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरी, 9 की मौत, 41 घायल

जम्मू-कश्मीर के रियासी में आतंकियों ने 9 जून 2024 को श्रद्धालुओं को ले जा रही बस पर हमला किया। इसमें 9 लोगों मारे गए हैं, जबकि 41 लोग घायल हुए। आतंकियों ने शिव खोड़ी से कटरा जा रही बस पर ओपन फायर किया, जिसमें ड्राइवर घायल हुआ और उसका बस से कंट्रोल खो गया। इसके चलते बस खाई में गिर गई। पूरी खबर पढ़ें…

30 मई 2024: जम्मू में बस 150 फीट गहरी खाई में गिरी, 22 की मौत, 69 घायल

जम्मू के अखनूर में 30 मई को दोपहर में तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई। 69 लोग घायल हैं। मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। घायलों को जम्मू के अखनूर अस्पताल और सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी खबर पढ़ें…

15 नवंबर 2023: किश्तवाड़ से जम्मू जा रही बस खाई में गिरी, 38 की मौत, 18 घायल

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के अस्सार इलाके में 15 नवंबर 2023 को एक बस 300 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 9 महिलाओं समेत 38 लोगों की मौत हो गई। 18 लोग घायल हुए। इनमें छह की हालत गंभीर है। बस किश्तवाड़ से जम्मू जा रही थी। पुलिस और SDRF की टीमों के साथ स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव का काम किया। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…