चांद के साउथ पोल पर पहुंचकर भारत ने रचा इतिहास: चंद्रयान-3 ने तस्वीरें भेजीं; बोर्ड एग्जाम साल में दो बार होंगे

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Chandrayaan 3 Moon Landing Narendra Modi | IND VS IRE T20 Match

2 घंटे पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर भारत के तीसरे मून मिशन की रही। चंद्रयान-3 ने चांद की सतह पर लैंडिंग करते ही इतिहास रच दिया। भारत चांद के साउथ पोल पर स्पेसक्राफ्ट उतारने वाला पहला और चंद्रमा पर पहुंचने वाला चौथा देश बन गया। एक खबर 10वीं और 12वीं के स्टूडेंट्स से जुड़ी रही, जिन्हें साल में दो बार बोर्ड एग्जाम देना होगा।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. आर. प्रगनानंद और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन के बीच चेस वर्ल्ड कप का फाइनल खेला जाएगा।
  2. बिलकिस बानो गैंगरेप केस के दोषियों की रिहाई के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। राज्य सरकार रिहाई की वजह पर जवाब दाखिल करेगी।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. भारत चांद के साउथ पोल पर लैंडिंग करने वाला पहला देश, PM बोले- अब चंदा मामा दूर के नहीं

ये विक्रम लैंडर के चांद की सतह पर उतरने के बाद ली गई पहली तस्वीर है। लैंडर से ली गई इस फोटो में उसकी परछाई दिख रही है। इसके अलावा चांद की सतह की 4 और तस्वीरें ली गई हैं।

ये विक्रम लैंडर के चांद की सतह पर उतरने के बाद ली गई पहली तस्वीर है। लैंडर से ली गई इस फोटो में उसकी परछाई दिख रही है। इसके अलावा चांद की सतह की 4 और तस्वीरें ली गई हैं।

चंद्रयान-3 के लैंडर ने चांद के साउथ पोल पर शाम 6 बजकर 04 मिनट पर लैंडिंग की। जिसके बाद भारत ऐसा करने वाला दुनिया का पहला देश बना। चंद्रयान-3 के लैंडर ने मैसेज भेजा- मैं अपनी मंजिल पर पहुंच गया और भारत भी। ISRO के डायरेक्टर एस. सोमनाथ ने इस मिशन के लिए अगले 14 दिन अहम बताए हैं। वहीं PM मोदी ने साउथ अफ्रीका से देशवासियों को बधाई देते हुए कहा- अब चंदा मामा दूर के नहीं।

ये खबर अहम क्यों है: चंद्रमा के पोलर रीजन दूसरे रीजन्स से काफी अलग हैं। यहां कई इलाके ऐसे हैं, जहां सूरज की रोशनी नहीं पहुंचती और तापमान -200 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला जाता है। ऐसे में वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यहां बर्फ के फॉर्म में अभी भी पानी मौजूद हो सकता है। 2008 के चंद्रयान-1 मिशन ने चंद्रमा की सतह पर पानी की मौजूदगी का संकेत दिया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. 10वीं और 12वीं के बोर्ड एग्जाम साल में दो बार होंगे, केंद्र ने नोटिफिकेशन जारी किया
एकेडमिक सेशन 2024-25 से 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार होंगी। दोनों परीक्षा में जिसमें स्टूडेंट के ज्यादा मार्क होंगे, उसे गिना जाएगा। केंद्र सरकार ने नई शिक्षा नीति के तहत ये नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके अलावा 11वीं और 12वीं के स्टूडेंट्स को दो भाषाएं पढ़नी होंगी। इनमें से एक भाषा भारतीय होगी।

ये खबर अहम क्यों है: साल में दो बार बोर्ड परीक्षाएं होने से स्टूडेंट्स पर प्रेशर कम होगा और वे फ्री माइंडसेट के साथ एग्जाम दे सकेंगे। अपडेटेड करिकुलम के मुताबिक, स्टूडेंट्स को चुनी गई स्ट्रीम से इतर भी सब्जेक्ट चुनने की छूट होगी। नई शिक्षा नीति को 29 जुलाई 2020 को मंजूरी मिली थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. मिजोरम में अंडर कंस्ट्रक्शन रेलवे पुल गिरा, 17 मौतें; हादसे के वक्त 35 से 40 मजदूर मौजूद थे

मिजोरम में अंडर कंस्ट्रक्शन रेलवे पुल गिरने से 17 मजदूरों की मौत हो गई। ये हादसा राजधानी आइजॉल से 20 किलोमीटर दूर सायरांग में हुआ। इस दौरान 35 से 40 मजदूर पुल पर काम कर रहे थे। पुल के लिए चार पिलर खड़े किए गए हैं। तीसरे और चौथे पिलर के बीच का गर्डर टूटने से हादसा हुआ। सभी मजदूर इसी गर्डर पर काम कर रहे थे।

ये खबर अहम क्यों है: पुल की ऊंचाई 341 फीट है। ये दिल्ली की कुतुब मीनार (238 फीट) से ज्यादा है। हादसे में मारे गए अधिकतर मजदूर पश्चिम बंगाल के थे। जिस भैरवी-सायरांग रेलवे लाइन पर हादसा हुआ, वह नई रेलवे लाइन है। यहां 130 पुलों का कंस्ट्रक्शन किया जा रहा है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. MP में मंत्रिमंडल विस्तार एक-दो दिन में, राजेंद्र शुक्ला और गौरीशंकर बिसेन का नाम चर्चा में
मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार एक दो दिन में मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रही है। रीवा से विधायक राजेंद्र शुक्ला और बालाघाट के MLA गौरीशंकर बिसेन का नाम चर्चा में है। खाली पदों के हिसाब से चार मंत्री बनाए जाने हैं। प्रीतम लोधी, राहुल लोधी या जालम सिंह के नाम पर भी सहमति बन सकती है।

ये खबर अहम क्यों है: इस समय प्रदेश में CM समेत 30 मंत्री हैं, वहीं कुल मंत्री पद 35 हैं। हालांकि, नए मंत्रियों को कामकाज का सिर्फ डेढ़ महीने का ही वक्त मिलेगा। BJP इस विस्तार के जरिए विधानसभा चुनाव से पहले जातिगत समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश में है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. जोहान्सबर्ग में 15वीं ब्रिक्स समिट, मोदी को जमीन पर तिरंगा दिखा तो उठाकर जेब में रखा

जोहान्सबर्ग में ब्रिक्स समिट के ग्रुप फोटो से पहले तिरंगा उठाते मोदी।

जोहान्सबर्ग में ब्रिक्स समिट के ग्रुप फोटो से पहले तिरंगा उठाते मोदी।

साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में ब्रिक्स समिट के दौरान सभी नेता मंच पर फोटो सेशन के लिए पहुंचे। ग्रुप फोटो से पहले PM मोदी को जमीन पर तिरंगा दिखा। उन्होंने फौरन राष्ट्रीय ध्वज उठाया और सलीके से जैकेट की जेब में रख लिया। दूसरी तरफ, साउथ अफ्रीकी प्रेसिडेंट ने भी अपने देश का फ्लैग उठाया और इसे स्टाफ को सौंप दिया। मोदी ने समिट में अपनी स्पीच के दौरान ब्रिक्स के विस्तार का समर्थन किया।

ये खबर अहम क्यों है: राष्ट्रीय ध्वज को जानबूझकर जमीन या फर्श को छूने और पानी में डूबने नहीं दिया जाना चाहिए। फ्लैग कोड ऑफ इंडिया के मुताबिक, कोई व्यक्ति राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करते, कुचलते, फाड़ते या नियम के खिलाफ ध्वजारोहण करते पाया जाता है तो उसे 3 साल की जेल, जुर्माना या दोनों हो सकता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. हिमाचल में 2 जगह बादल फटे, एक की मौत; चंडीगढ़-शिमला फोरलेन समेत 700 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में दो जगहों पर बादल फटने की घटनाएं हुईं। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि स्कूल की एक बिल्डिंग नाले में बह गई। भारी बारिश की वजह से चंडीगढ़-शिमला और चंडीगढ़-मनाली हाईवे सहित 700 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में SDRF ने 60 लोगों का रेस्क्यू किया।

ये खबर अहम क्यों है: 23 अगस्त तक देश में 597 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 643 मिमी हुई है। ये सामान्य से 7% ज्यादा है। उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से 8% अधिक बारिश हुई है। दक्षिण भारत, मध्य भारत और पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में सामान्य से कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आज हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. पुतिन से बगावत करने वाले वैगनर चीफ की मौत, प्लेन क्रैश में प्रिगोजिन समेत 11 लोग मारे गए

येवगेनी प्रिगोजिन ने जून में प्रेसिडेंट पुतिन के खिलाफ विद्रोह किया था। बाद में वो कथित तौर पर बेलारूस चले गए थे

येवगेनी प्रिगोजिन ने जून में प्रेसिडेंट पुतिन के खिलाफ विद्रोह किया था। बाद में वो कथित तौर पर बेलारूस चले गए थे

इस साल जून में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के खिलाफ बगावत करने वाले येवगेनी प्रिगोजिन की एक प्लेन क्रैश में मौत हो गई। वो प्राईवेट आर्मी वैगनर ग्रुप के चीफ थे। क्रैश में 10 और लोगों के मारे जाने की खबर है। प्लेन मॉस्को से सेंट पीटर्सबर्ग जा रहा था।

ये खबर अहम क्यों है: प्रिजोजिन ने पुतिन के खिलाफ बगावत की थी और इसके बाद वो कथित तौर पर बेलारूस चले गए थे। यहां से वे रूस कब और कैसे पहुंचे, यह साफ नहीं हो पाया है। प्रिगोजिन ने यूक्रेन की सीमा से लगे रूसी इलाके बेलगोरोड और कुर्स्क में रूसी सेना के बराबर का मिलिट्री स्ट्रक्चर खड़ा करना चाहा था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. केंद्र ने कहा- नॉर्थ-ईस्ट से नहीं छीनेंगे स्पेशल स्टेटस: याचिकाकर्ता ने जताई थी आशंका, CJI बोले – जब केंद्र गारंटी दे रहा, तो हमें संदेह कैसा (पढ़ें पूरी खबर)
  2. IND-IRE तीसरा टी-20 बारिश के कारण रद्द:भारत ने सीरीज 2-0 से जीती; कप्तान जसप्रीत बुमराह प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे (पढ़ें पूरी खबर)
  3. TMC सांसद अभिषेक बनर्जी की कंपनी पर ED की रेड: करोड़ों रुपए के संदिग्ध लेन-देन के डॉक्यूमेंट जब्त; शिक्षक भर्ती घोटाला केस में तलाशी ली गई (पढ़ें पूरी खबर)
  4. दिल्ली एयरपोर्ट पर टेकऑफ-लैडिंग के दौरान चूक: रनवे पर एक समय में विस्तारा एयरलाइंस की दो फ्लाइट पहुंचीं; बड़ा हादसा टला (पढ़ें पूरी खबर)
  5. जो बाइडेन 7 सितंबर से भारत दौरे पर: G-20 समिट से 2 दिन पहले आएंगे, 4 दिन रहेंगे; दिल्ली के स्कूलों में 3 दिन छुट्टी, बाजार बंद रहेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  6. चंद्रयान- 3 की कामयाबी पर वर्ल्ड मीडिया रिएक्शन:NYT ने लिखा- भारत ने इतिहास रचा, PAK अखबारों में अहमियत; चीनी मीडिया खामोश (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर की मौत की झूठी खबर वायरल

ऑलराउंडर स्ट्रीक का इंटरनेशनल करियर 12 (1993-2005) साल का है। वे साल 2000 से 2004 के बीच जिम्बाब्वे के कप्तान रहे।

ऑलराउंडर स्ट्रीक का इंटरनेशनल करियर 12 (1993-2005) साल का है। वे साल 2000 से 2004 के बीच जिम्बाब्वे के कप्तान रहे।

जिम्बाब्वे के दिग्गज क्रिकेटर हीथ स्ट्रीक के निधन की खबर वायरल हुई। निधन की जानकारी उनके पूर्व साथी खिलाड़ी हेनरी ओलंगा ने सोशल मीडिया पर दी थी। हालांकि बाद में उन्होंने पोस्ट को हटा दिया और कहा कि वे जिंदा है। मिड डे अखबार से बातचीत में स्ट्रीक ने कहा, ‘मैं ये जानकर बहुत परेशान हूं कि सोशल मीडिया के दौर में किसी के निधन की खबर बिना पुष्टि के कैसे फैलाई जा सकती है।’ पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

  1. चांद पर पहुंचा भारत: धरती गोल है कहने पर जिंदा जलाया, वैज्ञानिकों को जेल भेजा; अंतरिक्ष की खोज से जुड़ी 4 दर्दनाक कहानियां
  2. नूंह दंगों के आरोपियों का एनकाउंटर सवालों में: पुलिस ने कहा- घंटे भर फायरिंग हुई, गांववाले बोले- गोलियों की आवाज नहीं सुनी
  3. MP में जहां सबसे कम अंतर से हारी BJP, वहीं फंसा पेंच: व्यावहारिक फॉर्मूले पर दूसरी लिस्ट में घोषित हो सकते हैं 60 से ज्यादा प्रत्याशी
  4. राजस्थान में बच्चे की बलि? शव के पास कलश, मिठाई और सिक्का: 50 मीटर दूर श्मशान, चार दिन बाद भी पुलिस नहीं सुलझा पाई मर्डर मिस्ट्री
  5. चांद में ऐसा क्या खजाना छुपा है: भारत, रूस, अमेरिका, चीन जिसे खोज रहे; जानिए चांद पर होड़ की असली वजह
  6. चांद पर पहुंचे, अब सूरज की बारी: 20 दिन तक स्पेस में रह सकेंगे अंतरिक्ष यात्री; जानिए ISRO के आगे का प्लान
  7. 335 करोड़ के मालिक हैं धर्मेंद्र: 100 एकड़ में फार्महाउस, 12 एकड़ में रिसॉर्ट और दर्जनों लग्जरी कारें

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…