गिरिडीह जा रही सम्राट बस बराकर नदी में डूबी: संतुलन बिगड़ने से नदी में जा गिरी बस, 23 लोग हुए घायल तीन की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

रांची3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
गिरिडीह जा रही सम्राट बस बराकर नदी में डूबी - Dainik Bhaskar

गिरिडीह जा रही सम्राट बस बराकर नदी में डूबी

झारखंड के रांची से गिरिडीह जा रही सम्राट बस का गिरिडीह जिले में एक्सीडेंट हो गया है। एक्सीडेंट के बाद बस पीरटांड थाना क्षेत्र के बराकर पुल बस बराकर नदी में गिर गई। हादसे में तीन लोगों के मारे जाने की, जबकि 23 लोगों के घायल होने की खबर है।

मौके पर स्थानीय लोगों के साथ प्रशासन भी मुस्तैद है। राहत और बचाव कार्य जारी है। इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने शोक जताया है। मौके पर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी दीपक शर्मा, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी और विधायक सुदिव्य सोनू हाल जानने पहुंचे थे।

सम्राट बस के बराकर नदी में गिरने के बाद मदद करते लोग

सम्राट बस के बराकर नदी में गिरने के बाद मदद करते लोग

कैसे घटी घटना
अब तक आ रही जानकारी के अनुसार बस रांची से गिरिडीह के लिए निकली थी। इस बस में तकरीबन 30 से अधिक लोग सवार थे। बस जैसे ही पीरटांड थाना पार कर बराकर नदी के पास पहुंची। ड्राइवर ने अपना संतुलन खो दिया।

संतुलन खोने की वजह से बस सीधा पुल से नीचे नदी में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग राहत बचाव कार्य के लिए दौड़ पड़े। खबर लिखे जाने तक राहत बचाव कार्य जारी है। घायलों को निकाल कर स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का ट्वीट

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का ट्वीट

सीएम ने जताया शोक
घटना को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के गिरिडीह में रांची से गिरिडीह आ रही बस की बराकर नदी में दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार मिला है। जिला प्रशासन और झामुमो नेता और कार्यकर्ता बचाव कार्य कर रहे हैं।

घटनास्थल पर जुटे लोग

घटनास्थल पर जुटे लोग

मंत्री-विधायक भी पहुंचे घटनास्थल
घटना की सूचना पर स्थानीय विधायक सुदिव्य कुमार भी मौके पर पहुंचे हैं। बचाव कार्य में जुटे ग्रामीणों के साथ विधायक खुद भी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। दूसरी तरफ सूचना मिलते ही केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी पहुंची हैं। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया।

घटना के बाद जहां स्थानीय लोग बचाव में जुटे वहीं डीसी-एसपी के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी बचाव में जुट गए। इधर, बताया जाता है कि घटना के बाद राह से गुजर रहे कांवरियों ने भी अपने वाहन से उतर कर बचाव में जुट गए।

23 घायल, तीन ही हुई मौत
स्थानीय विधायक सुदिव्य सोनू से दैनिक भास्कर की बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि वे अस्पताल जा रहे हैं। वहीं सूचना के अनुसार 23 लोग इस घटना में घायल हुए हैं। तीन लोगों की मौत हो गयी है। घटना के बाद स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने ट्वीट कर कहा है कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कोताही न हो। आ रही जानकारी के अनुसार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी गिरिडीह घटना स्थल पर मौजूद हैं।

खबरें और भी हैं…