खड़गे बोले- मोदी भगवान के जैसे दर्शन देते हैं: वे मणिपुर नहीं गए, लेकिन राम मंदिर और बीच पर जाकर फोटो सेशन कराते हैं

  • Hindi News
  • National
  • Kharge Vs Modi | Mallikarjun Kharge Press Conference Update; Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyaya Yatra

नई दिल्ली7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी की लक्षद्वीप यात्रा को लेकर सवाल उठाए हैं। - Dainik Bhaskar

कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी की लक्षद्वीप यात्रा को लेकर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 6 जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्षद्वीप दौरे और राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बारे में बात की। खड़गे ने कहा कि मणिपुर में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, लेकिन मोदी वहां नहीं गए। वे राम मंदिर साइट या बीच पर जाते हैं और फोटो सेशन कराते हैं। वे मुंबई या केरल जाते हैं, हर जगह जाते हैं, आप उनकी फोटो हर जगह देख सकते हैं…वे इस तरह फोटो खिंचवाते हैं, जैसे भगवान दर्शन दे रहे हों। लेकिन ये महान शख्स मणिपुर क्यों नहीं जाता?

खड़गे ने राहुल गांधी की भारत न्याय जोड़ो यात्रा के बारे में चर्चा करते हुए कहा- देश के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और बुनियादी मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है। हमें सभी के समर्थन की जरूरत है। यह यात्रा जन जागृति के लिए। इस यात्रा के माध्यम से हम गरीबों और समाज के विभिन्न लोगों से जुड़ने का प्रयास करेंगे। कांग्रेस के सभी नेता इसे सफल बनाने के लिए पूरा जोर लगाएगा। मैं चाहूंगा कि INDIA के नेता भी इस यात्रा से जुड़े और इसे सफल बनाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 जनवरी को लक्षद्वीप का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कई एक्टिविटीज में भाग लिया। पीएम समुद्र किनारे घूमते नजर आए। प्रोफेशनल डाइवर्स के साथ स्नोर्कलिंग की और समुद्र के अंदर की दुनिया देखी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 जनवरी को लक्षद्वीप का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कई एक्टिविटीज में भाग लिया। पीएम समुद्र किनारे घूमते नजर आए। प्रोफेशनल डाइवर्स के साथ स्नोर्कलिंग की और समुद्र के अंदर की दुनिया देखी।

खड़गे ने बीते दिनों संसद में हुई कार्यवाही को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा- जब हमने संसद में देश से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिश की तो सरकार ने हमें बोलने नहीं दिया। देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब 146 सांसदों को निलंबित कर दिया गया। इसलिए हम देश के मुद्दों को उठाने के लिए यह यात्रा निकाल रहे हैं।

14 जनवरी से शुरू होगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 10 दिन बाद (14 जनवरी से) भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। लोकसभा चुनाव से करीब 4 महीने पहले होने वाली यह यात्रा 14 राज्य और 85 जिलों को कवर करेगी। इस दौरान राहुल पैदल और बस से 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेंगे।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने 27 दिसंबर को पार्टी हेडक्वार्टर में मीडिया को भारत न्याय यात्रा की जानकारी दी थी। पार्टी नेताओं ने बताया कि कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा के बाद भारत न्याय यात्रा करेगी।

यह मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में समाप्त होगी।

मल्लिकार्जुन खड़गे यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे
वेणुगोपाल ने कहा था कि पार्टी अध्यक्ष खड़गे इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। भारत न्याय यात्रा का मकसद आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय है।

इस यात्रा में राहुल युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर पड़े लोगों से मुलाकात करेंगे। बस यात्रा से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जाएगा। यात्रा में कुछ छोटे हिस्से को रुक-रुक कर पैदल भी कवर किया जाएगा।

खबरें और भी हैं…