क्या डोडा आतंकी हमले में शामिल थे DSP शेख आदिल: दावा- गद्दार पुलिस अधिकारी के कारण हमारे सेना के अधिकारी और जवान मारे गए; जानिए सच्चाई

4 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

16 जुलाई, 2024 को डोडा में हुए आतंकी हमले में एक पुलिसकर्मी और सेना के कैप्टन सहित 4 जवान शहीद हो गए थे। इससे पहले 8 जुलाई को कठुआ में भी आतंकी हमले में 5 जवान शहीद और 5 घायल हुए थे। घाटी में बढ़ती इन आतंकी वारदातों के बीच भारतीय सुरक्षाबलों ने जम्मू क्षेत्र में व्यापक सैन्य अभियान छेड़ दिया है।

  • रक्षा सूत्रों के मुताबिक, जम्मू में घुसपैठ कर रहे आतंकी हाई लेवल ट्रेनिंग लेकर आए हैं। आतंकियों से मुकाबला करने के लिए सेना 3500 से 4000 सैनिकों को उतार चुकी है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला दावा किया जा रहा है।
  • दावा है कि एक पुलिस अधिकारी DSP शेख आदिल मुस्ताक के कारण सेना के अधिकारी और जवान मारे गए हैं। एक्स पर कई वेरिफाइड और नॉन वेरिफाइड यूजर्स इस दावे से जुड़े ट्वीट्स कर रहे हैं।

वेरिफाइड एक्स यूजर उत्तम मिश्रा ने अपने ट्वीट मे लिखा- गद्दार पुलिस अधिकारी DSP शेख आदिल मुस्ताक के कारण हमारे सेना के अधिकारी और जवान मारे गए। कॉल रिकार्डिंग से हुआ है खुलासा..!! (अर्काइव ट्वीट)

देखें ट्वीट:

ट्विटर बायो के अनुसार उत्तम भाजपा से जुड़े हैं और एक्स पर उन्हें 39 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। खबर लिखे जाने तक उत्तम मिश्रा के ट्वीट को 3300 लोग लाइक कर चुके थे। वहीं, 1400 लोग इसे रीपोस्ट कर चुके थे।

वायरल दावे से जुड़ा दूसरा ट्वीट ‘सनातनी हिंदू राकेश’ नाम के एक्स अकाउंट से किया गया था। इस ट्वीट में लिखा था- गद्दार पुलिस अधिकारी DSP शेख आदिल मुस्ताक के कारण हमारे सेना के अधिकारी और जवान मारे गए। कितने घर उजाड़ दिए इन गद्दारों ने? ऐसे बहुत गद्दार हमारे सिस्टम में घुस चुके हैं, हमें घेर रहे हैं। (अर्काइव ट्वीट)

देखें ट्वीट:

ठीक ऐसे ही ट्वीट कुछ अन्य वेरिफाइड अकाउंट द्वारा भी शेयर किए गए हैं जिसे आप यहां देख सकते हैं।

क्या है वायरल दावे की सच्चाई ?

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने डीएसपी शेख आदिल मुस्ताक की फोटो को गूगल इमेज पर रिवर्स सर्च किया। साथ ही इस पूरे घटनाक्रम को गूगल पर ओपन सर्च किया। पड़ताल में सामने आया कि डीएसपी शेख आदिल से जुड़ा मामला वर्तमान का नहीं बल्कि साल 2023 का है।

जांच के दौरान हमें लाइव हिंदुस्तान का 22 सितंबर 2023 का एक आर्टिकल मिला। इस आर्टिकल की हेडलाइन थी- ‘आतंकवादी की मदद कर रहा था DSP और अफसर को फंसाया; खुलासे से कश्मीर में मचा हड़कंप’ (आर्टिकल का लिंक)

देखें स्क्रीनशॉट:

आर्टिकल में बताया गया था- अनंतनाग में एक सप्ताह तक चली मुठभेड़ मे कई जाबांज अफसर शहीद हो गए थे। इस बीच एक खुलासे से जम्मू-कश्मीर प्रशासन में हड़कंप मच गया। दरअसल, जम्मू-कश्मीर पुलिस में डीएसपी शेख आदिल मुश्ताक पर आतंकवाद के एक आरोपी से रिश्तों का आरोप लगा है। आरोप है कि शेख आदिल मुश्ताक ने आतंकवाद के आरोपी की गिरफ्तारी से बचने में मदद की थी। यही नहीं इस मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी को ही फंसाने की कोशिश की थी। शेख आदिल के घर जब पुलिस पहुंची तो वह कूदकर भागने लगे, लेकिन दबोच लिया गया।

पड़ताल के दौरान हमें अमर उजाला का भी एक आर्टिकल मिला। 22 सितंबर 2023 के इस आर्टिकल की हेडलाइन थी- ‘श्रीनगर: डीएसपी शेख आदिल मुश्ताक गिरफ्तार, भ्रष्टाचार और टेरर फंडिंग मामले में एक को बचाने का आरोप’ (आर्टिकल का लिंक)

देखें स्क्रीनशॉट :

आर्टिकल में बताया गया था- टेरर फंडिंग मामले में डीएसपी पर एक आरोपी को बचाने का आरोप था।

स्पष्ट है कि डीएसपी शेख आदिल मुश्ताक को पिछले साल 2023 में गिरफ्तार किया गया था। डीएसपी पर आतंकी की मदद करने का आरोप था। फेक न्यूज के खिलाफ हमारे साथ जुड़ें। कोई भी ऐसी सूचना जिस पर आपको संदेह हो तो हमें ईमेल करें @fakenewsexpose@dbcorp.in और वॉट्सऐप करें- 9201776050

खबरें और भी हैं…