केजरीवाल बोले, एक दिन के लिए CBI दे दो: भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाली BJP के आधे नेता सलाखों में होंगे

कुछ ही क्षण पहले

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि अगर ED-CBI जैसी केंद्रीय एजेंसियां एक दिन के लिए उनके हवाले कर दी जाएं तो BJP के आधे नेता जेल में होंगे। NDTV के एक इवेंट में उन्होंने BJP पर आरोप लगाते हुए कहा- दिल्ली सरकार ने पिछले 5 साल में MCD को एक लाख करोड़ रुपए दिए हैं। सब कहां गया। चला गया, क्योंकि ये बहुत लालची हैं।

इस इवेंट में CM केजरीवाल ने गुजरात-MCD चुनाव और बीजेपी के भ्रष्टाचार जैसे कई मुद्दों पर भी बात की।

800 अधिकारी केवल AAP का भ्रष्टाचार खोजने में लगे
बीजेपी हम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाती रहती है। मनीष सिसोदिया के घर रेड की। तकिए और गद्दे फाड़ दिए, लेकिन उन्हें एक पैसा नहीं मिला। पिछले 7 साल में AAP के नेताओं के खिलाफ 167 मामले दर्ज हुए, कोर्ट में एक भी साबित नहीं हुआ है। जांच एजेंसी के 800 अधिकारी केवल AAP के एक पैसे के गलत काम को खोजने में लगे हुए हैं।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ये बातें भी कहीं

  • गुजरात में सुधार चाहते हैं, तो AAP को वोट दें। अगर BJP को वोट देते हैं तो वे मुझसे लड़कर 5 साल बर्बाद कर देंगे।
  • डबल इंजन वाली सरकार को भूल जाइए- बाजार में नया इंजन आ गया है। नए इंजन के लिए वोट करें – यह बेहतर काम करता है।
  • MCD के कर्मचारियों को 6 महीने से सैलरी नहीं मिली। उन्हें हर महीने पहली तारीख को सैलरी मिलेगी, ये मेरी गारंटी है।
  • 2020 से यमुना की सफाई के लिए 5 साल का समय मांगा है। अगर मैं ऐसा नहीं कर सका, तो मुझे बाहर कर देना।
  • केंद्र सरकार प्रदूषण पर केवल राजनीति करती है। जब हम उनके पास जाते हैं, तो वे हमारे लिए दरवाजे बंद कर देते हैं।

स्कूल-अस्पताल उपलब्ध कराना हिंदू धर्म में पुण्य है- केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा- मोदी जी भी फ्री की रेवड़ी देते हैं, मैं भी देता हूं। लेकिन वे अमीरों को देते हैं और मैं जनता को देता हूं। वे बंद दरवाजों के पीछे कर्ज माफ कर रहे हैं, क्या ये फ्री की रेवड़ी नहीं है। मैं यही काम खुलेआम जनता की भलाई के लिए करता हूं। अच्छे स्कूल और अस्पताल जनता को देना मुफ्त की रेवड़ी नहीं है। इस तरह के काम हिंदू धर्म में पुण्य माने जाते हैं।
दिल्ली में फ्री योगा क्लासेस को बिना कारण उन्हें रोक दिया गया। कौन ऐसा करता है। योग कक्षाओं को बंद करना हिंदू धर्म में पाप है। औरंगजेब जैसे इन आदेशों में मैं क्या करूं?

जेल के VVIP कल्चर के बारे में कोर्ट तय करेगा, BJP नहीं
सत्येंद्र जैन जेल वीडियो लीक पर केजरीवाल ने कहा- उनके लिए जेल में कोई VVIP सुविधाएं नहीं थीं। उन्हें जो कुछ मिला वह जेल मैनुअल के मुताबिक था। आदमी रोटी खा रहा है, तुम पूछते हो रोटी क्यों खा रहा है। ये कैसी राजनीति है? जेलों में VVIP कल्चर देखना है तो जब अमित शाह जेल में थे तब की CBI की चार्जशीट क्या कहती है। उनके लिए एक डीलक्स जेल बनाई थी।
सत्येंद्र जैन के मामले में कोर्ट ने VVIP कल्चर पर कुछ नहीं कहा। VVIP कल्चर क्या है, ये कोर्ट तय करेगा या बीजेपी तय करेगी।

खबरें और भी हैं…