एक दिन में गोएयर की दो फ्लाइट डाइवर्ट: मुंबई से लेह जा रही जा रहे प्लेन को दिल्ली में उतारा, दूसरा बीच रास्ते से श्रीनगर लौटा

नई दिल्ली6 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

गोएयर की दो फ्लाइट में मंगलवार को खराबी के मामले सामने आए हैं। इनमें से एक A320 फ्लाइट मुंबई से लेह जा रही थी। इसके इंजन में खराबी बताई गई है। दूसरी फ्लाइट VT-WG G8-6202 ने श्रीनगर से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। इन दोनों फ्लाइट्स को श्रीनगर और दिल्ली लौटाया गया है। डॉयरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन ( DGCA)ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं। इससे पहले 5 जुलाई को दिल्ली से पटना जा रही गोएयर की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के कारण दिल्ली लौटाया गया था।

2 दिन पहले भी 2 फ्लाइटों को किया गया था डायवर्ट
रविवार को एक के बाद एक दो भारतीय एयरलाइन कंपनियों की इंटरनेशनल फ्लाइट्स को तकनीकी गड़बड़ी के चलते डायवर्ट किया गया था। कालिकट से दुबई जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान को मस्कट में लैंड कराया गया था। इससे कुछ घंटे पहले शारजाह से हैदराबाद आ रहे इंडिगो के प्लेन की पाकिस्तान के कराची में लैंडिंग कराई गई थी।

DGCA के मुताबिक,​​​​​​ एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान की फॉरवर्ड गैलरी में एक वेंट से जलने की गंध आई, जिसके बाद प्लेन को मस्कट डाइवर्ट कर दिया गया। वहीं, इंडिगो के प्लेन में क्रू ने तकनीकी खराबी नोट की और प्लेन को कराची ले जाया गया।

​​14 जुलाई को इंडिगो की दो इमरजेंसी लैंडिंग
14 जुलाई को दिल्ली से वडोदरा जा रहे एक इंडिगो की फ्लाइट 6E-859 की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। बताया गया था कि विमान में कुछ तकनीकी खराबी आई थी, जिसके बाद एहतियात के तौर पर इसकी आपात लैंडिंग कराई गई थी। 14 जुलाई को ही दिल्ली से मणिपुर की राजधानी इंफाल जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-2615 को खराब मौसम के चलते कोलकाता एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा था। इस विमान में 141 यात्री सवार थे।

5 जुलाई को एक दिन में स्पाइसजेट के दो हादसे टले
5 जुलाई को स्पाइसजेट विमान के एक के बाद एक दो हादसे होते-होते रह गए थे। पहला मामला सुबह का था, जब दिल्ली से दुबई जा रही विमान में तकनीकी खराबी की वजह से पाकिस्तान के कराची में लैंडिंग करानी पड़ी थी। बताया जा रहा था कि फ्यूल लीक की वजह से फ्लाइट की कराची में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।

दूसरा मामला कांडला से मुंबई जा रहे विमान का था, जब हवा में करीब 23 हजार फीट की ऊंचाई पर स्पाइसजेट के विमान के विंडशील्ड आउटर पेन में दरार आ गई। जिसके बाद विमान को मुंबई में सुरक्षित उतारा गया।

एयरलाइंस कंपनियों पर DGCA सख्त
कुछ दिनों से यात्री विमानों में तकनीकी खराबी से आपात लैंडिंग के मामलों तेज बढ़ोतरी देखी जा रही है। अब इसे लेकर डीजीसीए ने सख्ती दिखाई है। किसी भी एयरलाइंस के विमान को बेस या एयरपोर्ट से तभी उड़ान भरने की इजाजत दी जाएगी, जब लाइसेंस प्राप्त स्टाफ ने उसकी सुरक्षा को लेकर मंजूरी दे दी हो।

दरअसल, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अफसरों ने हाल ही में कई फ्लाइट्स में स्पॉट चैकिंग की थी। इसकी रिपोर्ट के बाद नए निर्देश जारी किए गए हैं। अफसरों ने कहा है कि उसके आदेश का पालन 28 जुलाई तक शुरू कर दिया जाना चाहिए। इस आदेश की जरूरत इसलिए पड़ी कि पिछले एक महीने में ही स्पाइसजेट और इंडिगो जैसी एयरलाइंस के विमानों की तकनीकी खराबी के चलते आपात लैंडिंग कराई गई है।

खबरें और भी हैं…